Fastest 9000 ODI Runs: वनडे क्रिकेट में 9,000 रन का आंकड़ा हासिल करना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं होता। यह उपलब्धि सिर्फ लंबे करियर का नतीजा नहीं बल्कि निरंतरता, फिटनेस और कठिन परिस्थितियों में लगातार रन बनाने की क्षमता का सबूत होती है। अब तक सिर्फ 20 बल्लेबाज इस मुकाम तक पहुंचे हैं और इस लिस्ट में जगह बनाने वाले खिलाड़ी क्रिकेट इतिहास के सबसे बेहतरीन बल्लेबाज़ों में गिने जाते हैं।
आइए जानते हैं उन पाँच दिग्गज खिलाड़ियों के बारे में जिन्होंने सबसे तेजी से 9,000 रन पूरे किए और अपने खेल से वनडे क्रिकेट को नई दिशा दी।
ये हैं वनडे क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 9,000 रन पूरे करने वाले 5 दिग्गज बल्लेबाज
5. सचिन तेंदुलकर – 235 पारियां
भारतीय क्रिकेट टीम के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने दिसंबर 1989 में वनडे डेब्यू किया था और मार्च 2000 तक 235 पारियों में 9,000 रन पूरे किए थे। वह यह मुकाम हासिल करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज थे और उस समय वनडे क्रिकेट में उनके दबदबे किसी और से तुलना करने लायक नहीं था।
सचिन ने लगभग दो दशक तक भारतीय क्रिकेट को अपने कंधों पर संभाला। तेज गेंदबाज़ों के खिलाफ उनका आत्मविश्वास और स्पिनरों के खिलाफ उनकी निपुणता उन्हें खास बनाती थी। वह न सिर्फ भारत बल्कि पूरी दुनिया के लिए क्रिकेट के सबसे बड़े सितारे बने। उनके नाम आज भी वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा 18,426 रन दर्ज हैं।
4. सौरव गांगुली – 228 पारियां
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और प्रिंस ऑफ कोलकाता कहे जाने वाले सौरव गांगुली ने जनवरी 1992 में अपना वनडे करियर शुरू किया था और जनवरी 2004 तक 228 पारियों में 9,000 रन पूरे किए थे। उन्होंने उस दौर में यह उपलब्धि हासिल की, जब रन बनाने की गति आज की तरह तेज नहीं हुआ करती थी।
गांगुली अपनी ऑफसाइड बल्लेबाजी और शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाज़ों पर दबाव बनाने की क्षमता के लिए मशहूर थे। उन्होंने सिर्फ बल्लेबाज के तौर पर नहीं, बल्कि कप्तान के रूप में भी भारतीय टीम को जीत का जज़्बा दिया।
3. रोहित शर्मा – 217 पारियां
भारतीय क्रिकेट टीम के मौजूदा कप्तान रोहित शर्मा ने जून 2007 में वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया और जनवरी 2020 तक 217 पारियों में 9,000 रन पूरे कर लिए। उनके करियर की शुरुआत उतनी सफल नहीं रही, लेकिन 2013 में ओपनिंग बल्लेबाज की भूमिका मिलने के बाद उन्होंने खुद को दुनिया के सबसे बड़े वनडे खिलाड़ियों में शामिल कर लिया।
रोहित बड़ी पारियों के लिए पहचाने जाते हैं। वह दुनिया के एकमात्र बल्लेबाज हैं जिन्होंने वनडे में तीन दोहरे शतक लगाए, जिसमें 264 रन का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी शामिल है। उनकी सहज बल्लेबाजी , शानदार टाइमिंग और लंबे समय तक टिककर खेलने की क्षमता ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया।
2. एबी डी विलियर्स – 205 पारियां
दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के एबी डी विलियर्स ने फरवरी 2005 में अपना वनडे करियर शुरू किया और फरवरी 2017 तक 205 पारियों में 9,000 रन पूरे कर लिए। डी विलियर्स को मिस्टर 360 के नाम से भी जाना जाता है, क्योंकि वह मैदान के चारों ओर कहीं भी शॉट खेलने में सक्षम थे।
डी विलियर्स ने अपने करियर के दौरान अपने अनोखे शॉट्स और आक्रामक बल्लेबाजी से खेल का रूप बदल दिया। अक्सर उनके स्कूप और रिवर्स शॉट्स सुर्खियों में रहते थे, लेकिन उनकी मज़बूत तकनीक और परिस्थिति के अनुसार खेल बदलने की क्षमता भी गज़ब की थी। उनका वनडे करियर स्ट्राइक रेट भी 100 से ऊपर रहा, जो उनकी आधुनिक वनडे बल्लेबाजी का प्रतीक है।
1. विराट कोहली – 194 पारियां
वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 9000 रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम दर्ज है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान ने अगस्त 2008 में वनडे करियर की शुरुआत की और अक्टूबर 2017 तक सिर्फ 194 पारियों में 9,000 रन पूरे कर लिए थे। वनडे क्रिकेट में उनकी पहचान चेज़ मास्टर के रूप में हुई. क्योंकि लक्ष्य का पीछा करते समय वह लगभग अजेय साबित होते थे।
कोहली की बल्लेबाजी तकनीक और आक्रामकता का मिश्रण रही। वह हर परिस्थिति और हर विपक्षी के खिलाफ लगातार रन बनाने में सफल रहे। उनकी फिटनेस और अनुशासन ने उन्हें लंबे समय तक सबसे ऊपर पर बनाए रखा और सबसे तेज 9000 रन पूरे करने की उपलब्धि उनके करियर की महानता को साबित करती है।

