टीम इंडिया के पूर्व कोच राहुल द्रविड़ ने हाल ही में आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के कोच पद से इस्तीफा दे दिया है। वह पिछले सीजन इस लीग के सबसे महंगे कोच थे। वह सिर्फ एक सीजन के लिए ही आरआर के हेड कोच बने थे। कोच पद छोड़ने के बाद से वह काफी चर्चा में बने हुए हैं। तो चलिए जानते हैं कि राहुल द्रविड़ की नेटवर्थ कितनी है?
द्रविड़ को बतौर राजस्थान रॉयल्स हेड कोच मिलती थी 5 करोड़ सैलरी

राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच बनने पर उन्हें बतौर हेड कोच 5 करोड़ की फीस मिलती थी, जो कि अन्य लोगों की तुलना में काफी ज़्यादा थी। जिसके चलते वह आईपीएल के सबसे महंगे हेड कोच थे। उनकी सैलरी महेला जयवर्धने और स्टीफन फ्लेमिंग से भी लगभग 25 प्रतिशत ज़्यादा थी। फ्लेमिंग और जयवर्धने की सैलरी लगभग 4 करोड़ थी।
राहुल द्रविड़ ने लगभग डेढ़ दशक से ज़्यादा समय तक टीम इंडिया के लिए क्रिकेट खेला है और वह कुछ सालों तक टीम के कप्तान भी थे। जिसके चलते उन्होंने कई बड़ी और मल्टीनेशनल कंपनियों के साथ ब्रांड एंडोर्समेंट किए थे। यही नहीं, इस दिग्गज खिलाड़ी ने रीबॉक, पेप्सी, कैस्ट्रॉल, जिलेट, प्यूमा, एचडीएफसी लाइफ जैसे बड़े ब्रांड्स के साथ करार कर रखा है, जिससे भी उनकी काफी कमाई हुई है।
बड़े ब्रांड्स के साथ कर रखी है पार्टनरशिप
राहुल द्रविड़ ने कई जगह पर निवेश भी कर रखा है जिससे उन्हें हाई रिटर्न भी मिलता है। उन्होंने कई ब्रांड्स के साथ न सिर्फ़ पार्टनरशिप कर रखी है बल्कि उनमें इन्वेस्टमेंट भी किया हुआ है, जिसके चलते उनको काफी बढ़िया रिटर्न देखने को मिल रहा है।
यही नहीं, बेंगलुरु के इंदिरानगर इलाके में उनका खुद का बंगला भी है। जिसका निर्माण वर्ष 2014 में पूरा हुआ था और उन्होंने उसका नाम “समन्वय” रखा था। इस बंगले की कीमत 10 करोड़ के आसपास है।
राहुल द्रविड़ के पास गाड़ियों का भी अच्छा-खासा कलेक्शन है। उनके पास “टोयोटा इनोवा क्रिस्टा, हुंडई टक्सन, ऑडी Q5, मर्सिडीज-बेंज GLE 350, पोर्श 911 करेरा S” जैसी महंगी लग्जरी गाड़ियों का कलेक्शन है।
एक दशक से कर रहे हैं कोचिंग
राहुल द्रविड़ ने वर्ष 2012 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था, जबकि अगले ही साल आईपीएल से भी संन्यास ले लिया था। कुछ समय तो उन्होंने ब्रॉडकास्ट में काम किया लेकिन उसके बाद वह कोचिंग में जुड़ गए और अभी तक बने हुए हैं।
वर्ष 2016 से लेकर 2021 तक इस दिग्गज खिलाड़ी ने इंडिया अंडर-19 में हेड कोच की भूमिका निभाई। जबकि, उसके बाद 2021–24 तक वह भारतीय टीम में बतौर हेड कोच की भूमिका निभा रहे थे।
उनकी कोचिंग में टीम इंडिया ने 13 सालों के बाद कोई आईसीसी ट्रॉफी जीती थी, जब भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका को फाइनल मुकाबले में हराया था। इतने लंबे समय तक कोच बने रहने पर भी उन्हें काफी सैलरी दी जाती थी।
द्रविड़ की नेटवर्थ है 40 मिलियन डॉलर
मीडिया ख़बरों की मानें, तो राहुल द्रविड़ की कुल नेटवर्थ 40 मिलियन डॉलर यानी 320 करोड़ है।
अपनी तमाम उपलब्धियों के बाद भी द्रविड़ की सबसे बड़ी अच्छाई उनकी विनम्रता और सरल स्वभाव है। वे बाल नागरिक जागरूकता आंदोलन (CMCA), यूनिसेफ और एड्स जागरूकता अभियानों जैसे कार्यों का समर्थन करते हैं। बेंगलुरु एफसी के साथ उनका काम स्थानीय स्तर पर खेलों के समर्थन के प्रति उनके प्यार को भी दर्शाता है।
द्रविड़ बन सकते हैं कोलकाता नाइट राइडर्स के हेड कोच
हालाँकि राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच पद से इस्तीफा देने के बाद उनकी अलग-अलग फ्रेंचाइज़ी में बतौर कोच जाने की ख़बरें आ रही हैं। जिसमें अभी कोलकाता नाइट राइडर्स का नाम सबसे पहले चल रहा है, क्योंकि उनके हेड कोच चंद्रकांत पंडित ने भी अपना कार्यकाल नहीं बढ़ाया था और अब उनके पास भी हेड कोच नहीं है।
जिसके चलते राहुल द्रविड़ कोलकाता नाइट राइडर्स की कोचिंग संभालते हुए दिख सकते हैं।







