Tuesday, February 17

एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर से होनी है। इस टूर्नामेंट के लिए सभी टीमें पूरी तैयारी में जुटी हुई हैं। जल्द ही भारतीय टीम भी मल्टीनेशनल टूर्नामेंट खेलने के लिए रवाना हो जाएगी। यह टूर्नामेंट एक बार फिर से यूएई में खेला जाएगा। टीम इंडिया डिफेंडिंग चैंपियन है और उनकी निगाहें अपने खिताब को बचाने पर होंगी।

किसी भी टूर्नामेंट को जिताने में कप्तान का बड़ा योगदान होता है और अगर वह बल्ले के साथ भी परफॉर्म करता है तो वह सोने पर सुहागा हो जाता है। तो चलिए जानते हैं कि एशिया कप में अब तक किन भारतीय कप्तानों ने शतक लगाए हैं।

इन भारतीय कप्तानों ने लगाया है एशिया कप में शतक

4. सौरव गांगुली (Sourav Ganguly)

Sourav Ganguly 135 Vs Bangladesh
Sourav Ganguly 135 Vs Bangladesh

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली एशिया कप में शतक लगाने वाले पहले कप्तान थे। उन्होंने यह कारनामा साल 2000 में बांग्लादेश के खिलाफ किया था। उस टूर्नामेंट में दादा ने भारत के पहले ही मैच में कप्तानी पारी खेलकर शानदार शुरुआत दिलाने का काम किया था।

बांग्लादेश ने इस मैच में पहले खेलते हुए हबीबुल बशर और अकरम खान के अर्धशतक के चलते 249 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए शतक लगा दिया था। उन्होंने 124 गेंदों में 6 चौके और 7 छक्के लगाते हुए 135 रन बनाए थे, जिसके चलते भारतीय टीम ने आसानी से यह मैच जीत लिया था। यह उनका बतौर कप्तान एशिया कप में डेब्यू मैच था।

3. एमएस धोनी (MS Dhoni)

MS Dhoni 108 Vs HongKong
MS Dhoni 108 Vs HongKong

टीम इंडिया के पूर्व और सबसे सफल कप्तान एमएस धोनी की बल्लेबाजी उनकी कप्तानी के आगे कहीं छिप सी जाती थी। उन्होंने वनडे क्रिकेट में अपने बल्ले से न केवल टीम को कई बार कम स्कोर पर ऑलआउट होने से बचाया है, बल्कि उसके साथ ही बड़े स्कोर तक ले जाने में भी मदद की है। साल 2008 में वह पहली बार एशिया कप में कप्तानी कर रहे थे।

इस मैच में हांगकांग के खिलाफ भारत के पूर्व कप्तान ने अच्छा प्लेटफॉर्म मिलने के बाद पारी को तेजी देने का काम किया था। पहले उन्होंने आराम से शुरुआत की लेकिन उसके बाद अपनी पावर हिटिंग से टीम को बड़े स्कोर तक ले गए। उन्होंने 96 गेंदों में 6 चौके और 6 छक्के लगाते हुए 108 रन बनाए थे, जिसके चलते टीम इंडिया ने बोर्ड पर 374 रन लगा दिए और हांगकांग को मात्र 118 के स्कोर पर चलता कर यह मैच 256 रनों से जीत लिया। यह धोनी का भी एशिया कप में पहला मैच था और उन्होंने भी दादा की तरह शतक लगाया था।

2. विराट कोहली (Virat Kohli)

Virat Kohli 138 Vs Bangladesh
Virat Kohli 138 Vs Bangladesh

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और दुनिया के सबसे बेहतरीन बल्लेबाज विराट कोहली ने अपनी बैटिंग का जलवा दुनिया भर को दिखाया है। उन्होंने सालों तक गेंदबाजों को डॉमिनेट किया है। उन्होंने बहुत पहले ही दिखा दिया था कि वह अन्य बल्लेबाजों की तुलना में बहुत अलग हैं। अगर वह चेज़ कर रहे हैं तो फिर टीम को जीत दिलाकर ही वापस आएंगे।

साल 2014 के एशिया कप में एमएस धोनी के चोटिल होने के चलते वह कप्तानी कर रहे थे। बांग्लादेश के खिलाफ पहले मैच में बांग्लादेश ने मुश्फिकुर रहीम के शतक और अनामुल हक के अर्धशतक के चलते 279 रन बना दिए थे। टीम इंडिया की तरफ से कप्तान विराट कोहली ने 16 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 132 रन बनाए थे, जिसके चलते जीत मिली थी। विराट का भी यह एशिया कप में बतौर कप्तान पहला मैच था।

1. रोहित शर्मा (Rohit Sharma)

Rohit Sharma 111 Vs Pakistan
Rohit Sharma 111 Vs Pakistan

टीम इंडिया के मौजूदा वनडे कप्तान रोहित शर्मा बहुत शानदार बल्लेबाज हैं। उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से टीम इंडिया को बहुत से मैच जिताए हैं। वह जब से रेगुलर कप्तान बने हैं तब से उन्होंने अपनी बल्लेबाजी में काफी बदलाव किया है और अब वह सिर्फ आक्रामक अंदाज में ही खेलते हैं।

रोहित शर्मा साल 2018 में विराट कोहली की गैरमौजूदगी में टीम इंडिया की कमान संभाल रहे थे। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शोएब मलिक के 78 रनों की बदौलत 237 रन बनाए थे, जिसे भारत ने शिखर धवन के शतक और रोहित शर्मा के 119 गेंदों में 7 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 111 रन बनाते हुए टीम को मैच जिताया था।

स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

आकाश अवस्थी स्पोर्ट्स डाइजेस्ट हिंदी में बतौर कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हैं और स्पोर्ट्स जर्नलिज्म में दो वर्षों का अनुभव रखते हैं। इससे पहले वे इंडिया न्यूज़ और स्पोर्ट्सविकी जैसे प्रतिष्ठित प्लेटफॉर्म्स के साथ भी काम कर चुके हैं। क्रिकेट, कबड्डी और अन्य खेलों की बारीकियों को गहराई से समझना और उन्हें आसान व रोचक अंदाज में पाठकों तक पहुंचाना उनकी खासियत है। खेल जगत के साथ साथ पॉलिटिक्स की हर हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है।

Leave A Reply

Exit mobile version