Thursday, March 19

Matthew Breetzke Biography: दक्षिण अफ्रीका के उभरते हुए विकेटकीपर बल्लेबाज मैथ्यू ब्रीट्ज़के वनडे क्रिकेट में अपने लगातार प्रदर्शन के चलते काफी चर्चा में हैं। वह इससे पहले घरेलू और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में अच्छा-ख़ासा नाम कमा चुके हैं। SA20 में डरबन सुपर जायंट्स के कप्तान केशव महाराज ने उन्हें “विराट कोहली जैसी सोच वाला खिलाड़ी और असली जज़्बे वाला किरदार” बताया था।

मैथ्यू पॉल ब्रीट्ज़के तेजी से दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट के सबसे रोमांचक युवा बल्लेबाज़ों में शामिल हो चुके हैं। बेख़ौफ़ स्ट्रोकप्ले, दबाव झेलने की क्षमता और मैच की मांग के मुताबिक़ बल्लेबाज़ी करने की कला ने उन्हें एक भरोसेमंद टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज़ और विकेटकीपर के रूप में स्थापित कर दिया है।

ब्रीट्ज़के ने अपने वनडे करियर के शुरूआती पांच पारियों में लगातार 50+ स्कोर बनाकर ऐसा कारनामा किया, जो इतिहास में कोई दूसरा बल्लेबाज नहीं कर सका। इसके अलावा, वह इस फॉर्मेट के इतिहास में शुरूआती पांच मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बने। आइए अब मैथ्यू ब्रीट्ज़के के अब तक के निजी जीवन, क्रिकेट करियर और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

शुरुआती जीवन और युवा क्रिकेट

मैथ्यू ब्रीट्ज़के का जन्म 3 नवंबर 1998 को पोर्ट एलिज़ाबेथ, दक्षिण अफ्रीका में हुआ। उनकी क्रिकेट खेलने की शुरुआत ग्रे हाई स्कूल से शुरू हुई, जहाँ से कई चर्चित दक्षिण अफ़्रीकी क्रिकेटर निकले हैं। वह महज़ 14 साल की उम्र में स्कूल की फ़र्स्ट टीम में शामिल हो गए थे।

अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत वह सिर्फ़ दो साल बाद ही उन्होंने दक्षिण अफ्रीका अंडर-19 टीम का जर्सी पहन लिया। इस स्तर पर उन्होंने 25 यूथ वनडे मैचों में 42.12 की औसत से 1053 रन बनाए, जिसमें 4 शतक और 5 अर्धशतक शामिल रहे।

ब्रीट्ज़के अंडर-19 वर्ल्ड कप 2018 में दक्षिण अफ्रीका के दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज़ रहे। उन्होंने उस टूर्नामेंट में 6 मैचों में 33.83 की औसत से 203 रन बनाए थे, जिसमें 115 रनों की एक बड़ी पारी शामिल थी, जो उनके यूथ वनडे करियर की सबसे बड़ी पारी भी है।

उसी साल उन्हें दक्षिण अफ्रीका इमर्जिंग स्क्वॉड में श्रीलंका दौरे के लिए भी चुना गया, जिसने यह साफ कर दिया कि उनकी प्रगति तेज़ गति से हो रही थी। फर्स्ट क्लास और टी20 टूर्नामेंट्स में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बाद उन्होंने खुद को एक भरोसेमंद टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज़ और विकेटकीपर के रूप में स्थापित किया।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक का सफर

पिछले कुछ सालों में दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट बड़े बदलावों से गुज़रा है। हेनरिक क्लासेन और क्विंटन डी कॉक जैसे बेहतरीन बल्लेबाजों के संन्यास लेने के बाद टीम को किसी भरोसेमंद बल्लेबाज की ज़रूरत थी। इसी दौर में मैथ्यू ब्रीट्ज़के जैसे युवा खिलाड़ी को मौका दिया गया।

