वनडे क्रिकेट में भारतीय टीम का बोलबाला रहा है। इस फॉर्मेट में बल्लेबाजी के ज्यादातर रिकॉर्ड भारतीय खिलाड़ियों के नाम पर ही हैं। हालांकि उसके बाद भी आज तक चुनिंदा खिलाड़ी ही हुए हैं जो नंबर 1 की रैंकिंग पर काबिज हो सके हैं। रैंकिंग का प्रयोग इसलिए भी किया जाता है ताकि खिलाड़ियों की काबिलियत का पता लगाया जा सके। तो चलिए जानते हैं कि अब तक कितने भारतीय बल्लेबाज वनडे में नंबर 1 पर रहे हैं।
वनडे में नंबर एक की रैंकिंग हासिल करने वाले भारतीय बल्लेबाज
1. सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar)

क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर पहले भारतीय बल्लेबाज थे जिन्होंने वनडे क्रिकेट में नंबर एक की रैंकिंग हासिल की थी। उन्होंने साल 1996 में लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर नंबर एक पर कब्जा किया था। वो काफी समय तक इस पायदान पर काबिज रहे थे।
सचिन ने अपनी बल्लेबाजी से दुनियाभर के गेंदबाजों का जीना हराम कर दिया था। उन्होंने कठिन से कठिन परिस्थिति में जाकर अपनी टीम के लिए न सिर्फ रन बनाए बल्कि मैच जिताने में भी मदद की। उन्होंने नेक्स्ट जेनरेशन को रास्ता दिखाया।
2. एमएस धोनी (MS Dhoni)

टीम इंडिया के पूर्व और सबसे सफल कप्तान एमएस धोनी ने अपने करियर के आखिरी समय में भले ही अपने गेम को सिचुएशन के हिसाब से ढाल लिया हो लेकिन जब वो नए-नए आए थे तो काफी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी किया करते थे। उन्होंने अपनी तूफानी बल्लेबाजी के दम पर दुनियाभर में अपने नाम का डंका बजवा दिया था।
अपने डेब्यू के एक साल के अंदर ही वो नंबर एक बल्लेबाज बन गए थे। साल 2006 में उन्होंने रिकी पोंटिंग को पछाड़कर यह पोजीशन हासिल की थी। उनके नाम वनडे क्रिकेट में सबसे कम पारियों में नंबर 1 बल्लेबाज बनने का रिकॉर्ड दर्ज है।
धोनी 2006 में ज्यादा समय के लिए नंबर एक पर नहीं रह पाए थे लेकिन 2008 में उन्होंने फिर से नंबर एक की पोजीशन हासिल की और वो लगभग दो साल तक काबिज रहे थे।
3. विराट कोहली (Virat Kohli)

टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली अकेले ऐसे खिलाड़ी हैं जो कई साल तक वनडे में नंबर एक की रैंकिंग पर बरकरार रहे थे। वो पहली बार साल 2013 में नंबर एक बल्लेबाज बने थे लेकिन कुछ ही समय तक रह पाए थे। और उसके बाद 2016 में जब वो दोबारा नंबर 1 के स्थान पर आए तो 4 सालों तक नंबर एक बल्लेबाज ही बने रहे थे। उन्होंने एक बार में सबसे ज्यादा समय तक नंबर एक बने रहने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया था।
4. शुभमन गिल (Shubman Gill)

टीम इंडिया के मौजूदा कप्तान शुभमन गिल का वनडे करियर भले ही छोटा हो लेकिन वो जिस परिपक्वता के साथ खेलते हैं, उसमें लगता है कि वो कई सालों से खेल रहे हों। साल 2023 में वो जबरदस्त फॉर्म में थे और उसी साल कई शानदार पारियां खेलकर आए थे, जिसका इनाम उन्हें नंबर एक रैंकिंग के रूप में मिला था। हालांकि वो लंबे समय तक उसमें बरकरार नहीं रह पाए थे।
5. रोहित शर्मा (Rohit Sharma)

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा वनडे फॉर्मेट के बेस्ट बल्लेबाजों में से एक हैं। उनके नाम इस फॉर्मेट में सबसे बड़ी पारियां खेलने का रिकॉर्ड भी दर्ज है और भी बहुत से रिकॉर्ड्स हैं। लेकिन वो कभी नंबर एक की रैंकिंग हासिल नहीं कर पाए थे, क्योंकि उस समय उनका कंपटीशन सीधे विराट कोहली से था।
हालांकि पिछले कुछ समय से वो लगातार शानदार फॉर्म में चल रहे थे और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैन ऑफ द सीरीज बनने के बाद वो नंबर एक की रैंकिंग पर भी आ गए थे। फिलहाल वो ही वनडे के नंबर एक बल्लेबाज हैं।







