Dabang Delhi K.C. vs Bengal Warriorz PKL 2025 Match 23 Preview: प्रो कबड्डी लीग 2025 का रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार 9 सितंबर को वाइजैग के विश्वनाथ स्पोर्ट्स क्लब में दबंग दिल्ली के.सी. और बंगाल वॉरियर्ज के बीच सीजन का 23वां मुकाबला खेला जाएगा।
इस मैच को लेकर सबसे बड़ी चर्चा दोनों टीमों के स्टार रेडर्स आशु मलिक और देवांक के बीच टक्कर की है। दिल्ली इस सीजन में अभी तक अपराजित रही है और लगातार तीन मैच जीत चुकी है। दूसरी ओर, बंगाल वॉरियर्ज ने पहला मैच जीतने के बाद लगातार दो हार का सामना किया है।
मैच की जानकारी
मैच: दबंग दिल्ली के.सी. बनाम बंगाल वॉरियर्ज, मैच 23
टूर्नामेंट: प्रो कबड्डी लीग 2025
तारीख: मंगलवार, 9 सितंबर 2025
समय: शाम 7:30 बजे (IST)
स्थान: विश्वनाथ स्पोर्ट्स क्लब, वाइजैग
लाइव प्रसारण: स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार
इस मैच में क्या रहेगा देखने लायक?
आशु मलिक और देवांक की जंग
इस मैच का सबसे अहम आकर्षण दोनों टीमों के कप्तानों की भिड़ंत होगी। दिल्ली के आशु मलिक PKL 10 के संयुक्त टॉप रेडर रहे थे और इस बार भी अपनी टीम के लिए लगातार निर्णायक रेड्स में अंक जुटा रहे हैं। वहीं, बंगाल वॉरियर्ज के कप्तान देवांक PKL 11 के टॉप रेडर रह चुके हैं और मौजूदा सीजन में लगातार तीन सुपर 10 के साथ शानदार लय में हैं। दोनों खिलाड़ियों ने अब तक अपनी टीमों के लिए 60% से ज्यादा रेड अंक जुटाए हैं, जो उनकी अहमियत को और बढ़ाता है।
पिछली बार इन दोनों का आमना-सामना PKL 11 के सेमीफाइनल में हुआ था, जहां देवांक की टीम पटना पाइरेट्स ने दिल्ली को हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया था। ऐसे में यह मैच एक बार फिर साबित करेगा कि कौन सा रेडर इस समय सबसे आगे है।
दबंग दिल्ली का मजबूत डिफेंस
दिल्ली की सबसे बड़ी ताकत उसके डिफेंस में है। टीम के पास ईरान के दिग्गज फ़ज़ल अत्राचली हैं, जिन्हें “सुल्तान” कहा जाता है। उन्होंने बंगाल के खिलाफ अब तक चार हाई-5 हासिल किए हैं, जो उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड है। उनके साथ सुरजीत सिंह और सौरभ नंदल जैसे अनुभवी खिलाड़ी डिफेंस को और मजबूत करते हैं।
हालांकि पिछले मैच में फ़ज़ल सिर्फ एक टैकल प्वाइंट ले पाए थे, लेकिन उनका अनुभव दिल्ली को संतुलित बनाए रखता है। इस सीजन में वह और सौरभ नंदल टीम के सबसे सफल डिफेंडर रहे हैं।
बंगाल वॉरियर्ज का कॉर्नर कॉम्बिनेशन
बंगाल की टीम भले ही पिछली दो हार से जूझ रही हो, लेकिन उसके दोनों कोनों के डिफेंडर नितेश कुमार और आशीष शानदार फॉर्म में हैं। पिछले मुकाबले में दोनों ने हाई-5 हासिल किए। नितेश ने अपने करियर का 29वां हाई-5 पूरा किया, जिससे वह PKL इतिहास में चौथे सबसे सफल डिफेंडर बन गए। आशीष भी इस सीजन में पहले ही दो हाई-5 कर चुके हैं।
अगर यह डिफेंस आशु मलिक और नवीन जैसे रेडर्स को रोकने में कामयाब रहा, तो बंगाल के पास दिल्ली की जीत की लय को तोड़ने का मौका होगा।
दबंग दिल्ली PKL 2025 में का अब तक का सफर
