वनडे क्रिकेट हो या फिर क्रिकेट का कोई भी फॉर्मेट, उसमें शतक लगाना अपने आप में काफी मुश्किल माना जाता है। हालाँकि कुछ विरले खिलाड़ी भी होते हैं जो वनडे क्रिकेट में न सिर्फ शतक लगाते हैं, बल्कि अपनी पारी को आगे बढ़ाते हुए दोहरा शतक लगाकर अपना नाम इतिहास में दर्ज करा देते हैं। वनडे क्रिकेट में बहुत से बल्लेबाज़ अब तक दोहरा शतक लगा चुके हैं लेकिन इस आर्टिकल में हम उन खिलाड़ियों के बारे में जानेंगे जिन्होंने वनडे क्रिकेट में सबसे कम उम्र में दोहरा शतक लगाया है।
इन बल्लेबाज़ों ने लगाया है ODI क्रिकेट में सबसे कम उम्र में दोहरा शतक
5. रोहित शर्मा (Rohit Sharma)- 27y 197d

टीम इंडिया के वनडे कप्तान रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट के सबसे सफल बल्लेबाज़ों में से हैं। वह जब भी वनडे क्रिकेट में शतक लगाते हैं तो फैंस उनसे दोहरे शतक की उम्मीद करते हैं, क्योंकि उन्होंने पूर्व में ऐसा कर रखा है। इस ओपनिंग बल्लेबाज़ ने यह दोहरा शतक श्रीलंका के खिलाफ साल 2014 में लगाया था। यह दोहरा शतक उन्होंने 27 साल और 197 दिन की उम्र में लगाया था।
इस मैच में इस धाकड़ बल्लेबाज़ ने 173 गेंदों का सामना करते हुए 33 चौकों और 9 छक्कों की मदद से 264 रन बनाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 152.60 का था। उनकी यह पारी इसलिए भी ख़ास थी क्योंकि यह ODI क्रिकेट की सबसे बड़ी पारी थी और यह रिकॉर्ड अब तक भी कायम है।
4. रोहित शर्मा (Rohit Sharma)- 26y 186d

भारत के ताबड़तोड़ ओपनिंग बल्लेबाज़ रोहित शर्मा ODI में काफी सफल हैं। वनडे क्रिकेट में जब भी दोहरा शतक लगाने की बात आएगी तो रोहित के नाम का ज़िक्र हमेशा आएगा, क्योंकि इस 38 वर्षीय बल्लेबाज़ ने इस फॉर्मेट में सबसे ज़्यादा दोहरे शतक लगा रखे हैं। उनके नाम 50 ओवरों के खेल में 3 डबल सेंचुरी लगाने का रिकॉर्ड है, जबकि बाकी कोई बल्लेबाज़ दो भी नहीं लगा पाया है।
रोहित शर्मा के लिए यह दोहरा शतक काफ़ी अहम था, क्योंकि यह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ साल 2013 में सीरीज़ डिसाइडर में आया था। उन्होंने यह कारनामा 26 साल 186 दिन की उम्र में किया था। इस मैच में शर्मा ने 158 गेंदों का सामना करते हुए 12 चौकों और 16 छक्कों की मदद से 209 रन बनाए थे और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 132.27 का था।
3. पथुम निसंका (Pathum Nissanka)- 25 साल 267 दिन

श्रीलंका के ओपनिंग बल्लेबाज़ पथुम निसंका भी इस ख़ास लिस्ट में शामिल हैं। उन्होंने यह रिकॉर्ड अफ़ग़ानिस्तान के खिलाफ साल 2024 में अपने नाम किया था और तब उनकी उम्र 25 साल 267 दिन थी। इस मैच में सलामी बल्लेबाज़ ने 139 गेंदों का सामना करते हुए 151.07 के स्ट्राइक रेट से 210 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी। उनकी इस पारी में 20 चौके और 8 छक्के भी शामिल थे।
2. ईशान किशन (Ishan Kishan)- 24 साल 145 दिन

भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज़ ईशान किशन ने बांग्लादेश के खिलाफ चटगांव में हुए तीसरे वनडे मैच में दोहरा शतक जड़ने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। उन्होंने इस मुकाबले में 210 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी। 27 वर्षोंय विकेटकीपर बल्लेबाज़ ने यह कारनामा 24 साल 145 दिन की उम्र में किया था।
उन्होंने इस पारी में 131 गेंदों पर 24 चौके और 10 छक्के लगाए थे और उनका स्ट्राइक रेट 160.30 का था। यह अब तक का सबसे तेज़ दोहरा शतक है।
1. शुभमन गिल (Shubman Gill) – 23 साल 132 दिन

भारत के टेस्ट कप्तान और ओडीआई के सलामी बल्लेबाज़ शुभमन गिल दोहरा शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज़ों की सूची में पहले नंबर पर हैं। उन्होंने 18 जनवरी 2023 को हैदराबाद में न्यूज़ीलैंड जैसी मज़बूत टीम के खिलाफ 208 रनों की शानदार पारी खेली थी।
वो सिर्फ 23 साल और 132 दिन की उम्र में गिल वनडे फॉर्मेट में दोहरा शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय बन गए थे। उन्होंने 149 गेंदों पर 19 चौके और 9 छक्के लगाए और 139.59 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे।

