चौथा T20I कोहरे के कारण रद्द होने के बाद BCCI ने साफ किया कि टिकट रिफंड की पूरी जिम्मेदारी UPCA की है।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला गया चौथा T20I मुकाबला बहुत ज्यादे कोहरे और खराब दृश्यता के कारण बिना एक भी गेंद फेंके रद्द कर दिया गया। इस फैसले के बाद स्टेडियम में मौजूद दर्शकों में नाराजगी देखने को मिली और टिकट रिफंड को लेकर लगातार सवाल उठने लगे। अब इस पूरे मामले पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी BCCI ने अपनी चुप्पी तोड़ी है।
टिकट रिफंड पर UPCA को बताया गया जिम्मेदार
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि टिकटिंग से जुड़ा हर काम राज्य क्रिकेट संघ के अंतर्गत आता है। उन्होंने बताया कि इस मैच की मेजबानी उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ ने की थी, इसलिए टिकट रिफंड की प्रक्रिया को संभालने की जिम्मेदारी भी UPCA की ही है।
सैकिया के मुताबिक BCCI केवल मेजबानी के अधिकार देता है, जबकि टिकट बिक्री, रिफंड और अन्य व्यवस्थाएं राज्य संघ के दायरे में आती हैं। ऐसे में दर्शकों को रिफंड से जुड़ी जानकारी के लिए सीधे UPCA से संपर्क करना होगा।
BCCI की रिफंड पॉलिसी क्या कहती है
BCCI की मौजूदा रिफंड नीति के अनुसार यदि कोई मुकाबला एक भी गेंद डाले बिना रद्द या स्थगित हो जाता है, तो दर्शक टिकट की राशि वापस पाने के हकदार होते हैं। हालांकि, इसमें कुछ प्रोसेसिंग फीस काटी जा सकती है। चौथे T20I में भी यही स्थिति रही, क्योंकि मैच शुरू ही नहीं हो सका।
अंपायरों की कई बार जांच के बाद लिया गया फैसला
हालाँकि, इस मैच को बचाने की पूरी कोशिश की गई थी। ऑन फील्ड अंपायर के एन अनंतपद्मनाभन और रोहन पंडित के साथ रिजर्व अंपायर जे आर मदनगोपाल ने बार बार हालात का जायजा लिया। इसके बावजूद कोहरा इतना घना था कि दृश्यता में कोई सुधार नहीं हुआ और आखिरकार रात 9.30 बजे मैच रद्द करने का फैसला लिया गया।
सीरीज की स्थिति और अगला मुकाबला
लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में मैच रद्द होने के बावजूद भारत पांच मैचों की T20I सीरीज में 2-1 से आगे है। इस सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है।
सर्दियों में उत्तर भारत में मैच कराने पर फिर उठा सवाल
इस मैच के रद्द होने के बाद एक बार फिर सर्दियों में उत्तर भारत में अंतरराष्ट्रीय मैचों के आयोजन पर बहस शुरू हो गई है। खासकर तब, जब यह सीरीज आगामी पुरुष T20 वर्ल्ड कप की तैयारियों का अहम हिस्सा मानी जा रही है।
यह पहली बार था जब दिसंबर महीने में लखनऊ में कोई T20I खेला जाना था और दुर्भाग्य से यह भारत का पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय मैच बन गया, जो कोहरे के कारण पूरी तरह रद्द हुआ।
कोहरा और AQI ने बढ़ाई चिंता
मैच के दौरान हालात इतने खराब थे कि भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को मैदान पर मास्क पहने हुए भी देखा गया। यह दृश्य इस बात को साफ दर्शाता है कि कोहरे के साथ साथ एयर क्वालिटी इंडेक्स भी खतरनाक स्तर पर था।
BCCI ने इसे क्यों बताया असाधारण स्थिति
देवजीत सैकिया ने कहा कि यह एक असाधारण मौसमीय स्थिति थी, जिसे पहले से भांपना संभव नहीं था। आमतौर पर इस तरह का कोहरा जनवरी महीने में देखने को मिलता है, लेकिन इस बार दिसंबर में ही हालात बिगड़ गए।
उन्होंने यह भी बताया कि BCCI पहले ही घरेलू क्रिकेट में उत्तर भारत के लिए जनवरी महीने में शेड्यूल को दो हिस्सों में बांट चुका है, ताकि मौसम की मार से बचा जा सके।
पहले भी बदले जा चुके हैं मैच वेन्यू
सैकिया ने उदाहरण देते हुए बताया कि जब दिवाली के बाद दिल्ली में स्मॉग को लेकर चेतावनी मिली थी, तब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच का वेन्यू बदला गया था। इसी तरह वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरा टेस्ट नई दिल्ली में खेला गया, जबकि पहले वह कोलकाता में तय था।
उनके अनुसार अगर लखनऊ के हालात का पहले अंदाजा होता, तो निश्चित रूप से कोई वैकल्पिक योजना बनाई जाती। लेकिन इस बार मौसम ने अचानक सब कुछ बदल दिया।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







