यशस्वी जायसवाल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बहुत कम समय में खुद को भारत के सबसे भरोसेमंद सलामी बल्लेबाजों में शामिल कर लिया है। उन्होंने टेस्ट, वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय तीनों प्रारूपों में बड़े स्कोर बनाकर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया है।
वेस्टइंडीज दौरे पर जुलाई 2023 में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले जायसवाल 20 जून 2026 तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10 शतक लगा चुके हैं। इनमें कई यादगार पारियां शामिल हैं, जिनकी बदौलत भारत को अहम मुकाबलों में जीत भी मिली। आइए जानते हैं यशस्वी जायसवाल के अंतरराष्ट्रीय शतकों की पूरी लिस्ट और उनकी यादगार पारियों के बारे में।
ये है यशस्वी जायसवाल के अंतरराष्ट्रीय शतकों की पूरी लिस्ट
| क्रम | स्कोर | विरोधी टीम | फॉर्मेट | स्थान | तारीख | परिणाम |
| 1 | 171 | वेस्टइंडीज | टेस्ट | रोज़ो | 12 जुलाई 2023 | जीत |
| 2 | 100 | नेपाल | टी20 अंतरराष्ट्रीय | हांगझू | 3 अक्टूबर 2023 | जीत |
| 3 | 209 | इंग्लैंड | टेस्ट | विशाखापत्तनम | 2 फरवरी 2024 | जीत |
| 4 | 214* | इंग्लैंड | टेस्ट | राजकोट | 15 फरवरी 2024 | जीत |
| 5 | 161 | ऑस्ट्रेलिया | टेस्ट | पर्थ | 22 नवंबर 2024 | जीत |
| 6 | 101 | इंग्लैंड | टेस्ट | लीड्स | 20 जून 2025 | हार |
| 7 | 118 | इंग्लैंड | टेस्ट | द ओवल | 31 जुलाई 2025 | जीत |
| 8 | 175 | वेस्टइंडीज | टेस्ट | दिल्ली | 10 अक्टूबर 2025 | जीत |
| 9 | 116* | दक्षिण अफ्रीका | वनडे | विशाखापत्तनम | 6 दिसंबर 2025 | जीत |
| 10 | 110* | अफगानिस्तान | वनडे | चेन्नई | 20 जून 2026 | जीत |
1. 171 रन बनाम वेस्टइंडीज, रोज़ो, 2023 (टेस्ट)
यशस्वी जायसवाल ने जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज दौरे पर रोज़ो में खेले गए पहले टेस्ट के दौरान अपने डेब्यू मैच को यादगार बना दिया था। उन्होंने मेजबान टीम के खिलाफ 387 गेंदों पर 16 चौके और एक छक्के की मदद से 171 रन बनाए और मजबूत नींव रखी।
जायसवाल की इस शानदार पारी की बदौलत भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 421/10 का स्कोर बनाया और एक पारी एवं 141 रनों से शानदार जीत हासिल की। इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था।
2. 100 रन बनाम नेपाल, हांगझू, 2023 (टी20 अंतरराष्ट्रीय)
हांगझू में खेले गए एशियन गेम्स 2023 के क्वार्टर-फाइनल मुकाबले में यशस्वी जायसवाल ने नेपाल के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक लगाया था। उन्होंने इस फॉर्मेट में अपने छठे ही मैच में सिर्फ 49 गेंदों में 8 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 100 रनों की शानदार पारी खेली।
जायसवाल की आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने 202/4 जैसा बड़ा स्कोर खड़ा किया और 23 रनों से जीत हासिल करके सेमीफाइनल में जगह बनाई। अंत में भारत ने फाइनल जीतकर गोल्ड मेडल जीता था, जो पुरुष क्रिकेट इवेंट में भारत का पहला गोल्ड मेडल था।
3. 209 रन बनाम इंग्लैंड, विशाखापत्तनम, 2024 (टेस्ट)
विशाखापत्तनम टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ यशस्वी जायसवाल ने अपने करियर की यादगार और बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने पहली पारी में 290 गेंदों पर 19 चौके और 7 छक्के लगाते हुए 209 रन बनाकर भारतीय टीम को 396/10 के स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी।
इसके बाद भारतीय टीम ने अपनी दूसरी पारी में 255 का स्कोर बनाया था। उस मुकाबले में भारत को 106 रनों से जीत हासिल हुई थी, क्योंकि इंग्लैंड की टीम अपनी पहली पारी में 253 और दूसरी पारी में सिर्फ 292 रन ही बना सकी थी। उस मैच में भी जायसवाल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।
4. 214* रन बनाम इंग्लैंड, राजकोट, 2024 (टेस्ट)
इंग्लैंड के खिलाफ 2024 की उसी टेस्ट सीरीज में राजकोट में खेले गए मुकाबले में यशस्वी जायसवाल ने एक और दोहरा शतक लगाकर अपनी क्लास साबित की। उन्होंने उस मैच की दूसरी पारी में 236 गेंदों में 14 चौकों और 12 छक्कों की मदद से 214* रनों की शानदार पारी खेली।
इसकी बदौलत भारत ने 430/4 के स्कोर पर अपनी पारी घोषित कर दी थी और इंग्लैंड के सामने 557 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा था। इस बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम मात्र 122 रनों पर ही ऑल आउट हो गई थी और उन्हें 434 रनों से हार का सामना करना पड़ा था।
