बांग्लादेश के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी कर सकते हैं बड़ा कारनामा
भारतीय अंडर-19 टीम ने जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में हुए आईसीसी अंडर-19 विश्व कप में जबरदस्त शुरुआत की है। ग्रुप-ए के पहले मैच में टीम इंडिया ने यूएसए को डीएलएस नियम के तहत 6 विकेट से हराया। अब भारत का अगला मुकाबला 17 जनवरी को बांग्लादेश के खिलाफ होगा, और सभी की निगाहें ओपनर वैभव सूर्यवंशी पर होंगी। यूएसए के खिलाफ वैभव का प्रदर्शन खास नहीं रहा, क्योंकि वह सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए थे। ऐसे में बांग्लादेश के खिलाफ उनके पास खुद को साबित करने और बड़ी पारी खेलने का शानदार मौका है।
4 रन बनाते ही वैभव सूर्यवंशी, विराट कोहली को पीछे छोड़ देंगे
वैभव सूर्यवंशी की बात करें तो पिछले एक साल में वह वर्ल्ड क्रिकेट में काफी चर्चा में रहे हैं। इसकी मुख्य वजह उनका बेखौफ और आक्रामक बल्लेबाजी अंदाज है, जिससे उन्होंने कई रिकॉर्ड बनाए हैं। अब बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले मैच में उनके पास एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करने का अच्छा मौका होगा।
अब तक वैभव ने यूथ वनडे की 19 पारियों में 50 से ज्यादा की औसत से 975 रन बनाए हैं। विराट कोहली का यूथ वनडे रिकॉर्ड तोड़ने के लिए उन्हें सिर्फ 4 रन की जरूरत है। कोहली ने यूथ वनडे में 25 पारियों में 978 रन बनाए थे। वहीं, अगर वैभव इस मैच में 25 रन और बना लेते हैं, तो वह भारत की ओर से यूथ वनडे में सबसे कम पारियों में 1000 रन पूरे करने वाले तीसरे बल्लेबाज बन जाएंगे।
हेनिल पटेल पर भी रहेगी सभी की नजरें
आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप में यूएसए के खिलाफ पहले मैच में भारत की जीत में तेज गेंदबाज हेनिल पटेल की भूमिका बहुत अहम रही। उन्होंने 7 ओवर में शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 16 रन दिए और 5 विकेट लिए। अब बांग्लादेश अंडर-19 टीम के खिलाफ होने वाले अगले मैच में भी टीम इंडिया को उनसे ऐसे ही अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। भारत और बांग्लादेश के बीच यह मैच बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा।

