टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत अब से बस कुछ दिनों के बाद होनी है। यह टूर्नामेंट 7 फरवरी से शुरू होने वाला है, लेकिन अभी तक यह तय नहीं हो पाया है कि बांग्लादेश की टीम अपने मैच भारत में खेलेगी या नहीं। दरअसल, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में खेलने को लेकर आपत्ति जताई थी।
इसी को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने आईसीसी को पत्र लिखा था कि उनके मुकाबले भारत की बजाय श्रीलंका में कराए जाएं। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस मांग के मानने की संभावना काफी कम है।
तमिलनाडु में खेले जा सकते हैं बांग्लादेश के मैच

खबरों की मानें तो आईसीसी और बीसीसीआई मिलकर भारत में ही दूसरे सुरक्षित वेन्यू तलाश रहे हैं। मीडिया ख़बरों के मुताबिक, इस सिलसिले में तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन (TNCA) और केरल क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) से बातचीत की गई है।
बांग्लादेश के मैचों को चेन्नई और तिरुवनंतपुरम में कराने का विकल्प सामने आया है। ऐसे में अब यही माना जा रहा है कि बांग्लादेश के मुकाबले इन दोनों शहरों में खेले जा सकते हैं।
बांग्लादेश के मैचों की मेजबानी के लिए तैयार हैं तमिलनाडु बोर्ड
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि आईसीसी अधिकारियों ने TNCA और KCA के प्रतिनिधियों से इस मुद्दे पर चर्चा की है और दोनों घरेलू बोर्ड ने मैचों की मेजबानी के लिए सहमति जताई है।
चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में पहले से ही कई मुकाबले तय हैं। यहां कुल 7 मैच खेले जाने हैं, जिसमें भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच संभावित सुपर-8 मैच भी शामिल है। TNCA के अधिकारियों का कहना है कि उनके पास पर्याप्त पिचें हैं, इसलिए उन्हें अतिरिक्त मैचों की मेजबानी में कोई परेशानी नहीं होगी।
7 फरवरी को करनी हैं बांग्लादेश को अभियान की शुरुआत
बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप C में रखा गया है। तय कार्यक्रम के अनुसार, बांग्लादेश का पहला मुकाबला 7 फरवरी को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ होना है।
इसके बाद 9 और 14 फरवरी को इसी मैदान पर इटली और इंग्लैंड के खिलाफ मैच खेले जाने हैं। वहीं 17 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में नेपाल के खिलाफ बांग्लादेश अपना आखिरी ग्रुप मुकाबला खेलेगा। हालाँकि अभी उनके वेन्यू को लेकर कोई ऑफिसियल कन्फर्मेशन नहीं आई हैं।