5. 161 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया, पर्थ, 2024 (टेस्ट)
2024 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम पहली पारी में मात्र 150 रनों पर ऑल आउट हो गई थी, लेकिन उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को भी पहली पारी में 104 रनों पर समेट दिया था। इसके बाद दूसरी पारी में यशस्वी जायसवाल ने 297 गेंदों पर 15 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 161 रनों की बेहतरीन पारी खेली।
जायसवाल ने तेज और उछालभरी पिच पर लंबे समय तक टिककर बल्लेबाजी की, जो इतना आसान नहीं था। उनकी शानदार बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने 487/6 के स्कोर पर पारी घोषित की थी और 295 रनों से जीत भी दर्ज की थी।
6. 101 रन बनाम इंग्लैंड, लीड्स, 2025 (टेस्ट)
2025 के इंग्लैंड दौरे पर लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच में यशस्वी जायसवाल ने 159 गेंदों पर 16 चौकों और एक छक्के की मदद से 101 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जिसकी बदौलत भारत ने पहली पारी में 471/10 का स्कोर बनाया था।
इसके बाद इंग्लैंड की टीम ने अपनी पहली पारी में 465 रन बनाए, जो भारत से 6 रन कम थे। हालांकि, दूसरी पारी में भारतीय टीम ने 364 रन बनाए, लेकिन 371 का टारगेट डिफेंड करते हुए उन्हें पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।
7. 118 रन बनाम इंग्लैंड, द ओवल, 2025 (टेस्ट)
2025 के ही इंग्लैंड दौरे पर द ओवल में खेले गए पांचवें एवं अंतिम टेस्ट मैच की दूसरी पारी में जायसवाल ने 164 गेंदों पर 14 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 118 रन बनाए थे, जिससे मुश्किल में फंसी टीम इंडिया 396/10 का स्कोर बना सकी थी।
उस मुकाबले में भारतीय टीम अपनी पहली पारी में 224 रनों पर ही ऑल आउट हो गई थी, जिसके बाद इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 247 रन बनाए थे। हालांकि, अंतिम पारी में 371 रनों के लक्ष्य का पीछा करती हुई मेजबान टीम को 6 रनों के करीबी अंतर से हार का सामना करना पड़ा था और पांच मैचों की वह सीरीज 2-2 से ड्रॉ पर खत्म हुई थी।
8. 175 रन बनाम वेस्टइंडीज, दिल्ली, 2025 (टेस्ट)
इंग्लैंड दौरे से वापस आने के बाद दिल्ली में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैच में यशस्वी जायसवाल ने 258 गेंदों पर 22 चौकों के साथ 175 रन बनाए थे। उनकी इस पारी की बदौलत भारतीय टीम ने 518/5 के स्कोर पर पारी घोषित कर दी थी।
इसके बाद वेस्टइंडीज की टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 248 रन बनाकर ऑल आउट हो गई और उन्हें फॉलो ऑन खेलना पड़ा, जहाँ वह 390 रन बनाने में कामयाब हुए। अंत में भारतीय टीम ने 121 रनों का टारगेट चेज करते हुए 7 विकेट से जीत हासिल की थी।
9. 116* रन बनाम दक्षिण अफ्रीका, विशाखापत्तनम, 2025 (वनडे)
साउथ अफ्रीका के खिलाफ दिसंबर 2025 में विशाखापत्तनम में खेले गए तीसरे वनडे मैच में यशस्वी जायसवाल ने अपने वनडे करियर का पहला शतक लगाया था। उन्होंने 121 गेंदों पर 116* रनों की शानदार पारी खेली थी। उनकी इस पारी में 12 चौके और 2 छक्के शामिल थे।
उस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले गेंदबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 270 रनों पर ऑल आउट कर दिया था। इसके बाद 271 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मेजबान टीम ने 9 विकेट से आसान जीत हासिल कर ली थी, जिसमें जायसवाल के शतक ने अहम भूमिका निभाई थी। उनकी इस पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था।
10. 110* रन बनाम अफगानिस्तान, चेन्नई, 2026 (वनडे)
20 जून 2026 को चेन्नई में अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले में जायसवाल ने 86 गेंदों पर 14 चौके और 3 छक्के लगाते हुए 110* रनों की शानदार पारी खेली। यह उनके वनडे करियर का मात्र छठा मैच था।
इस मुकाबले में भारतीय टीम अफगानिस्तान द्वारा दिए गए 219 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा कर रही थी। भारत की ओर से रोहित शर्मा (79 रन) और जायसवाल ने शानदार और तेज बल्लेबाजी से इस टारगेट को और भी आसान बना दिया। अंत में, टीम इंडिया ने मात्र 28.4 ओवरों में सिर्फ एक विकेट खोकर यह मैच अपने नाम किया और सीरीज को 3-0 से क्लीन स्वीप कर लिया।
क्रिकेट की लेटेस्ट न्यूज के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