तकनीकी तौर पर साउंड, विकेटकीपिंग करने की क्षमता और धैर्यपूर्ण बल्लेबाज़ी की वजह से ब्रीट्ज़के चयनकर्ताओं की पहली पसंद बने। इसी क्रम में उन्हें 2024 में राष्ट्रीय टीम में बुलावा मिला और यहीं से उनकी असली पहचान बनी।

ब्रीट्ज़के का अंतरराष्ट्रीय करियर

टेस्ट करियर

ब्रीट्ज़के ने 21 अक्टूबर 2024 को बांग्लादेश के खिलाफ मीरपुर में टेस्ट डेब्यू किया। हालाँकि, उनकी शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। वह अब तक दो टेस्ट मैचों में 73 रन ही बना सके हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 39 रहा है।

हालांकि, टेस्ट क्रिकेट में उनके आँकड़े अभी खास नहीं दिखते, लेकिन उनकी बल्लेबाज़ी में धैर्य और लंबी पारी खेलने की झलक साफ दिखी। टेस्ट क्रिकेट में टिकना आसान नहीं होता, खासकर जब एक युवा खिलाड़ी के सामने दुनिया के अच्छे गेंदबाज़ गेंदबाजी कर रहे हों। लेकिन ब्रीट्ज़के ने कॉम्पैक्ट तकनीक और सीखने की ललक दिखाई, जिसके चलते उन्हें लंबे समय तक मौका देने लायक खिलाड़ी माना जा रहा है।

टेस्ट करियर आंकड़े:

मैच: 2

रन: 14

औसत: 4.66

सर्वश्रेष्ठ स्कोर: 13

वनडे करियर (ODIs)

भले ही ब्रीट्ज़के की टेस्ट क्रिकेट में शुरुआत उतनी अच्छी नहीं रही, लेकिन उन्होंने वनडे में धमाकेदार एंट्री की। 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ लाहोर में अपने डेब्यू मैच में उन्होंने 150 रन ठोक दिए।

यह पारी सिर्फ रन बनाने तक सीमित नहीं थी, बल्कि इसने उन्हें इतिहास में दर्ज कर दिया। सहज स्ट्रोकप्ले, संयम और सही समय पर आक्रामकता दिखाते हुए उन्होंने इंग्लैंड के गेंदबाज़ों को पूरी तरह दबाव में ला दिया। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका वह मैच हार गया, लेकिन ब्रीट्ज़के की यह पारी हमेशा याद की जाएगी।

वनडे करियर आंकड़े:

मैच: 5

रन: 463

औसत: 92.60

सर्वश्रेष्ठ स्कोर: 150

शतक/अर्धशतक: 1/4

स्ट्राइक रेट: 104.51

वनडे रिकॉर्ड्स:

  • डेब्यू पर 150 रन बनाने वाले पहले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज
  • वनडे डेब्यू मैच में सबसे ज्यादा रन (150) बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड
  • करियर के पहले शतक (150) में सबसे बड़ी पारी
  • वनडे डेब्यू पर शतक लगाने वाले दुनिया के 25वें बल्लेबाज
  • हार के बावजूद एक मैच में सबसे ज्यादा रन (150 रन)
  • करियर के शुरूआती पांच पारियों में लगातार 50+ रन बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज
  • करियर के शुरूआती पांच पारियों में सबसे ज्यादा (463) रन बनाने वाले बल्लेबाज

टी20 अंतर्राष्ट्रीय (T20Is)

ब्रीट्ज़के ने टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। उन्हें अक्सर नंबर 3 और नंबर 4 पर भेजा गया है, जहां उन्होंने स्थिरता देने की कोशिश की।

इस फॉर्मेट में उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी 2024 में आयरलैंड के खिलाफ आई, जब उन्होंने 51 रन बनाए। भले ही उनके आँकड़े अभी साधारण लगते हैं, लेकिन टीम मैनेजमेंट मानता है कि आने वाले समय में वो मिडिल ऑर्डर में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

