Indian Bowlers with Five-Wicket Hauls at Lord’s in Test Matches: क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में किसी भी गेंदबाज का एक पारी में पांच विकेट लेना सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि एक गौरव की बात होती है। खासकर जब बात भारतीय गेंदबाज़ों की हो, तो लॉर्ड्स मैदान पर पांच विकेट हॉल लेना किसी सपने के पूरे होने जैसा होता है।
लॉर्ड्स स्टेडियम में टेस्ट मैच के दौरान पांच विकेट लेने वाले गेंदबाज़ों का नाम ऑनर्स बोर्ड पर लिखा जाता है। भारतीय क्रिकेट इतिहास में कुछ खास नाम ऐसे हैं, जिन्होंने वहां यह उपलब्धि हासिल की है। हाल ही में इस सूची में जसप्रीत बुमराह का भी नाम जुड़ गया है, जिन्होंने 2025 के इंग्लैंड दौरे पर यहाँ खेले गए तीसरे टेस्ट में यह कारनामा किया है।
यहाँ हम आपको उन सभी भारतीय गेंदबाजों की सूची बताने जा रहे हैं, जिन्होंने लॉर्ड्स के मैदान पर पांच विकेट हॉल लेने का कारनामा किया है।
ये है लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में पांच विकेट हॉल लेने वाले भारतीय गेंदबाजों की सूची
8. जसप्रीत बुमराह – 5/74 बनाम इंग्लैंड, 2025*
भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने 2025 के इंग्लैंड दौरे पर लॉर्ड्स में खेले जा रहे तीसरे मुकाबले में 74 रन खर्च करते हुए 5 विकेट हासिल किया। उन्होंने अपने इस घातक स्पेल में चार बल्लेबाजों (जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स और जोफ्रा आर्चर) को बोल्ड मारा और क्रिस वोक्स को विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों कैच आउट कराया।
7. इशांत शर्मा – 7/74 बनाम इंग्लैंड, 2014
इशांत शर्मा की ये पारी आज भी भारत के सबसे यादगार बॉलिंग स्पेल्स में मानी जाती है। उन्होंने 7 विकेट की इस पारी में खासकर शॉर्ट बॉल का जबरदस्त इस्तेमाल किया था और भारत को लॉर्ड्स में 95 रनों से ऐतिहासिक जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। इस मुकाबले में इंग्लैंड की टीम अंतिम पारी में 319 रनों का टारगेट चेज कर रही थी और 223 रनों पर ऑलआउट हो गई थी।
6. भुवनेश्वर कुमार – 6/82 बनाम इंग्लैंड, 2014
इशांत ने जिस मैच में सात विकेट लिए थे उसी मैच की पहली पारी में भुवनेश्वर कुमार ने भी 6 विकेट लिए थे। इस मुकाबले में भारत ने अपनी पहली पारी में 295 रन बनाए थे। इसके बाद भुवनेश्वर कुमार ने 6/82 का प्रदर्शन करके मेजबान टीम को 319 रनों पर ऑलआउट करने में अहम भूमिका निभाई थी।
5. आरपी सिंह – 5/59 बनाम इंग्लैंड, 2007
2007 में भारत के इंग्लैंड दौरे पर खेले गए पहले टेस्ट में आरपी सिंह ने दूसरी पारी में 59 रन खर्च करते हुए 5 विकेट लेकर भारत को मज़बूत स्थिति में पहुंचाया था। उस मैच में इंग्लैंड ने पहली पारी में 298 और दूसरी पारी में 282 रन बनाए थे। इसके अलावा, भारत ने पहली पारी में 201 और दूसरी पारी में 282/9 बनाकर मैच ड्रॉ कराया था।
4. कपिल देव – 5/125 बनाम इंग्लैंड, 1982
भारत के पूर्व महान ऑलराउंडर कपिल देव ने 1982 में लॉर्ड्स के मैदान पर 5 विकेट लेकर साबित किया कि भारत के पास भी विश्वस्तरीय तेज गेंदबाज हैं। हालाँकि, इस मैच में भारत को 7 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी, लेकिन कपिल को 5/125, 41, 89 & 3/43 के प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।
3. लाला अमरनाथ – 5/118 बनाम इंग्लैंड, 1946
स्वतंत्रता से ठीक पहले खेले गए इस मैच में लाला अमरनाथ ने अपनी क्लास दिखाते हुए 5 विकेट लिए। उनका प्रदर्शन भारत की वापसी के प्रतीक के तौर पर देखा गया।
2. अमर सिंह – 6/35 बनाम इंग्लैंड, 1936
1936 के दौरे में अमर सिंह ने अपनी स्विंग और गति से इंग्लिश बल्लेबाज़ों को खूब परेशान किया। उनकी 6 विकेट की यह पारी लॉर्ड्स की पिच पर आज भी भारतीय गेंदबाज़ी के बेहतरीन स्पेल्स में गिनी जाती है।
1. मोहम्मद निज़ाम – 5/93 बनाम इंग्लैंड, 1932
क्रिकेट इतिहास में भारत के पहले टेस्ट मैच में ही मोहम्मद निज़ाम ने लॉर्ड्स में 5 विकेट लेकर इतिहास रच दिया था। उनका यह प्रदर्शन न सिर्फ भारत के लिए, बल्कि क्रिकेट इतिहास के लिए भी यादगार रहा।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

