ESPNcricinfo की रिपोर्ट के अनुसार, पांच क्रिकेटरों को नागरिकता देकर UAE ने अपने क्रिकेट सिस्टम में बड़ा बदलाव किया है। अब ये खिलाड़ी आसानी से नेशनल टीम के लिए खेल सकते हैं। पहले टीम में शामिल होने के लिए लंबे समय तक वहां रहना जरूरी होता था, लेकिन अब यह नियम बदल रहा है साथ ही टीम बनाने का तरीका भी नया हो रहा है।
UAE क्रिकेट में पहली बार नेचुरलाइज़ेशन की शुरुआत
खुज़ैमा तनवीर, अजय कुमार, अक्षदीप नाथ, हरप्रीत सिंह भाटिया और अदीब उस्मानी ऐसे पहले क्रिकेटर बन गए हैं जिन्हें इस तरीके से UAE की नागरिकता मिली है। ये पांचों खिलाड़ी उस 17 सदस्यीय टीम में शामिल हैं जो अभी नेपाल में दो T20 इंटरनेशनल मैच खेलने गई है। इसके बाद टीम क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 ट्राई-सीरीज़ भी खेलेगी, जिससे साफ है कि इस फैसले का असर तुरंत टीम चयन पर दिख रहा है।
UAE क्रिकेट में चयन प्रक्रिया का नया दौर शुरू
कई सालों तक UAE में खिलाड़ियों का चयन ICC के रेजिडेंसी नियमों के आधार पर होता था। यानी खिलाड़ियों को देश में लंबे समय तक रहना पड़ता था, तभी वे टीम के लिए खेलने के योग्य बनते थे। अब नागरिकता मिलने के बाद यह प्रक्रिया बदल गई है। अब खिलाड़ी पासपोर्ट के आधार पर सीधे देश का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं, जिससे इंटरनेशनल क्रिकेट तक पहुंचना आसान और तेज़ हो गया है।
इस बदलाव से एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड के पास ज़्यादा विकल्प आ गए हैं। अब वह उन खिलाड़ियों को भी टीम में शामिल कर सकता है जो पहले से घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं, बिना लंबा इंतज़ार किए।
फ्रैंचाइज़ी प्लेटफॉर्म से इंटरनेशनल लेवल की तैयारी आसान
खुज़ैमा तनवीर की तरक्की यह दिखाती है कि UAE में होने वाली फ्रैंचाइज़ी लीग्स अब इंटरनेशनल खिलाड़ियों को तैयार करने में बड़ी भूमिका निभा रही हैं। ILT20 और अबू धाबी T10 जैसे टूर्नामेंट खेलने से उन्हें दुनिया के बड़े खिलाड़ियों के साथ खेलने का अनुभव मिला।
उन्होंने कहा, “अपने देश को रिप्रेजेंट करने का मौका मिलना किसी भी खिलाड़ी के लिए बहुत खास एहसास होता है। डोमेस्टिक और फ्रैंचाइज़ी क्रिकेट में लगातार खेलने से उनकी ग्रोथ भी बनी रही। मैं पिछले तीन सालों से UAE का घरेलू क्रिकेट खेल रहा हूं और ILT20 व अबू धाबी T10 के पिछले दो सीज़न में भी खेल चुका हूं।”
घरेलू स्ट्रक्चर खिलाड़ियों की प्रोग्रेस का आधार है
अजय कुमार जैसे खिलाड़ियों ने जो रास्ता अपनाया है, वह टैलेंट को इंटरनेशनल मौकों के लिए तैयार करने में UAE के घरेलू इकोसिस्टम की भूमिका को दिखाता है। उनका डेवलपमेंट देश के अंदर क्लब और घरेलू क्रिकेट के ज़रिए हुआ है।
अजय कुमार ने द नेशनल को बताया, “जिस दिन से मैं UAE आया, मेरा सपना था कि मैं देश को इंटरनेशनल लेवल पर रिप्रेजेंट करूँ , वे हमारा बहुत अच्छा ख्याल रखते हैं। मैनेजमेंट ने पूरे सफर में मेरा साथ दिया है। मैं बोर्ड और पूरी क्रिकेट कम्युनिटी का शुक्रगुजार हूं। मैं इस देश के लिए खेलने और अच्छा प्रदर्शन करने को लेकर बहुत उत्साहित हूं।”
अनुभवी खिलाड़ियों से टीम को मिलेगी मजबूती
नए खिलाड़ियों के आने से टीम को अच्छा अनुभव मिला है, खासकर अक्षदीप नाथ और हरप्रीत सिंह भाटिया के शामिल होने से। नाथ ने 200 से ज्यादा मैच खेले हैं और 6,500 से ज्यादा रन बनाए हैं। वहीं भाटिया ने IPL समेत करीब 300 मैचों में 11,700 से ज्यादा रन बनाए हैं।
इन दोनों के जुड़ने से टीम की मजबूती तुरंत बढ़ती है। बैटिंग लाइन-अप मजबूत होता है और टीम को अनुभव के साथ-साथ अलग परिस्थितियों में ढलने की क्षमता भी मिलती है।
अक्षदीप नाथ ने नेपाल के खिलाफ किया इंटरनेशनल डेब्यू
यूपी के पूर्व कप्तान और RCB के खिलाड़ी ने नेपाल के खिलाफ किया इंटरनेशनल डेब्यू ,अक्षदीप नाथ ने 20 अप्रैल को कीर्तिपुर स्थित त्रिभुवन यूनिवर्सिटी इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में UAE की तरफ से खेलते हुए नेपाल के खिलाफ अपना T20I डेब्यू किया। अपने पहले ही मैच में उन्होंने शानदार अंदाज में प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 8 गेंदों में नाबाद 17 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। उनका यह छोटा लेकिन प्रभावशाली योगदान बताता है कि वह बड़े मंच के लिए तैयार हैं।