टी20 करियर आंकड़े:

मैच: 10

रन: 151

औसत: 16.77

सर्वश्रेष्ठ स्कोर: 51

स्ट्राइक रेट: 122.76

अर्धशतक: 1

खेलने का अंदाज़ और ख़ासियत

ब्रीट्ज़के दाएँ हाथ के बल्लेबाज़ हैं और क्लासिकल क्रिकेटिंग शॉट्स खेलने में माहिर हैं। उनकी कवर ड्राइव और स्क्वायर कट देखने लायक होती हैं। साथ ही, वे आधुनिक क्रिकेट की मांग के मुताबिक रैम्प शॉट्स और तेज़ रन बनाने की कला भी रखते हैं।

विकेटकीपर के रूप में वह टीम को फ्लेक्सिबिलिटी देते हैं, जिससे प्लेइंग इलेवन में अतिरिक्त गेंदबाज़ या बल्लेबाज़ शामिल करना आसान हो जाता है।

वह मानसिक तौर पर काफी शांत रहते हैं और दबाव की परिस्थितियों में भी संयम नहीं खोते। यही गुण उन्हें हाशिम अमला जैसे खिलाड़ियों से तुलना दिलाता है।

विशेषज्ञों और मीडिया की राय

उनके डेब्यू शतक के बाद क्रिकेट जगत में उनकी जमकर तारीफ हुई। कई पूर्व खिलाड़ियों ने कहा कि इतनी शांति और परिपक्वता बहुत कम डेब्यू खिलाड़ियों में देखने को मिलती है।

दक्षिण अफ्रीकी मीडिया ने उन्हें “पोर्ट एलिज़ाबेथ प्रॉडिजी” कहा, जबकि विदेशी प्रेस ने उनकी तुलना उन ऐतिहासिक डेब्यू पारियों से की, जिन्होंने खिलाड़ियों के करियर की दिशा बदल दी।

भविष्य की संभावनाएँ

दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट इस वक्त बदलाव के दौर से गुज़र रहा है और नए खिलाड़ियों पर ही टीम का भविष्य टिका है। मैथ्यू ब्रीट्ज़के इस बदलाव की अगली कड़ी हैं।

वनडे में वह पहले ही अपनी छाप छोड़ चुके हैं, टी20 में वे टीम को स्थिरता दे सकते हैं और टेस्ट क्रिकेट में धैर्य व अनुभव के साथ लंबी पारी खेलने की क्षमता हासिल कर सकते हैं। अगर उन्होंने निरंतरता बनाए रखी, तो आने वाले सालों में वे दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाज़ी के स्तंभ बन सकते हैं।

मैथ्यू ब्रीट्ज़के के करियर आँकड़े (22 अगस्त 2025 तक)

अंतरराष्ट्रीय

टेस्ट: 2 मैच | 14 रन | सर्वश्रेष्ठ 13 | औसत 4.66 | 0 शतक, 0 अर्धशतक

वनडे: 5 मैच | 463 रन | सर्वश्रेष्ठ 150 | औसत 92.60 | 1 शतक, 4 अर्धशतक

टी20आई: 10 मैच | 151 रन | सर्वश्रेष्ठ 51 | औसत 16.77 | 1 अर्धशतक

घरेलू / फ्रेंचाइज़ी

फ़र्स्ट क्लास: 58 मैच | 3431 रन | सर्वश्रेष्ठ 188 | औसत 36.11 | 8 शतक, 16 अर्धशतक

लिस्ट ए: 68 मैच | 2283 रन | सर्वश्रेष्ठ 150 | औसत 36.82 | 2 शतक, 16 अर्धशतक

टी20: 124 मैच | 3200 रन | सर्वश्रेष्ठ 94 | औसत 29.62 | 23 अर्धशतक | स्ट्राइक रेट 134.51

[NOTE: यहाँ दिए गए सभी आँकड़े 05 सितंबर तक अपडेटेड हैं।]

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version