Biggest Upsets in International Cricket History: क्रिकेट को अक्सर आंकड़ों और प्रेडिक्शन का खेल कहा जाता है, लेकिन इसकी असली खूबसूरती इसके उन नतीजों में है, जिनकी कोई उम्मीद भी नहीं करता है। कई बार छोटी और कमजोर मानी जाने वाली टीमें दुनिया की दिग्गज टीमों को हरा देती हैं और इतिहास में अमिट छाप छोड़ जाती हैं।
हाल ही में नेपाल ने वेस्टइंडीज जैसी टीम को लगातार दो मुकाबलों में हराकर सभी को चौंका दिया। लेकिन यह पहला मौका नहीं है जब क्रिकेट ने ऐसे बड़े-बड़े उलटफेर देखे हों। आइए नजर डालते हैं इंटरनेशनल क्रिकेट इतिहास की पांच सबसे बड़ी अपसेट जीतों पर।
ये हैं इंटरनेशनल क्रिकेट के 5 सबसे बड़े उलटफेर
1. नीदरलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराया (वर्ल्ड कप 2023)
2023 वनडे वर्ल्ड कप में धर्मशाला का मुकाबला क्रिकेट के इतिहास की सबसे चौंकाने वाली घटनाओं में गिना जाएगा। टूर्नामेंट की प्रबल दावेदार दक्षिण अफ्रीका को नीदरलैंड ने मात दी। क्विंटन डि कॉक, हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर और मार्को जानसन जैसे स्टार खिलाड़ियों वाली अफ्रीकी टीम मजबूत मानी जा रही थी, लेकिन स्कॉट एडवर्ड्स की कप्तानी में डच टीम ने सभी को हैरान कर दिया।
नीदरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 245 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए अफ्रीका ने शानदार शुरुआत की लेकिन अचानक ही उनकी पारी लड़खड़ा गई और 44 रन तक पहुंचते-पहुंचते चार विकेट गंवा दिए। इसके बाद टीम संभल नहीं पाई और 207 पर ऑल आउट हो गई। यह जीत नीदरलैंड क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक पल बन गई।
2. केन्या ने वेस्टइंडीज को हराया (वर्ल्ड कप 1996)
1996 वर्ल्ड कप में केन्या ने वेस्टइंडीज को हराकर ऐसा उलटफेर किया था जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। वेस्टइंडीज उस दौर की मजबूत टीम थी और उनके खिलाफ केन्या की जीत की उम्मीद लगभग शून्य थी। लेकिन स्टीव टिकोलो और मॉरिस ओडुम्बे की शानदार कप्तानी और टीम के जबरदस्त प्रदर्शन ने इतिहास रच दिया।
ओडुम्बे की ऑलराउंड परफॉर्मेंस और गेंदबाजों की कसी हुई लाइन-लेंथ ने वेस्टइंडीज को ध्वस्त कर दिया। इस जीत ने केन्या को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई। यही नहीं, 2003 वर्ल्ड कप में केन्या ने श्रीलंका को हराकर एक और यादगार अपसेट किया था।
3. बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को हराया (2005)
2005 की यह जीत क्रिकेट इतिहास की सबसे चर्चित घटनाओं में से एक है। बांग्लादेश उस समय नई और कमजोर टीम मानी जाती थी, जबकि ऑस्ट्रेलिया रिकी पोंटिंग और एडम गिलक्रिस्ट जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के साथ दुनिया की सबसे मजबूत टीम थी।
ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 249 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश के मोहम्मद अशरफुल ने शानदार शतक जड़ा और कप्तान हबीबुल बशार के साथ मिलकर 130 रन की साझेदारी की। इस पारी ने मैच का रुख बदल दिया और बांग्लादेश ने पांच विकेट से जीत हासिल करके इतिहास रच दिया।
4. आयरलैंड ने पाकिस्तान को हराया (वर्ल्ड कप 2007)
2007 वर्ल्ड कप में किंग्सटन में खेला गया यह मुकाबला क्रिकेट के इतिहास की सबसे बड़ी अपसेट जीतों में से एक है। पाकिस्तान जैसी मजबूत टीम को आयरलैंड ने मात दी। बारिश से प्रभावित इस मैच में पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 132 रन बना पाई।
आयरलैंड की ओर से नील ओ’ब्रायन ने शानदार पारी खेली और कप्तान ट्रेंट जॉनस्टन की अगुवाई में टीम ने लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत ने आयरलैंड को क्रिकेट की दुनिया में अलग पहचान दिलाई और यह साबित किया कि एसोसिएट टीम भी बड़े-बड़े दिग्गजों को हराने की क्षमता रखती है।
5. जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराया (वर्ल्ड कप 1983)
1983 वर्ल्ड कप का यह मैच जिम्बाब्वे क्रिकेट के लिए मील का पत्थर साबित हुआ। उस समय जिम्बाब्वे टेस्ट दर्जा प्राप्त टीम भी नहीं थी और उनके सामने ऑस्ट्रेलिया जैसी बड़ी टीम थी। लेकिन डंकन फ्लेचर की कप्तानी में टीम ने सबको चौंका दिया।
फ्लेचर ने नाबाद 69 रन बनाए और टीम को 239 तक पहुंचाया। इसके बाद गेंदबाजी में भी उन्होंने कमाल दिखाते हुए 42 रन देकर चार विकेट झटके। ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों ने कोशिश की लेकिन लक्ष्य से 13 रन पीछे रह गए और जिम्बाब्वे ने यह ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
इन मुकाबलों ने साबित किया है कि क्रिकेट सिर्फ दिग्गजों का खेल नहीं है, बल्कि इसमें हर टीम को मौका मिलता है अपनी ताकत दिखाने का। यही अनिश्चितता इस खेल को इतना रोमांचक बनाती है। नीदरलैंड, केन्या, बांग्लादेश, आयरलैंड और जिम्बाब्वे की ये जीतें हमेशा याद रखी जाएंगी, क्योंकि इन्होंने खेल की असली खूबसूरती को सामने रखा।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।






