एशेज सीरीज के इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले पांच महान बल्लेबाजों और उनके रिकॉर्ड की पूरी कहानी।
एशेज सीरीज को टेस्ट क्रिकेट की सबसे प्रतिष्ठित और कठिन द्विपक्षीय सीरीज माना जाता है। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेली जाने वाली इस ऐतिहासिक सीरीज में शतक लगाना किसी भी बल्लेबाज के लिए बड़ी उपलब्धि होती है, क्योंकि यहां हर रन कड़ी मेहनत और दबाव के बीच आता है।
पिछले कई दशकों में कुछ ऐसे बल्लेबाज हुए हैं जिन्होंने एशेज में लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए शतकों का अंबार लगाया। इस सूची में दिग्गजों के साथ मौजूदा दौर के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ भी शामिल हैं, जो अब एशेज इतिहास में दूसरे स्थान पर पहुँच चुके हैं। यहाँ हम आपको एशेज इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों के बारे में बताने जा रहे हैं।
ये हैं एशेज इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज
5. वैली हैमंड (Wally Hammond) – 9 शतक
वैली हैमंड इंग्लैंड के सबसे प्रभावशाली बल्लेबाजों में शामिल रहे हैं। उन्होंने 1928 से 1947 के बीच एशेज में 9 शतक लगाए। हैमंड ने 33 मैचों की 58 पारियों में 2852 रन बनाए, जिसमें 251 रनों की एक बड़ी पारी शामिल रही। एशेज सीरीज इतिहास में उनका औसत 51.85 का रहा, जिसने उन्हें अपने समय का एक भरोसेमंद बल्लेबाज बनाया।
4. स्टीव वॉ (Steve Waugh) – 10 शतक
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव वॉ को उनकी मानसिक मजबूती और दबाव में खेलने की क्षमता के लिए जाना जाता है। उन्होंने 1986 से 2003 के बीच एशेज में 10 शतक लगाए।
वॉ ने 45 मैचों की 72 पारियों में 3173 रन बनाए, जिसमें उनका बेस्ट स्कोर 177* रहा। एशेज क्रिकेट में उनका औसत 58.75 रहा, जो बताता है कि उन्होंने बड़े मौकों पर टीम के लिए अहम पारियां खेलीं।
3. जैक हॉब्स (Jack Hobbs) – 12 शतक
इंग्लैंड के महान बल्लेबाज जैक हॉब्स ने एशेज इतिहास में अपनी खास पहचान बनाई। उन्होंने 1908 से 1930 के बीच कुल 12 शतक लगाए और लम्बे समय तक एशेज इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर रहे। हालाँकि, अब स्टीव स्मिथ ने अपना 13वां एशेज शतक लगाकर उन्हें पीछे छोड़ दिया है।
हॉब्स ने अपने करियर में 41 एशेज मैचों की 71 पारियों में 3636 रन बनाए, जिसमें उनका बेस्ट स्कोर 187 रन रहा। एशेज में उनका औसत 54.26 का रहा, जो उस दौर में बल्लेबाजी की कठिन परिस्थितियों को देखते हुए बेहद खास माना जाता है।
2. स्टीव स्मिथ (Steve Smith) – 13 शतक
स्टीव स्मिथ आधुनिक दौर के सबसे सफल एशेज बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। वह हाल ही में सिडनी में खेले गए पिंक टेस्ट में शतक लगाकर इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने 2010 से 2026 के बीच एशेज में 13 शतक लगाए हैं और इसी के साथ वह इस ऐतिहासिक सूची में दूसरे स्थान पर पहुँच चुके हैं।
स्मिथ ने अब तक 41 एशेज मैचों की 73 पारियों में 3682 रन बनाए हैं, जिनमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 239 रन रहा है। एशेज में उनका औसत 57.53 का है, जो उनके निरंतर और दबदबे वाले प्रदर्शन को दर्शाता है।
1. डॉन ब्रैडमैन (Don Bradman) – 19 शतक
डॉन ब्रैडमैन का नाम आते ही बल्लेबाजी के स्वर्णिम युग की तस्वीर सामने आ जाती है। वह एशेज क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में टॉप पर हैं। उन्होंने 1928 से 1948 के बीच एशेज में कुल 19 शतक लगाए। अब इनका यह रिकॉर्ड तोडना किसी भी बल्लेबाज के लिए मुश्किल है।
ब्रैडमैन ने अपने एशेज करियर में 37 मैचों की 63 पारियों में 5028 रन बनाए, जिसमें उनकी सबसे बड़ी पारी 334 रनों की रही। एशेज में उनका औसत 89.78 रहा, जो आज भी अकल्पनीय माना जाता है। ब्रैडमैन ने न सिर्फ शतक बनाए, बल्कि कई बार अकेले दम पर मैच का रुख बदलने का भी काम किया।
एशेज इतिहास में शतक लगाना हमेशा से ही महानता का पैमाना रहा है। डॉन ब्रैडमैन का रिकॉर्ड आज भी अडिग नजर आता है, जबकि स्टीव स्मिथ तेजी से आधुनिक युग के सबसे बड़े एशेज बल्लेबाज के रूप में उभरे हैं। आने वाले सालों में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या कोई बल्लेबाज इन ऐतिहासिक आंकड़ों को चुनौती दे पाता है या नहीं।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

