700 Plus Runs in a Single IPL Season: आईपीएल एक ऐसा मंच है जहाँ एक सीजन में 700 से अधिक रन बनाना बल्लेबाज की कड़ी मेहनत, क्षमता और लगातार अच्छे प्रदर्शन को दर्शाता है। आईपीएल इतिहास में अब तक 11 बल्लेबाजों ने एक सीजन में 700 से ज्यादा रन बनाए हैं, जिसमें साईं सुदर्शन की लेटेस्ट एंट्री हुई है।
गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज साईं सुदर्शन ने आईपीएल 2025 में 15 मैचों में 759 रन बनाए और एलिमिनेटर मुकाबले तक ऑरेंज कैप होल्डर रहे। लेकिन उस मुकाबले में उनकी टीम को मुंबई इंडियंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा और उनका सफर वहीं समाप्त हो गया।
हालांकि, सूर्यकुमार यादव के पास अभी भी उन्हें पीछे छोड़ने और एक सीजन में 700 से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शामिल होने का पूरा मौका है। वह इस सीजन अब तक 673 रन बना चुके हैं और उनका क्वालिफायर 2 मुकाबला खेलना अभी बाकी है। इसके अलावा, यदि अगले मुकाबले में उनकी टीम जीतती है, तो उन्हें एक मैच का और मौका मिलेगा। फिलहाल, यहाँ हम आईपीएल के उन बल्लेबाजों पर नजर डालेंगे, जिन्होंने एक सीजन में 700 से ज्यादा रन बनाए हैं।
एक आईपीएल सीजन में 700 से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
1. विराट कोहली (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) – 973 रन, 2016
विराट कोहली ने आईपीएल 2016 में 16 मैचों में 973 रन बनाए थे, जो एक सीजन में किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाए गए सबसे ज्यादा रनों का रिकॉर्ड है। उस सीजन उनका औसत 81.08 और स्ट्राइक रेट 152.03 रहा। इस दौरान उन्होंने 4 शतक और 7 अर्धशतक लगाए। कोहली की इस बेहतरीन बल्लेबाजी की मदद से RCB ने उस सीजन फाइनल तक का सफर तय किया था, लेकिन फाइनल में सनराइजर्स हैदराबाद से हार गई थी।
2. शुभमन गिल (गुजरात टाइटंस) – 890 रन, 2023
शुभमन गिल ने 2023 में 17 मैचों में 59.33 की औसत और 157.80 की स्ट्राइक रेट से थे। इस दौरान उन्होंने 3 शतक और 4 अर्धशतक भी लगाए। गिल के शानदार प्रदर्शन के चलते गुजरात टाइटंस ने मजबूत प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया था, लेकिन वहाँ उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आखिर गेंद पर हार का सामना करना पड़ा था।
3. जोस बटलर (राजस्थान रॉयल्स) – 863 रन, 2022
जोस बटलर ने राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए आईपीएल 2022 में 17 मैचों में 863 रन बनाए थे। उस सीजन उनका औसत 57.53 और स्ट्राइक रेट 149.05 था। इस दौरान उन्होंने 4 शतक और 4 अर्धशतक भी लगाए। राजस्थान रॉयल्स ने इस सीजन फाइनल तक का सफर तय किया था, लेकिन वहाँ उन्हें गुजरात टाइटंस से हार का सामना करना पड़ा था।
4. डेविड वॉर्नर (सनराइजर्स हैदराबाद) – 848 रन, 2016
डेविड वॉर्नर ने आईपीएल 2016 में 17 मैचों में 848 रन बनाए थे और उनका औसत 60.57 और स्ट्राइक रेट 151.42 था। इस दौरान उन्होंने कोई शतक नहीं बनाया, लेकिन 9 अर्धशतक लगाए। सनराइजर्स हैदराबाद ने इस सीजन फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को हराकर अपना पहला आईपीएल खिताब जीता।
5. साईं सुदर्शन (गुजरात टाइटंस) – 759 रन, 2025
साईं सुदर्शन ने 2025 में 15 मैचों में 759 रन बनाए, जहाँ उनका औसत 54.21 और स्ट्राइक रेट 156.17 रहा। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 6 अर्धशतक लगाए। गुजरात टाइटंस ने इस सीजन एलिमिनेटर तक का सफर तय किया जहां उन्हें मुंबई इंडियंस से हार का सामना करना पड़ा।
6. विराट कोहली (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) – 741 रन, 2024
विराट कोहली ने 2024 में 15 मैचों में 741 रन बनाए। उनका औसत 61.75 और स्ट्राइक रेट 154.69 था। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 5 अर्धशतक बनाए। RCB ने इस सीजन प्लेऑफ में जगह बनाई, लेकिन एलिमिनेटर मुकाबले में उन्हें राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।
7. केन विलियमसन (सनराइजर्स हैदराबाद) – 735 रन, 2018
केन विलियमसन ने 2018 में 17 मैचों में 735 रन बनाए थे। उनका औसत 52.50 और स्ट्राइक रेट 142.44 था। इस दौरान उन्होंने कोई शतक नहीं बनाया लेकिन 8 अर्धशतक लगाए। सनराइजर्स हैदराबाद ने फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन वहाँ उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
8. क्रिस गेल (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) – 733 रन, 2012
क्रिस गेल ने 2012 में 14 मैचों में 733 रन बनाए। उनका औसत 61.08 और स्ट्राइक रेट 160.74 था। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 7 अर्धशतक लगाए। हालांकि, आरसीबी इस सीजन प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई थी।
9. माइकल हसी (चेन्नई सुपर किंग्स) – 733 रन, 2013
माइकल हसी ने 2013 में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते हुए 17 मैचों में 733 रन बनाए थे। उनका औसत 52.35 और स्ट्राइक रेट 129.50 था। उन्होंने कोई शतक नहीं बनाया लेकिन 6 अर्धशतक लगाए। चेन्नई सुपर किंग्स ने इस सीजन फाइनल तक का सफर तय किया, लेकिन मुंबई इंडियंस से हार झेलने के चलते खिताब नहीं जीत पाई।
10. फाफ डु प्लेसी (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) – 730 रन, 2023
फाफ डु प्लेसी ने 2023 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की कप्तानी करते हुए 14 मैचों में 730 रन बनाए थे, जिसमें 8 अर्धशतक शामिल थे। इस दौरान उनका औसत 56.15 और स्ट्राइक रेट 153.68 का था।उनकी कप्तानी में आरसीबी ने इस सीजन प्लेऑफ में जगह बनाई थी, लेकिन उन्हें एलिमिनेटर मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
11. क्रिस गेल (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) – 708 रन, 2013
क्रिस गेल ने 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए 16 मैचों में 708 रन बनाए थे, जहाँ उनका औसत 59.00 और स्ट्राइक रेट 156.29 था। उन्होंने 1 शतक और 4 अर्धशतक लगाए। उस सीजन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी थी।
[Note: ये आँकड़े 31 मई 2025 तक अपडेटेड हैं।]
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।