Major Records Broken in ENG vs SA Manchester T20I: मैनचेस्टर के एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरा T20I पूरी तरह से ऐतिहासिक साबित हुआ। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 304/2 का विशाल स्कोर खड़ा किया और रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। यह पहली बार था जब किसी फुल मेम्बर टीम ने T20I में 300 का आंकड़ा पार किया।
फिल सॉल्ट और जोस बटलर की आतिशी पारियों ने साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। बल्लेबाजी के बाद इंग्लैंड के गेंदबाजों ने भी कमाल किया और मेहमान टीम को महज 158 रनों पर ढेर कर 146 रनों से जीत दर्ज की। यह जीत इंग्लैंड की T20I इतिहास की सबसे बड़ी जीत रही।
इस मैच में फिल साल्ट ने 141* रनों की पारी खेलकर ढेर सारे रिकॉर्ड्स अपने नाम किए। साथ ही, जॉस बटलर, हैरी ब्रूक और जैकब बेथल ने भी तेजतर्रार पारियाँ खेलकर टीम का स्कोर 300 से पार पहुंचाने में मदद की, जिसके चलते टीम की ओर से भी कई रिकॉर्ड बने। आइए नज़र डालते हैं इस मैच में बने प्रमुख रिकॉर्ड्स पर।
ENG vs SA मैनचेस्टर T20I में बने ये बड़े रिकॉर्ड्स
1. किसी फुल मेम्बर टीम के खिलाफ पहला 300+ स्कोर
इंग्लैंड ने इस मुकाबले में 20 ओवरों में 304 रन बनाकर इतिहास रच दिया। यह पहली बार है जब किसी फुल मेम्बर टीम के खिलाफ 300+ रनों का स्कोर बना। इससे पहले किसी फुल मेम्बर टीम के खिलाफ सबसे बड़ा टोटल भारत (297/6 बनाम बांग्लादेश, हैदराबाद 2024) ने बनाया था।
2. T20I इतिहास में तीसरी बार 300+टोटल
यह T20I इतिहास में तीसरी बार है, जब किसी टीम ने 300+ का टोटल बनाया। इससे पहले जिम्बाब्वे (344/4 बनाम गाम्बिया, 2024) और नेपाल (314/3 बनाम मंगोलिया, 2023) ने 300+ बनाए थे, लेकिन ये मुकाबले एसोसिएट टीमों के खिलाफ थे।
3. इंग्लैंड के लिए सबसे बड़ा टीम स्कोर
304/2 इंग्लैंड का अब तक का सबसे बड़ा T20I स्कोर है। इससे पहले उनका बेस्ट स्कोर 267/3 (वेस्टइंडीज, 2023, टरौबा) रहा था।
3. किसी फुल मेम्बर टीम द्वारा दूसरी बार 300+ स्कोर
T20I इतिहास में यह दूसरा मौका था, जब किसी फुल मेम्बर टीम ने 300+ रन बनाए। इससे पहले जिम्बाब्वे (344/4 बनाम गाम्बिया, 2024) ने यह कारनामा किया था।
4. पॉवरप्ले में चौथी बार किसी टीम द्वारा 100+ रन
इंग्लैंड ने इस मैच में पहले 6 ओवर में बिना विकेट खोए 100 रन बना डाले। यह चौथा मौका था जब किसी फुल मेम्बर टीम ने पावरप्ले में 100+ रन जोड़े। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया (113/1 बनाम स्कॉटलैंड, 2024), साउथ अफ्रीका (102/0 बनाम वेस्टइंडीज, 2023) और भारत (102/0 बनाम इंग्लैंड, 2018) यह कारनामा कर चुकी हैं।
5. 10 ओवरों में सबसे बड़ा स्कोर – 166/1
इंग्लैंड ने 10 ओवर में 166 रन बना डाले, जो T20I क्रिकेट में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने स्कॉटलैंड के खिलाफ 156/3 (2024) बनाए थे।
6. टीम का सबसे तेज 200 रन – 12.1 ओवरों में
इंग्लैंड ने केवल 12.1 ओवरों में 200 रन पूरे कर दिए। यह किसी भी T20 मैच में किसी टीम द्वारा सबसे तेज 200 रन बनाने का रिकॉर्ड है। इससे पहले जिम्बाब्वे ने गाम्बिया के खिलाफ 12.5 ओवर में 200 रन बनाए थे।
7. एक पारी में दूसरी सबसे ज्यादा बाउंड्री
इंग्लैंड ने अपनी पारी में 48 बाउंड्री लगाईं, जिसमें 30 चौके, 18 छक्के शामिल रहे। वह एक टी20 इंटरनेशनल पारी में सबसे ज्यादा बाउंड्री लगाने में दूसरे स्थान पर रहे। इस मामले में पहले स्थान पर जिम्बाब्वे का नाम आता है, जिसने 2024 में गाम्बिया के खिलाफ 57 बाउंड्री लगाई थीं।
8. इंग्लैंड के लिए किसी बल्लेबाज का सबसे बड़ा निजी स्कोर
फिल सॉल्ट ने 141* रन बनाकर इंग्लैंड के लिए नया रिकॉर्ड बनाया। यह उनका और इंग्लैंड का सबसे बड़ा निजी T20I स्कोर है। इससे पहले भी यह रिकॉर्ड उनके ही नाम था, जब उन्होंने 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 119 रन बनाकर एलेक्स हेल्स के 116 रनों का रिकॉर्ड तोड़ा था।
