WPL 2025: मुंबई इंडियंस की महिला टीम ने विमेंस प्रीमियर लीग के 19वें मैच में गुजरात जायंट्स को 9 रन से हराकर अपनी 5वीं जीत दर्ज कर ली है। इन दोनों टीमों के बीच यह मैच ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला गया था। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान हरमनप्रीत कौर के अर्धशतक की मदद से मुंबई की टीम ने अपने 6 विकेट के नुकसान पर 179 रनों का स्कोर खड़ा किया। वहीं इन रनों के जवाब में GG की टीम पूरे ओवर खेलने के बावजूद केवल 170 रन ही बना सकी।
काफी रोचक रहा यह मुकाबला :-
MI की तरफ से अमेलिया केर का विकेट जल्दी ही गिर गया। वह केवल 5 रन पर ही आउट हो गई। इसके बाद हैली मैथ्यूज (27) और नेट साइवर ब्रंट (38) ने मुंबई की पारी को संभाला। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत ने शानदार अर्धशतक लगाया। फिर अंत में बल्लेबाज अमनजोत कौर ने 27 रन का योगदान देकर अपनी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में मदद की।

मुंबई के इन रनों के जवाब में GG ने अपने स्टार बल्लेबाक बेथ मूनी (7), काशवी गौतम (10) और एश्ले गार्डनर (0) के विकेट जल्दी ही गंवा दिए। इसके बाद मैदान में आई बल्लेबाज हरलीन देओल (24) और भारती फूलमाली (61) ने अपनी टीम के लिए काफी संघर्ष किया। लेकिन ये दोनों भी अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाई।
हरमनप्रीत कौर ने लगाया शानदार अर्धशतक :-
मुंबई इंडियंस की टीम ने जब 46 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया था तब कप्तान हरमनप्रीत क्रीज पर आई। इस मैच में उन्होंने 31 गेंदों में अपने WPL करियर का 7वां अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 33 गेंदों पर 54 रन की शानदार पारी खेली।

इसके बाद वह आउट हो गई। इस पारी में हमें उनके बल्ले से 9 चौके देखने को मिले। इसके अलावा उन्होंने साइवर ब्रंट के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 40 गेंदों पर 59 रन की काफी अहम साझेदारी भी की। वह WPL में तीसरी सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वाली बल्लेबाज भी बनी हैं। अब उनसे आगे RCB की एलिस पेरी (8) और DC की मेग लैनिंग (9) ही हैं।
भारती फूलमाली ने भी लगाया तेज अर्धशतक :-
इसके अलावा मध्यक्रम में बल्लेबाजी के लिए आई गुजरात की भारती फूलमाली ने भी विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 22 गेंदों में अपने WPL करियर का पहला अर्धशतक पूरा किया। इस मैच में उन्होंने 25 गेंदों पर 61 रन की बेहतरीन पारी खेली।

उनकी इस पारी में 8 चौके और 4 छक्के भी आए। इसके अलावा वह WPL में GG की ओर से दूसरी सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाली बल्लेबाज भी बनी है। उनसे आगे केवल सोफिया डंकले हैं। उन्होंने 18 गेंद में साल 2023 में RCB के खिलाफ ऐसा किया था।
नेट साइवर ब्रंट ने हासिल की यह उपलब्धि :-
मुंबई की अनुभवी बल्लेबाज ब्रंट 31 गेंदों पर 38 रन बनाकर आउट हुई थी। उन्होंने अपनी इस पारी में 6 चौके भी लगाए। इस मौजूदा सीजन में वह अब तक 7 पारियों में 69.40 की औसत और 145.18 की स्ट्राइक रेट के साथ 347 रन बना चुकी हैं।

इस दौरान उन्होंने 3 अर्धशतक भी लगाए हैं। इसके अलावा वह अब WPL के इतिहास में किसी एक सीजन में संयुक्त रूप से सर्वाधिक रन वाली बल्लेबाज बनी हैं।इस मामले में उन्होंने अब एलिस पेरी (347 रन, 2024) की बराबरी की हैं।
अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंची MI की टीम :-
WPL 2025 में यह MI की 7 मैचों के बाद 5वीं जीत थी। अब इस जीत के बाद MI के 10 अंक हो गए हैं। इसके चलते हुए वह अब अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। इसके अलावा GG की यह 8 मैचों के बाद चौथी हार थी। इसके चलते हुए अब वह अंक तालिका में 8 अंक के साथ तीसरे पायदान पर खिसक गई है। इस समय DC की टीम 10 अंको के साथ शीर्ष पर बरकरार है। इसके अलावा अब हम आपको बता देना चाहते हैं कि ये तीनों टीमें नॉकऑउट में पहले ही पहुंच गई है।
Latest Cricket News in Hindi, Latest Football News in Hindi, Latest Tennis News in Hindi और सभी Latest Sports News in Hindi के लिए हमारी वेबसाइट Sports Digest Hindi पर विजिट करें। इसके अलावा, खेल से सम्बंधित सभी ताजा खबरों पाने के लिए हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।