टीम इंडिया एक बार फिर से अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में मैच खेलने जा रही है। वेस्टइंडीज की टीम इस समय भारत के दौरे पर है। पहला टेस्ट मैच अहमदाबाद में खेला गया था जो कि 3 दिन में खत्म हो गया था।
भारतीय टीम ने तीन दिन के अंदर ही मुकाबला खत्म करके सीरीज में बढ़त बना ली है। अब अगला मुकाबला 10 अक्टूबर से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। तो चलिए जानते हैं कि इस मैदान पर किन बल्लेबाजों ने सबसे ज्यादा रन बनाए हैं।
अरुण जेटली स्टेडियम में रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज़
5. सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) – 582 रन

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली अरुण जेटली ग्राउंड पर रन बनाने के मामले में पांचवें नंबर पर आते हैं। दादा जितने अच्छे कप्तान थे, उतने ही शानदार बल्लेबाज़ थे। बड़े मैचों में अपनी टीम को फ्रंट से लीड करना अच्छे से जानते थे। उन्होंने यहां पर 7 मुकाबले खेले हैं, जिसमें 58.20 की औसत से 582 रन बनाए हैं। इसके अलावा उनके नाम पर 1 शतक और 3 अर्धशतक भी दर्ज हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 136 रन है।
4. राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) – 635 रन

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और कोच टेस्ट क्रिकेट के बेहतरीन बल्लेबाजों में से थे। उन्होंने अपनी बल्लेबाजी के दम पर भारतीय टीम को बहुत से मैच जिताए हैं। दिल्ली की पिच पर स्पिन गेंदबाज़ों को मदद मिलती है और यहां पर लो बाउंस रहती है। उसके बाद भी अपनी तकनीक और टेम्परामेंट के दम पर हर बार रन बनाने में सफल हुए हैं।
राहुल द्रविड़ ने 8 मैचों में 48.84 की औसत से 635 रन बनाए, जिसमें 1 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 200 रन है।
3. सुनील गावस्कर (Sunil Gavaskar) – 668 रन

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और दुनिया के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में से सुनील गावस्कर ने हर जगह रन बनाए हैं। बिना हेलमेट के भी इस धाकड़ खिलाड़ी ने अपनी बल्लेबाज़ी के दम पर अपनी अलग पहचान बनाई थी।
सुनील गावस्कर ने 9 मैचों में 47.71 की औसत से 668 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 3 शतक और 2 अर्धशतक लगाए और उनका बेस्ट स्कोर 121 रन है।
2. दिलीप वेंगसरकर (Dilip Vengsarkar) – 671 रन

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और सेलेक्टर दिलीप वेंगसरकर ने अपनी बल्लेबाज़ी से काफी समय तक बेड़ा संभाला था। वो अरुण जेटली स्टेडियम में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर आते हैं।
वेंगसरकर ने इस ग्राउंड पर खेले 8 मुकाबलों में 67.10 की औसत से 671 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक और 1 अर्धशतक शामिल हैं। यहीं नहीं, इस दौरान उनका हाईएस्ट स्कोर 139 रन है।
1. सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) – 759 रन

टीम इंडिया के ही नहीं, वरन् दुनिया के बेस्ट बल्लेबाजों में शुमार सचिन तेंदुलकर हर ग्राउंड पर अच्छा प्रदर्शन करते थे। उन्होंने अपने दम पर न जाने कितने मुकाबले जिताए हैं।
सचिन ने भारत की कई पीढ़ियों को इंस्पायर किया है। तेंदुलकर ने दिल्ली के इस ग्राउंड में 10 मुकाबले खेले हैं, जिसमें 42.16 की औसत से 759 रन बनाए, जिसमें 2 शतक और 4 अर्धशतक लगाए। इस दौरान उनका हाईएस्ट स्कोर 122 रन है।

