पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच कल रात को हुए ट्राई सीरीज के फाइनल मैच में पाकिस्तानी टीम ने अफगान को धूल चटाकर खिताब अपने नाम कर लिया।
इस जीत का पूरा श्रेय मोहम्मद नवाज को जाता है, जिन्होंने पहले टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया और उसके बाद अपनी गेंदबाजी से अफगानिस्तान की कमर तोड़कर रख दी। उन्होंने इस मैच में धारदार गेंदबाजी करते हुए हैट्रिक भी ली।
पाकिस्तान ने खड़ा किया सम्मानजनक स्कोर

पाकिस्तान ने फाइनल मुकाबले में धीमी पिच को देखते हुए टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था। उनकी शुरुआत काफी खराब हुई और बल्लेबाज़ लगातार शॉट्स को टाइम करने में सफल नहीं हो रहे थे।
फखर ज़मान और कप्तान सलमान अली आगा कुछ देर क्रीज़ पर टिके और स्कोरबोर्ड को बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन बड़े शॉट्स लगाने के चक्कर में आउट हो जा रहे थे। अफगानी स्पिनर्स पिच का भरपूर फायदा उठा रहे थे। हालांकि अंत में नवाज ने कुछ बड़े हिट्स लगाकर टीम को फाइटिंग टोटल तक पहुंचा दिया।
बल्लेबाज़ी और गेंदबाज़ी से दिखाया नवाज ने जलवा
अफगानिस्तान की भी मुश्किल पिच पर शुरुआत खराब रही। ओपनर रहमानुल्लाह गुरबाज़ और सेदिकुल्लाह अटल जल्द आउट हो गए। लेकिन बल्लेबाज़ी के बाद अब नवाज की बारी गेंदबाज़ी में जलवा दिखाने की थी। उन्होंने पावरप्ले के अंतिम ओवर में दो विकेट लेकर अफगान टीम की कमर तोड़ दी और फिर अगले ओवर में हैट्रिक पूरी करते हुए उनको मैच से बाहर कर दिया।
बाकी गेंदबाजों ने बखूबी साथ निभाया और टीम को एकतरफा मैच जिताने में अहम भूमिका निभाई। पाकिस्तान ने यह मैच 75 रनों से अपने नाम कर लिया था। तो चलिए जानते हैं कि स्पिन ऑलराउंडर से पहले और किन खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के लिए हैट्रिक लेने का कारनामा किया है।
इन खिलाड़ियों ने ली हैं पाकिस्तान के लिए टी20 क्रिकेट में हैट्रिक
1. फहीम अशरफ (Faheem Asraf)

पाकिस्तान के तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर फहीम अशरफ ने पाकिस्तान के लिए सबसे पहले टी20 क्रिकेट में हैट्रिक लेने का कारनामा किया था। उन्होंने 2017/18 में श्रीलंका के खिलाफ अबू धाबी में हुए मैच में यह खास उपलब्धि हासिल की थी। उस मुकाबले में ऑलराउंडर ने पहले दासुन शनाका, फिर इसुरु उदाना और अंत में महेला उदावत्ते का विकेट लेते हुए अपना नाम इतिहास के पन्नों में लिखवाया था।
2. मोहम्मद हसनैन (Mohammad Hasnain)

पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद हसनैन ने भी अगले साल अपने घर में खेली गई सीरीज में यह कारनामा किया था। उन्होंने 2019/20 में पाकिस्तान में खेली गई सीरीज के पहले मैच में यह कीर्तिमान अपने नाम किया था।
पाकिस्तानी तेज गेंदबाज ने पहले भानुका राजपक्षे को एलबीडब्ल्यू किया और उसके बाद अगले ओवर की पहली गेंद पर कप्तान दासुन शनाका को बाउंड्री पर कैच आउट कराया और फिर अंत में शेहान जयसूर्या को भी पगबाधा करते हुए हैट्रिक अपने नाम की। हालांकि इस मैच में पाकिस्तानी टीम को हार का सामना करना पड़ा था।
3. मोहम्मद नवाज (Mohammad Nawaz)

पाकिस्तान के स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर ने हैट्रिक लेकर अपना नाम भी खास फेहरिस्त में शामिल कर लिया है। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ ट्राई सीरीज के फाइनल में यह खास उपलब्धि हासिल की थी।
नवाज ने पावरप्ले के आखिरी ओवर में दरवेश रसूली को एलबीडब्ल्यू किया और उसके बाद अगली ही गेंद पर अजमतुल्लाह ओमरजई को विकेटकीपर के हाथों कैच आउट करा दिया और अगले ओवर की पहली गेंद पर इब्राहिम जादरान को स्टंप आउट कराकर हैट्रिक ले ली और ऐसा करने वाले तीसरे पाकिस्तानी खिलाड़ी बन गए।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

