India vs England ODI Squad 2026: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंग्लैंड के दौरे पर खेली जाने वाली आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। रविवार, 21 जून को जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में चयन समिति ने 15 सदस्यीय स्क्वाड की घोषणा की। नियमित कप्तान शुभमन गिल इस दौरे पर भी टीम इंडिया की अगुवाई करेंगे, जबकि श्रेयस अय्यर को उपकप्तान बनाया गया है।
बता दें कि, आईपीएल 2026 के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई वनडे सीरीज में भारतीय टीम ने 3-0 से क्लीन स्वीप किया। उस सीरीज में कप्तान शुभमन गिल, रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, ईशान किशन और गुरनूर बराड़ और प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार प्रदर्शन किया।
विराट कोहली की वनडे टीम में वापसी
इंग्लैंड दौरे के लिए घोषित टीम में विराट कोहली की भी वापसी हुई है। कोहली हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं थे, लेकिन अब उन्हें इंग्लैंड दौरे के लिए टीम में शामिल किया गया है। हालांकि, BCCI ने स्पष्ट किया है कि उनका चयन फिटनेस क्लीयरेंस के अधीन रहेगा।
गौरतलब हो कि, कोहली का आईपीएल 2026 का खिताब जीतने के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ खेली जाने वाली वनडे सीरीज का हिस्सा बनना तय था, लेकिन ऐन मौके पर उनके चोटिल होने की खबर आ गई थी, जिसके चलते उन्हें टीम से बाहर रखा गया था।
यशस्वी जायसवाल को नहीं मिली जगह
अफगानिस्तान के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई वनडे सीरीज में शतक लगाने वाले युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को इंग्लैंड दौरे के लिए घोषित वनडे टीम में जगह नहीं मिली है।
जायसवाल ने चेन्नई में खेले गए तीसरे वनडे में 110* रनों की शानदार पारी खेलकर भारत की 3-0 की सीरीज जीत में अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि, चयनकर्ताओं ने इस बार रोहित शर्मा और शुभमन गिल की अनुभवी ओपनिंग जोड़ी पर भरोसा जताया है।
यह भी पढ़ें: यशस्वी जायसवाल के अंतरराष्ट्रीय शतकों की पूरी लिस्ट
भारतीय टीम में दिखा अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का संतुलन
इंग्लैंड दौरे के लिए घोषित वनडे टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का अच्छा संतुलन देखने को मिला है। रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल और जसप्रीत बुमराह जैसे सीनियर खिलाड़ियों के साथ-साथ शुभमन गिल, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा और गुरनूर बराड़ जैसे युवा खिलाड़ियों को भी मौका मिला है।
इंग्लैंड की परिस्थितियों में होने वाली यह तीन मैचों की वनडे सीरीज भारतीय टीम के लिए अहम मानी जा रही है। ऐसे में सभी की नजरें विराट कोहली की फिटनेस, शुभमन गिल की कप्तानी और टीम इंडिया के प्रदर्शन पर रहेंगी।
इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की वनडे टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली*, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और गुरनूर बराड़।
*विराट कोहली का चयन फिटनेस क्लीयरेंस के अधीन है।
इंग्लैंड बनाम भारत वनडे सीरीज 2026 का पूरा शेड्यूल
| मैच | तारीख | समय (भारतीय समयानुसार) | स्थान |
| पहला वनडे | 14 जुलाई 2026 | 3:30 PM | एजबेस्टन |
| दूसरा वनडे | 16 जुलाई 2026 | 5:30 PM | सोफिया गार्डन्स |
| तीसरा वनडे | 19 जुलाई 2026 | 3:30 PM | लॉर्ड्स |
आयरलैंड दौरे के लिए भी भारतीय टी20 टीम में हुआ एक बदलाव
BCCI ने अपनी विज्ञप्ति में यह भी जानकारी दी कि स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती आयरलैंड के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। स्टार स्पिनर आईपीएल 2026 के दौरान लगी बाएं पैर की चोट से उबर रहे हैं और फिलहाल BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब प्रक्रिया से गुजर रहे हैं।
बोर्ड के अनुसार वरुण अपनी रिकवरी के अंतिम चरण में हैं, लेकिन वह आयरलैंड सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। गौरतलब है कि, आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम का ऐलान पहले ही किया जा चुका था।
आयरलैंड टी20 सीरीज के लिए भारत की अपडेटेड टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी और प्रसिद्ध कृष्णा।
क्रिकेट की लेटेस्ट न्यूज के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







