भारत ने 2007 में पहला ICC T20 वर्ल्ड कप जीता था। 2024 में भी रोहित शर्मा की अगुआई में भारत ने इस ट्रॉफी को दूसरी बार उठाया था। इस टूर्नामेंट ने कई ऐसे यादगार पल दिए हैं, जिन्होंने T20 क्रिकेट के इतिहास को काफी लोकप्रिय बना दिया है। वहीं, इस बार 7 फरवरी 2026 से टी20 वर्ल्ड कप का आगाज़ होने वाला है। इस बार नए स्टार क्रिकेटर भी सामने आएंगे। इस आर्टिकल में हम आपको इस ट्रॉफी के इतिहास के कुछ शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शनों पर एक नज़र डालते हैं।
टी 20 वर्ल्ड कप इतिहास में खेली गयी खास परियां
1. 2007 – युवराज सिंह (भारत), 6 गेंदों में 6 छक्के Vs इंग्लैंड
पहली बार खेले गए इस सीजन में T20 वर्ल्ड कप में युवराज सिंह ने शानदार पारी खेली थी, जो हमेशा के लिए फैंस के दिलों में दर्ज हो गई। युवी ने इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ही ओवर में लगातार छह छक्के जड़ दिए थे। इसके साथ ही युवराज, गैरी सोबर्स, रवि शास्त्री और हर्शल गिब्स के बाद लगातार छह छक्के लगाने वाले चौथे खिलाड़ी बन गए। T20 क्रिकेट में ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी युवराज ही थे।
युवराज की इस मैच विनिंग पारी के बदौलत भारत एक बड़े स्कोर तक पहुँचा और 25 साल की उम्र में उन्होंने सिर्फ 12 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया। यह उस समय T20I का सबसे तेज अर्धशतक था, जो 2023 तक कायम रहा। भारत ने इस मैच को आसानी से जीत लिया था।
2. 2009 – शाहिद अफरीदी (पाकिस्तान), 34 गेंदों में 51 रन और गेंदबाज़ी में 2/16 Vs साउथ अफ्रीका
पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी 2009 के T20 वर्ल्ड कप में अलग ही मूड में मैदान पर उतरे थे। वह 2007 में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी रहे थे। 2009 के सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अफरीदी ने शानदार खेल दिखाया। बल्ले और गेंद से ऑलराउंड प्रदर्शन कर उन्होंने खास पहचान बनाई। इस सीजन में भी पाकिस्तान की टीम लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुँच गई थी।
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए शाहिद अफरीदी ने 34 गेंदों में 51 रनों की बहुमूल्य पारी खेली। इसके बाद उन्होंने गेंद से भी कमाल दिखाया और हर्शल गिब्स और एबी डिविलियर्स जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के विकेट चटकाए। इस दौरान उन्होंने 2/16 के शानदार आँकड़े दर्ज किए।
3. 2010 – माइकल हसी (ऑस्ट्रेलिया ), 24 गेंदों में नाबाद 60 Vs वेस्टइंडीज
2010 में T20 वर्ल्ड कप का आयोजन वेस्टइंडीज में किया गया था। ऑस्ट्रेलिया के माइकल हसी ने टी20 फॉर्मेट की सबसे यादगार पारियों में से एक खेली थी। उन्होंने सिर्फ 24 गेंदों में नाबाद 60 रन ठोक दिए। सेमीफाइनल में सातवें नंबर पर बल्लेबाज़ी करते हुए पाकिस्तान के खिलाफ 45 गेंदों में 87 रन चाहिए थे। ग्राउंड पर आते ही माइक हसी ने मैच का रुख बदल दिया।
इस मुकाबले के आखिरी ओवर में 18 रन चाहिए थे और गेंदबाज़ी सईद अजमल कर रहे थे। हसी ने 3 छक्के और एक चौका जड़ते हुए एक गेंद रहते ही मैच में जीत हासिल कर ली थी। लेकिन इस सीजन की फाइनल विजेता टीम इंग्लैंड थी।
4. 2012 – सुनील नारायण (वेस्टइंडीज ), 9 रन देकर 3 विकेट Vs श्रीलंका
2012 में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में सुनील नारायण ने अपनी शानदार गेंदबाज़ी से सबका ध्यान खींच लिया और अपनी टीम को जीत दिलाई। इस दौरान नारायण ने सिर्फ 9 रन देकर 3 विकेट लिए थे, जिसके कारण श्रीलंका की टीम 138 रन का लक्ष्य भी पूरा नहीं कर पाई। इस दौरान उन्होंने पहले महेला जयवर्धने का अहम विकेट लिया और लसिथ मलिंगा को भी आउट किया। इस मुकाबले में श्रीलंका की टीम को 36 रनों से हार मिली थी। 2012 में वेस्टइंडीज की टीम ट्रॉफी विजेता रही थी।
