Friday, March 20

U Mumba Captain Sunil Kumar Reacts to Tie-Breaker Rule in PKL 2025: प्रो कबड्डी लीग सीजन 12 का रोमांच इस समय चरम पर है और हर मैच में दर्शकों को कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। मंगलवार को जयपुर के एसएमएस इंडोर स्टेडियम में यू मुंबा और जयपुर पिंक पैंथर्स के बीच खेला गया मुकाबला आखिरी पलों तक रोमांचक बना रहा।

दोनों टीमों के बीच मैच 38-38 की बराबरी पर खत्म हुआ और परिणाम टाई-ब्रेकर में गया, जहां जयपुर पिंक पैंथर्स ने 6-4 से जीत दर्ज की। इस हार के बाद यू मुंबा कप्तान सुनील कुमार और हेड कोच अनिल चपराना ने टीम के प्रदर्शन पर खुलकर बात की और टाई-ब्रेकर नियम पर भी अपनी राय रखी।

आखिरी पलों में फिसली यू मुंबा की पकड़

मैच के दौरान यू मुंबा ने अच्छी शुरुआत की और पहले हाफ में बढ़त बनाए रखी। डिफेंस ने शानदार प्रदर्शन किया और रेडर्स को लगातार अंक दिलाने में मदद की। कप्तान सुनील कुमार ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि टीम की पूरी योजना विपक्षी रेडर्स नितिन कुमार और अली समदी को रोकने पर केंद्रित थी।

उन्होंने बताया कि अली समदी को ज्यादा अंक लेने से रोका गया और नितिन को भी लगातार टैकल करके उनके असर को कम किया गया। सुनील ने माना कि उनकी रणनीति लगभग सफल रही, लेकिन आखिरी पलों में हुई एक गलती से जयपुर को बराबरी का मौका मिला और फिर टाई-ब्रेकर में नतीजा उनके खिलाफ गया।

सुनील कुमार ने कहा, “टाई-ब्रेकर में कोई भी टीम जीत सकती है। हमने लोकल टूर्नामेंट्स और नेशनल लेवल पर पहले भी पांच रेड वाले टाई-ब्रेकर नियम के तहत खेला है। अब लीग ने भी इस नियम को अपनाया है, जिससे मुकाबले और भी दिलचस्प हो गए हैं। फैन्स भी इन पलों का भरपूर आनंद ले रहे हैं।”

हेड कोच ने बताई टीम की रणनीति

यू मुंबा के हेड कोच अनिल चपराना ने मैच के अहम मोड़ों पर हुई गलतियों पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि टीम को बार-बार यह संदेश दिया गया था कि विपक्षी टीम जब बोनस की कोशिश करे तो डिफेंस को तुरंत कैच करने की कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने माना कि लोकश की एक गलती से टीम का एक रेडर आउट हो गया और उसके बाद विपक्षी टीम ने ऑलआउट लेकर स्कोर बराबर कर दिया।

संदीप कुमार का शानदार प्रदर्शन

इस रोमांचक मुकाबले में संदीप कुमार यू मुंबा के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी साबित हुए। उन्होंने अपने करियर का पहला सुपर 10 पूरा किया और टीम को अंत तक बढ़त दिलाने की कोशिश की। सुनील कुमार ने उनकी तारीफ करते हुए कहा कि संदीप शुरुआत से अंत तक टीम के लिए लगातार अंक जुटाते रहे। हालांकि, आखिरी रेड में उनसे भी गलती हुई, लेकिन कप्तान ने इसे खेल का हिस्सा मानते हुए कहा कि ऐसी गलती किसी से भी हो सकती है।

बेंगलुरु बुल्स और यूपी योद्धाज के बीच होगा आज का पहला मुकाबला

गुरुवार को होने वाले मुकाबलों की बात करें तो पहला मैच बेंगलुरु बुल्स और यूपी योद्धाज के बीच खेला जाएगा। बुल्स ने अपने पिछले पांच मैचों में से चार में जीत दर्ज की है और शानदार फॉर्म में हैं। उनकी डिफेंस यूनिट ने हाल में बेहतरीन प्रदर्शन किया है और टीम का आत्मविश्वास काफी ऊंचा है।

दूसरी तरफ, यूपी योद्धाज ने अपनी चार मैचों की हार की लय तोड़ी है और जीत के साथ वापसी की है। यह मुकाबला कड़ा हो सकता है क्योंकि दोनों टीमों के बीच अंक का अंतर सिर्फ चार है। बुल्स को इस मैच में हल्की बढ़त जरूर दी जा रही है लेकिन योद्धाज के पास उलटफेर करने का दम है।

दबंग दिल्ली केसी बनाम यू मुंबा होगा आज का दूसरा बड़ा मुकाबला

दिन का दूसरा मुकाबला दबंग दिल्ली केसी और यू मुंबा के बीच होगा। दिल्ली की टीम अपने पिछले मैच में हार झेल चुकी है और वापसी करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। इस सीजन में जोगिंदर नरवाल की अगुआई वाली टीम शानदार लय में रही है और लगातार जीत दर्ज करती आई है। अब उनका सामना यू मुंबा से है, जो इस सीजन में उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रही है। यू मुंबा को इस मुकाबले में जीत हासिल करने के लिए अपने डिफेंस और रेडर्स से सामूहिक प्रयास की जरूरत होगी।

टाई-ब्रेकर नियम से बढ़ा लीग का रोमांच

प्रो कबड्डी लीग में इस बार टाई-ब्रेकर का नियम काफी चर्चा में है। पहले जहां मैच टाई होने पर दोनों टीमों को बराबर अंक मिलते थे, वहीं अब पांच-पांच रेड के टाई-ब्रेकर से नतीजा निकलता है। यह नियम दर्शकों को ज्यादा रोमांचक अनुभव देता है और खिलाड़ियों को दबाव में अपने खेल को निखारने का मौका भी देता है। सुनील कुमार के मुताबिक यह नियम लीग को और दिलचस्प बना रहा है क्योंकि हर टीम आखिरी पलों तक पूरी ताकत लगाती है और दर्शकों को हाई-वोल्टेज एंटरटेनमेंट मिलता है।

प्रो कबड्डी लीग 2025 (PKL 2025) से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version