चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए।
लखनऊ सुपर जाइंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। लखनऊ की टीम ने इस मैच में 3 बदलाव किए जबकि चेन्नई भी दो बदलाव के साथ उतरी। चोटिल जेमी ओवरटन की जगह स्पेंसर जॉन्सन को मौका मिला।
आकाश सिंह ने की घातक गेंदबाजी, चटकाए 3 बहुमूल्य विकेट
चेन्नई के ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ और संजू सैमसन ने शुरुआती दो ओवरों में कुछ बाउंड्री लगाई तो लगा कि वो दोनों फॉर्म में हैं और एक बार फिर से बड़ा स्कोर बना सकते हैं लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इस पिच पर अतिरिक्त उछाल थी जिसका फायदा इस सीजन पहला मैच खेल रहे आकाश सिंह ने उठाया।
उन्होंने अपनी बैक ऑफ लेंथ से पहले ऋतुराज, फिर संजू सैमसन और उसके बाद पिछले मैच के हीरो उर्विल पटेल को आउट किया। चेन्नई की टीम 52 रनों पर 3 विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी। डेवाल्ड ब्रेविस ने आकाश की पहली ही गेंद पर प्वाइंट के ऊपर से कट करके सिक्स मारकर अपना खाता खोला।
कार्तिक शर्मा ने अलाचकों को दिया जवाब
पिछले मैच में कार्तिक शर्मा की धीमी बल्लेबाजी को लेकर लगातार आलोचना हुई थी। इस मैच में एक बार फिर शुरुआत में समय लिया जो कि बनता भी था। क्योंकि चेन्नई की टीम विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी। हालांकि सेट होने के बाद कार्तिक ने अपने हाथ खोलने शुरू किए। उन्होंने पहले शाहबाज अहमद के ओवर में छक्के लगाकर अपने स्ट्राइक रेट को सुधारा। ब्रेविस भी उनका बखूभी साथ दे रहे थे लेकिन शमी की सटीक बाउंसर को पुल करने के चक्कर में वो आउट हो गए।
ब्रेविस का विकेट गिरने पर कार्तिक पर कुछ खास असर नहीं पड़ा। उन्होंने दूसरे छोर से तेजी से रन बनाना जारी रखा और शमी के खिलाफ ओवर में दो बाउंड्री लगाकर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। उसके बाद भी वो नहीं रुके और अगले ओवर में शाहबाज के दो बाउंड्री जड़ी लेकिन एक बार फिर से बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में वो लॉन्ग ऑन पर कैच आउट हो गए।
शिवम दुबे और प्रशांत वीर ने किया धमाकेदार फिनिश
कार्तिक के आउट होने के बाद शिवम और प्रशांत को शुरुआत में इस पिच पर मुश्किल हुई। क्योंकि कई गेंद अतिरिक्त बाउंस हो रही थी जिसके चलते वो आते ही बड़े शॉट नहीं लगा पा रहे थे। प्रशांत ने स्क्वायर ऑफ द विकेट में रन बनाना शुरू किया और गेंदबाजों की पेस का भरपूर फायदा उठाया।
हालांकि लखनऊ के गेंदबाज लगातार अच्छी लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी कर रहे थे। जिसके चलते वो दोनों बड़े शॉट नहीं लगा पा रहे थे। लेकिन 20वें ओवर में लखनऊ की टीम जरूरी समय में ओवर नहीं करा पाई और उसका नतीजा यह हुआ कि प्रिंस को एक फील्डर कम के साथ गेंदबाजी करना पड़ी। प्रशांत और शिवम ने उसका भरपूर फायदा उठाया।
प्रशांत ने पहली गेंद पर बाउंड्री लगाई और उसके बाद शिवम ने लगातार 4 गेंदों पर 4 बाउंड्री जड़कर टीम को 187 के स्कोर तक पहुंचा दिया। दोनों ने आखिरी ओवर में 23 रन बटोरे।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







