टीम इंडिया के दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने हाल ही में इंटरनेशनल क्रिकेट के बाद आईपीएल से भी संन्यास ले लिया है। हालाँकि उन्होंने इसका अंदेशा दिया था कि वो इसके बाद भी खेलना जारी रखेंगे। जिसके बाद अब चर्चा चल रही है कि वो विदेश की टी20 लीग में खेल सकते हैं। तो चलिए जानते हैं कि अब यह दिग्गज स्पिन गेंदबाज किस लीग में खेलता हुआ दिख सकता है।
बिग बैश लीग में खेल सकते हैं रविचंद्रन अश्विन

आपको बता दें कि रविचंद्रन अश्विन को लेकर खबर आ रही है कि वो अब ऑस्ट्रेलिया में होने वाली टी20 लीग “बिग बैश लीग” में खेल सकते हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के टॉड ग्रीनबर्ग ने क्रिकबज को दिए अपने बयान में कहा कि रविचंद्रन अश्विन जैसे अनुभवी खिलाड़ी को बिग बैश लीग में लाना हमारे लिए कई मायनों में खास हो सकता है। वह एक चैंपियन खिलाड़ी हैं, जिनके बीबीएल में खेलने से इस लीग का रोमांच और भी बढ़ जाएगा।
अश्विन अगर बिग बैश लीग में खेलते हैं तो वो ऐसा करने वाले पहले भारतीय होंगे, जिन्होंने इंडिया का प्रतिनिधित्व किया है। हालाँकि उनके पहले इस फ्रेंचाइज़ी क्रिकेट में भारत के उन्मुक्त चंद खेल चुके हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ बीबीएल में अश्विन को खिलाने के नए तरीके तलाश रहे हैं, जिसके लिए वह क्लबों और हितधारकों के साथ चर्चा भी कर रहे हैं।
फ्रेंचाइज़ी क्रिकेट खेलना और कोचिंग करना चाह रहे हैं अश्विन
रविचंद्रन अश्विन ने अपने आईपीएल से संन्यास के बाद दिए बयान में कहा था कि वो अब विदेश में हो रही फ्रेंचाइज़ी क्रिकेट खेलने के साथ-साथ कोचिंग भी शुरू करेंगे। बिग बैश लीग में दिग्गज स्पिन गेंदबाज को खिलाने के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया अपनी पूरी कोशिश कर रहा है कि इसमें बड़े भारतीय खिलाड़ी शामिल हो सकें। जिसके लिए वह हर संभव प्रयास कर रहा है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया बिग बैश लीग की फ्रेंचाइज़ियों से भी चर्चा कर रहा है कि कैसे उनका नाम ड्राफ्ट में डलवाना है और बाकी प्रक्रिया पूरी होगी। उसके लिए वह डेविड वॉर्नर का फॉर्मूला अपना सकते हैं। जिस तरह से ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनिंग बल्लेबाज को प्रति मैच 80,000 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर मिलते हैं, उसी तरह रविचंद्रन अश्विन को भी प्रति मैच खेलने के लिए भारी भरकम रकम दी जाए।
अगर ऐसा होने में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट सफल होता है तो वो उनके लिए बहुत बड़ी कामयाबी होगी। इसके साथ ही अन्य खिलाड़ियों का इस लीग में खेलने का रास्ता भी खुलेगा।
द हंड्रेड में भी खेल सकते हैं अश्विन
मीडिया खबरों की मानें तो रविचंद्रन अश्विन अगले साल इंग्लैंड में होने वाली ‘द हंड्रेड’ में भी हिस्सा ले सकते हैं। क्योंकि इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड अब अपनी इस लीग को ग्लोबल लेवल तक ले जाना चाहता है। जिसके लिए वह हर संभव प्रयास कर रहा है और यही कारण है कि अब इसमें आईपीएल के ओनर्स ने भी टीमों में हिस्सेदारी ली है, जिससे दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग का फैनबेस जुड़ सके।
यही नहीं, ईसीबी ने अपने घरेलू टूर्नामेंट को द हंड्रेड से पहले खत्म करने का निर्णय लिया है ताकि शेड्यूल अच्छे से बनाया जा सके। इस लीग में भी अश्विन के खेलने की चर्चा है। क्योंकि बहुत सी फ्रेंचाइज़ियों पर अब मालिकाना हक भारतीय ओनर्स का है और वो रविचंद्रन जैसे बड़े खिलाड़ी को अपनी टीम में जरूर शामिल करना चाहेंगे।

