WPL 2024 में स्मृति मंधाना की कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने इतिहास रचते हुए पहली बार खिताब पर कब्जा जमाया था। यह टीम लीग स्टेज में तीसरे स्थान पर रही थी, लेकिन एलिमिनेटर में मुंबई इंडियंस को हराने के बाद फाइनल मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को मात देकर चैंपियन बनी।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम WPL 2025 में इस बार कई प्रकार की चुनौतियों का सामना कर रही है। टीम की अनुभवी ऑलराउंडर सोफी डिवाइन ब्रेक पर हैं, जबकि बाएं हाथ की स्पिनर सोफी मोलिनेक्स चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। इसके अलावा, इंग्लैंड की तेज गेंदबाज केट क्रॉस भी रिहैब के चलते नहीं खेल पाएंगी।
वहीं, स्टार ऑलराउंडर एलिस पेरी एशेज के दौरान हिप इंजरी का शिकार हो गई थीं। हालांकि, वह बेंगलुरु पहुंच चुकी हैं और टीम के साथ बड़ौदा रवाना होने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। इसके अलावा, स्पिनर आशा सोभना और श्रेयंका पाटिल भी चोट के चलते अक्टूबर 2024 के बाद से इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेल पाई हैं। मजेदार बात यह है कि, डिवाइन, मोलिनेक्स, पेरी और आशा ने पिछली बार RCB को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी।

हालांकि, RCB ने भी कुछ ठोस कदम उठाए हैं। फ्रेंचाइजी ने मोलिनेक्स की जगह इंग्लैंड की स्पिन ऑलराउंडर चार्ली डीन को शामिल किया है, जबकि डिवाइन और क्रॉस के रिप्लेसमेंट के रूप में हीदर ग्राहम और किम गार्थ को लाया गया है।
WPL 2025 के ऑक्शन में टीम ने हीदर नाइट, नादिन डी क्लर्क और शुभा सतीश को रिलीज़ करने के बाद चार नए खिलाड़ियों (प्रेमा रावत, वीजे जोशिथा, राघवी बिष्ट और जाग्रवी पवार) को टीम में जोड़ा।
इनमें जोशिथा हाल ही में अंडर-19 वीमेंस वर्ल्ड कप 2025 का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रही थीं, जबकि 20 वर्षीय राघवी बिष्ट ने हाल ही में भारत के लिए डेब्यू किया था। इसके अलावा, RCB ने इंग्लैंड की विस्फोटक सलामी बल्लेबाज डैनी व्याट-हॉज को भी यूपी वॉरियर्ज़ से ट्रेड कर अपनी बल्लेबाजी को और मजबूत किया है।
RCB की संभावित प्लेइंग XI
स्मृति मंधाना (कप्तान), डैनी व्याट-हॉज, एलिस पेरी, एस मेघना, ऋचा घोष (विकेटकीपर), राघवी बिस्ट, श्रेयंका पाटिल / प्रेमा रावत, जॉर्जिया वेयरहैम, किम गर्थ, कनिका आहूजा, रेनुका सिंह
अन्य खिलाड़ी: एकता बिष्ट, चार्ली डीन, वीजे जोशिथा, जाग्रवी पवार, आशा सोभना, हीदर ग्राहम
WPL 2025 में RCB के लिए कौन-कौन होंगे गेमचेंजर?

RCB के पास इस बार कई अनुभवी खिलाड़ी नहीं हैं, इसलिए उनकी बल्लेबाजी काफी हद तक कप्तान स्मृति मंधाना के प्रदर्शन पर निर्भर होगी। मंधाना ने 2024 में शानदार फॉर्म दिखाया था और 2025 की शुरुआत भी जबरदस्त रही। उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ तीन वनडे में 41, 73 और 135 रन की पारियां खेली हैं। WPL 2024 में वह 300 रन बनाकर टीम के लिए दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रही थीं, उनके आगे सिर्फ एलिस पेरी थीं।
इसके अलावा, मिडिल ऑर्डर में युवा राघवी बिष्ट पर भी नजरें होंगी। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ दिसंबर 2024 में तीसरे टी20 में जबरदस्त बल्लेबाजी की थी और नंबर 4 पर आकर शानदार स्ट्राइक रोटेशन के साथ कुछ बेहतरीन शॉट्स भी खेले थे। वह ऋचा घोष के साथ मिलकर टीम के लिए फिनिशर की भूमिका निभा सकती हैं।
युवा खिलाड़ी वीजे जोशिथा पर रहेंगी सभी की निगाहें
युवा खिलाड़ी वीजे जोशिथा इस सीजन RCB के लिए एक सरप्राइज पैकेज साबित हो सकती हैं। वह स्विंग गेंदबाज होने के साथ-साथ निचले क्रम में तेजतर्रार गति से बल्लेबाजी भी कर सकती हैं। उन्होंने अंडर-19 टी20 वर्ल्ड कप में काफी अच्छा प्रदर्शन किया था।
इसके अलावा, अक्टूबर 2024 में घरेलू अंडर-19 टी20 ट्रॉफी में उन्होंने 175.60 के स्ट्राइक रेट से 144 रन बनाए और फिर अंडर-19 ट्राई-सीरीज में सात विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बनीं। वर्ल्ड कप के पहले मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने मात्र 5 रन देकर दो विकेट चटकाए और पूरे टूर्नामेंट में कुल छह विकेट अपने नाम किए।
WPL 2025 के लीग स्टेज में RCB का शेड्यूल
- 14 फरवरी: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु vs गुजरात जायंट्स, वडोदरा
- 17 फरवरी: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु vs दिल्ली कैपिटल्स, वडोदरा
- 23 फरवरी: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु vs मुंबई इंडियंस, बेंगलुरु
- 26 फरवरी: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु vs यूपी वॉरियर्ज़, बेंगलुरु
- 29 फरवरी: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु vs गुजरात जायंट्स, बेंगलुरु
- 4 मार्च: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु vs दिल्ली कैपिटल्स, बेंगलुरु
- 8 मार्च: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु vs यूपी वॉरियर्ज़, लखनऊ
- 11 मार्च: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु vs मुंबई इंडियंस, ब्रेबॉर्न स्टेडियम
पिछले साल की चैंपियन टीम RCB अपने उसी आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरेगी, लेकिन प्रमुख खिलाड़ियों की चोट और अनुपलब्धता उनके लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकती है। टीम की सफलता काफी हद तक इस बात पर निर्भर करेगी कि स्मृति मंधाना, एलिस पेरी और ऋचा घोष बल्ले से कितना योगदान दे पाती हैं। गेंदबाजी में युवा खिलाड़ियों पर भी बड़ी जिम्मेदारी होगी। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या RCB एक बार फिर खिताब जीतने की प्रबल दावेदार बन पाती है या नहीं।
Latest Cricket News in Hindi, Latest Football News in Hindi, Latest Tennis News in Hindi और सभी Latest Sports News in Hindi के लिए हमारी वेबसाइट Sports Digest Hindi पर विजिट करें। इसके अलावा खेल से सम्बंधित सभी ताजा खबरें पाने के लिए हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।