9. इंग्लैंड के लिए सबसे तेज शतक – 39 गेंदों में
फिल सॉल्ट ने महज 39 गेंदों में शतक पूरा किया। यह इंग्लैंड के लिए T20I इतिहास का सबसे तेज शतक है। इससे पहले इंग्लैंड के लिए सबसे तेज शतक लियाम लिविंगस्टोन ने 2021 में पाकिस्तान के खिलाफ नॉटिंघम में 42 गेंदों में लगाया था।
10. किसी बल्लेबाज द्वारा T20I क्रिकेट में सबसे तेज चार शतक
फिल सॉल्ट ने अपने T20I करियर का चौथा शतक लगाया। उन्होंने सिर्फ 42 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की। इसी के साथ उन्होंने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज चार शतक लगाने के मामले में सूर्यकुमार यादव (57 पारियां) को पीछे छोड़ दिया।
11. इंग्लैंड के लिए सबसे तेज 100+ साझेदारी
जोस बटलर और फिल सॉल्ट ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 47 गेंदों में 126 रन जोड़े। यह इंग्लैंड के लिए इस फॉर्मेट में सबसे तेज 100+ रनों की साझेदारी है, जो कि 16.06 के रन रेट से आए।
12. T20I इतिहास में पहली बार तीन गेंदबाजों ने लुटाए 60+ रन
इस मुकाबले में साउथ अफ्रिका के तीन गेंदबाजों ने एक ही पारी में 60+ रन लुटाए, जो इस फॉर्मेट में पहली बार हुआ। कगिसो रबाडा ने 4 ओवरों में 70 रन, लिज़ाड विलियम्स ने 3 ओवरों में 62 रन और मार्को यांसिन ने 4 ओवरों में 60 रन खर्च किए।
13. इंग्लैंड की T20I इतिहास की सबसे बड़ी जीत
इंग्लैंड ने यह मुकाबला 146 रनों से जीता। यह T20I इतिहास में उनकी सबसे बड़ी जीत रही। इससे पहले उनकी सबसे बड़ी जीत 137 रनों से वेस्टइंडीज के खिलाफ 2019 में आई थी।
14. साउथ अफ्रीका की T20I इतिहास में सबसे बड़ी हार
साउथ अफ्रीका इस मुकाबले में 158 रनों पर ही ऑलआउट हो गई और उन्हें 146 रनों से हार झेलनी पड़ी। यह साउथ अफ्रीका की T20I क्रिकेट में सबसे बड़ी हार रही।
मैच का संक्षिप्त स्कोरकार्ड:
इंग्लैंड – 304/2 (20 ओवर)
फिल सॉल्ट – 141* (60 गेंद, 15 चौके, 8 छक्के)
जोस बटलर – 83 (30 गेंद, 8 चौके, 7 छक्के)
साउथ अफ्रीका – 158/10 (16.1 ओवर)
एडेन मार्कराम – 41 (20 गेंद)
जोफ्रा आर्चर – 3/25 (3 ओवर)
नतीजा: इंग्लैंड ने 146 रनों से जीत दर्ज की।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)
1. इंग्लैंड का अब तक का सबसे बड़ा T20I स्कोर क्या है?
इंग्लैंड ने मैनचेस्टर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 304/2 रन बनाए। यह उनका अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है और T20I इतिहास का तीसरा 300+ स्कोर है।
2. फिल सॉल्ट ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैनचेस्टर T20I में कितने रन बनाए और कौन-कौन से रिकॉर्ड तोड़े?
फिल सॉल्ट ने 141* रन बनाए और T20I क्रिकेट में अपना चौथा शतक लगाया। उन्होंने 42 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की। यह इंग्लैंड का सबसे बड़ा निजी स्कोर है। साथ ही उन्होंने 39 गेंदों में शतक लगाया, जो इंग्लैंड का सबसे तेज़ T20I शतक है।
3. इंग्लैंड ने पॉवरप्ले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ कितने रन बनाए?
इंग्लैंड ने पावरप्ले (6 ओवर) में 100 रन बिना विकेट खोए बनाए। यह चौथा मौका था जब किसी फुल मेम्बर टीम ने T20I में 100+ पावरप्ले स्कोर बनाया।
4. साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों ने कौन से अनचाहे रिकॉर्ड बनाए?
कगिसो रबाडा (70 रन), लिज़ाड विलियम्स (62 रन) और मार्को यानसन (60 रन) ने एक ही मैच में 60+ रन दिए। यह पहली बार हुआ, जब तीन गेंदबाजों ने एक पारी में 60 से ज्यादा रन लुटाए हों।
5. इंग्लैंड की सबसे बड़ी जीत और साउथ अफ्रीका की सबसे बड़ी हार कितने रनों से है?
इंग्लैंड बनाम साउथ अफ्रीका मुकाबले में हैरी ब्रूक की कप्तानी वाली मेजबान टीम को 146 रनों से जीत मिली। यह उनकी T20I इतिहास की सबसे बड़ी जीत रही, जबकि साउथ अफ्रीका की T20I इतिहास की सबसे बड़ी हार रही।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