दिल्ली ने इस सीजन की शुरुआत बेंगलुरु बुल्स पर 41-34 की जीत के साथ की। इसके बाद पुणेरी पलटन के खिलाफ मैच रोमांचक गोल्डन रेड तक गया, जिसमें दिल्ली ने बाजी मारी। तीसरे मैच में उन्होंने जयपुर पिंक पैंथर्स को 36-35 से हराकर तीन में तीन जीत दर्ज की। खास बात यह है कि दिल्ली ने पिछले दो मुकाबले आखिरी रेड पर जीते हैं, जिससे उनकी टीम का आत्मविश्वास और बढ़ा है।
बंगाल वॉरियर्ज का PKL 2025 में अब तक का सफर
बंगाल ने हरियाणा स्टीलर्स के खिलाफ 54-44 से शानदार जीत के साथ सीजन की शुरुआत की थी। लेकिन इसके बाद पुणेरी पलटन के खिलाफ 36-45 और फिर तेलुगु टाइटन्स के खिलाफ 34-44 से हार झेलनी पड़ी। उनकी सबसे बड़ी समस्या डिफेंस का ढीला प्रदर्शन रहा है, जिसने लगातार दो मैचों में 40 से ज्यादा अंक लुटाए हैं।
दबंग दिल्ली के.सी. और बंगाल वॉरियर्ज हेड टू हेड रिकॉर्ड
अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 23 मैच हुए हैं, जिसमें दिल्ली ने 10, बंगाल ने 9 मैच जीते हैं और 4 मुकाबले बराबरी पर छूटे हैं। PKL 11 में दिल्ली ने दोनों मैचों में जीत दर्ज की थी। ऐसे में इतिहास भी दिल्ली के साथ खड़ा दिखाई देता है।
मैच में क्या होगा खास?
इस मुकाबले में एक ओर जहां दिल्ली अपनी अपराजित लय को बरकरार रखना चाहेगी, वहीं बंगाल हार की लय तोड़कर वापसी करना चाहेगा। दिल्ली की उम्मीदें आशु मलिक और नवीन से होंगी, जबकि बंगाल के लिए देवांक अकेले दम पर मैदान पलट सकते हैं। मुकाबला हाई-स्कोरिंग और रोमांचक होने की पूरी संभावना है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)
प्रश्न 1. दबंग दिल्ली और बंगाल वॉरियर्ज के बीच प्रो कबड्डी लीग इतिहास में कितने मैच खेले गए हैं?
उत्तर: अब तक दोनों के बीच 23 मैच हुए हैं, जिनमें दिल्ली ने 10 और बंगाल ने 9 मुकाबले जीते हैं, जबकि 4 मुकाबले टाई रहे हैं।
प्रश्न 2. इस मैच के सबसे बड़े स्टार खिलाड़ी कौन होंगे?
उत्तर: दिल्ली के कप्तान आशु मलिक और बंगाल के कप्तान देवांक सबसे अहम खिलाड़ी होंगे, दोनों ही इस सीजन में शानदार फॉर्म में हैं।
प्रश्न 3. दबंग दिल्ली की इस सीजन में अब तक की स्थिति कैसी है?
उत्तर: दिल्ली ने अब तक तीन मैच खेले और तीनों जीते हैं। उनकी टीम अपराजित है और टॉप फॉर्म में नजर आ रही है।
प्रश्न 4. बंगाल वॉरियर्ज को PKL 2025 में किन कमियों से जूझना पड़ रहा है?
उत्तर: बंगाल की सबसे बड़ी समस्या उनका डिफेंस है, जिसने लगातार दो मैचों में 40 से ज्यादा अंक गंवाए हैं।
प्रश्न 5. दबंग दिल्ली और बंगाल वॉरियर्ज मैच कब और कहां खेला जाएगा?
उत्तर: यह मुकाबला 9 सितंबर 2025 को शाम 7:30 बजे से वाइजैग के विश्वनाथ स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा।
संभावित प्लेइंग सेवन
दबंग दिल्ली के.सी.
- राइट कॉर्नर – सौरभ नांदल
- राइट इन – नवीन
- राइट कवर – सुरजीत सिंह
- सेंटर – आशु मलिक (कप्तान)
- लेफ्ट कवर – संदीप
- लेफ्ट इन – नीरज नारवाल
- लेफ्ट कॉर्नर – फज़ल अत्राचली
बंगाल वॉरियर्ज़
- राइट कॉर्नर – नितेश कुमार
- राइट इन – देवांक (कप्तान)
- राइट कवर – मयूर कदम
- सेंटर – मंजीत
- लेफ्ट कवर – अंकित
- लेफ्ट इन – मनप्रीत
- लेफ्ट कॉर्नर – आशीष