5. 2014 – रंगना हेराथ (श्रीलंका), 3 रन देकर 5 विकेट Vs न्यूज़ीलैंड
2014 टी20 वर्ल्ड कप में खेले गए इस मुकाबले में जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में पहुँचने वाली थी। रंगना हेराथ ने अकेले मैच का रुख पलट दिया था। इस दौरान उन्होंने सिर्फ 3 रन देकर 5 विकेट झटके थे।
इस मैच में पहले गेंदबाज़ी करते हुए न्यूज़ीलैंड ने श्रीलंकाई टीम को मात्र 119 रन पर ऑलआउट कर दिया था। लेकिन इसके बाद हेराथ ने अपनी गेंदबाज़ी के दम पर लगातार विकेट झटके और दो रनआउट में भी अहम भूमिका निभाई। इस दिन हेराथ की गेंदबाज़ी का न्यूज़ीलैंड के बल्लेबाज़ कोई जवाब नहीं ढूँढ पाए। पूरी टीम मात्र 60 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
6. 2016 – कार्लोस ब्रैथवेट (वेस्टइंडीज ), चार गेंदों पर 4 छक्के Vs इंग्लैंड
2016 के T20 वर्ल्ड कप फाइनल में कार्लोस ब्रैथवेट के कारनामे के लिए आज भी उन्हें याद किया जाता है। इस मैच में उन्होंने लगातार चार गेंदों पर चार छक्के जड़े थे। आखिरी ओवर में वेस्टइंडीज टीम को जीत के लिए 19 रन चाहिए थे। तभी ब्रैथवेट ने इंग्लैंड बेन स्टोक्स की पहली चारों गेंदों पर दमदार हिट लगाकर गेंद को स्टेडियम के बाहर पहुँचा दिया। इसके बाद एक बार फिर वेस्टइंडीज T20 वर्ल्ड कप विजेता बनी।
7. 2021 – मिचेल मार्श (ऑस्ट्रेलिया ), नाबाद 77 रनों की पारी Vs न्यूज़ीलैंड
टी20 वर्ल्ड कप 2021 के फाइनल में मिचेल मार्श ने ऑस्ट्रेलिया के लिए मैच विनिंग पारी खेली थी। इस मैच में उन्होंने नाबाद 77 रनों की शानदार पारी खेलते हुए न्यूज़ीलैंड द्वारा दिए गए 173 रन के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। एरन फिंच के आउट होने के बाद मार्श ने डेविड वॉर्नर के साथ मिलकर पारी को संभाला और अपनी टीम को जीत दिलाई।
इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने पहली बार T20 वर्ल्ड कप का ख़िताब अपने नाम किया और इस सीजन में मिचेल मार्श को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।
8. 2022 – बेन स्टोक्स (इंग्लैंड), 3/12 की शानदार गेंदबाज़ी Vs पाकिस्तान
फाइनल मुकाबले में युवा ऑलराउंडर सैम करन ने 3/12 की शानदार गेंदबाज़ी करते हुए पाकिस्तान को 137/8 पर रोक दिया था। जवाब में इंग्लैंड की शुरुआत खास नहीं रही और टीम 45/3 पर दबाव में आ गई थी। तभी बेन स्टोक्स ने शानदार खेल दिखाते हुए नाबाद 52 रनों की पारी के दम पर इंग्लैंड को एक ओवर पहले ही जीत दिला दी। आज भी क्रिकेट फैंस इसे अहम पारियों में गिनते हैं।
T20 वर्ल्ड कप 2022 में इंग्लैंड टीम की यह दूसरी जीत थी। इस जीत के साथ इंग्लैंड एक ही समय पर दोनों व्हाइट-बॉल वर्ल्ड खिताब रखने वाला पहला देश बन गया।
9. 2024 – विराट कोहली (भारत), 76 रनों की बेहतरीन पारी Vs दक्षिण अफ्रीका
2024 के फाइनल मैच में भारत के दिग्गज विराट कोहली ने अपने क्लास और संयम का प्रदर्शन करते हुए 76 रनों की बेहतरीन पारी खेली। इस मुकाबले में टीम 34/3 पर लड़खड़ा रही थी, इसके बाद कोहली ने एक के बाद एक अच्छे शॉट्स लगाकर पारी को संभाला और भारत को 176/7 के मजबूत स्कोर तक पहुँचाया। इसी फाइनल मैच में उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
रन चेज़ के लिए उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम इस फाइनल में 7 रन रहते ही ऑलआउट हो गई थी। गेंदबाज़ी में जसप्रीत बुमराह ने कमाल दिखाया। इसके बाद विराट कोहली ने T20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी।







