टीम इंडिया के पूर्व कोच और कप्तान और ‘द वॉल’ के नाम से प्रसिद्ध राहुल द्रविड़ ने अपने करियर में बहुत से अनगिनत रिकॉर्ड बनाए, जिसको तोड़ना बहुत मुश्किल है। अब उनके बेटे भी उन्हीं के नक्शे कदम पर चलकर अपनी पहचान बना रहे हैं। वह लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसके चलते उन्हें सम्मानित किया जा रहा है।
अन्वय को केएससीए ने किया सम्मानित

अन्वय को 2025 में कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) के वार्षिक पुरस्कार समारोह में एक बार फिर सम्मानित किया गया। यह लगातार दूसरा साल है जब उन्हें धमाकेदार प्रदर्शन के लिए केएससीए से पुरस्कार मिला है।
अन्वय द्रविड़ ने अंडर-16 विजय मर्चेंट ट्रॉफी में शानदार बल्लेबाज़ी के लिए यह पुरस्कार जीता। उन्होंने इस टूर्नामेंट में छह मैचों की आठ पारियों में 459 रन बनाए। आपको बता दें कि उन्होंने इस दौरान 91.80 की औसत से दो शतक बनाए। इस दमदार प्रदर्शन में 46 चौके और दो छक्के भी शामिल थे।
अन्वय के अलावा मयंक और स्मरण को भी मिला अवॉर्ड
अन्वय के प्रदर्शन के दम पर न सिर्फ टीम को मजबूती मिल रही है बल्कि वह खुद सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं। इसके अलावा, टूर्नामेंट में सभी बल्लेबाज़ों में उनका औसत भी सबसे अच्छा रहा।
अन्वय के अलावा केएससीए अवॉर्ड्स नाइट में कई अन्य खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया, जिसमें मयंक अग्रवाल भी शामिल थे। मयंक को विजय हजारे ट्रॉफी में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें कर्नाटक के लिए सर्वाधिक रन बनाने का पुरस्कार मिला। इस बल्लेबाज़ ने टूर्नामेंट में 93 की औसत से 651 रन बनाए थे।
इस बीच, युवा बल्लेबाज़ आर. स्मरण को रणजी ट्रॉफी में 64.50 की औसत से 516 रन बनाने के लिए सम्मानित किया गया। विकेटकीपर-बल्लेबाज़ के. एल. श्रीजीत को भी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 213 रन बनाने के लिए सम्मानित किया गया।
एज ग्रुप क्रिकेट में अन्वय मचा रहे हैं धमाल
राहुल द्रविड़ हमेशा से अपनी शालीनता और तकनीक के लिए जाने जाते रहे हैं। उनके बेटे अन्वय भी वैसी ही परिपक्वता और संयम दिखाते हैं। उनमें अपने पिता की झलक भी देखने को मिलती है। वह तकनीकी रूप से काफी सक्षम हैं और उसका ही फायदा उन्हें देखने को मिल रहा है कि वह लगातार रन बना रहे हैं।

