Most Runs in UP T20 League History: UP टी20 लीग की शुरुआत साल 2023 में हुई थी और महज दो सीजन के अंदर ही इस टूर्नामेंट ने राज्य के क्रिकेट फैंस को भरपूर रोमांच और उत्साह दिया है। इस लीग ने जहां दर्शकों को हाई-वोल्टेज टी20 मुकाबले दिखाए, वहीं स्थानीय खिलाड़ियों को भी बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा साबित करने का मौका भी दिया।
17 अगस्त 2025 से इस लीग के तीसरे सीजन की शुरुआत हो चुकी है, जहाँ कई बल्लेबाजों को अपना टैलेंट दिखाने का मौका मिलेगा। इससे पहले दोनों ही सीज़न में बल्लेबाज़ों ने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए न केवल रन बनाए, बल्कि कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए।
इस दौरान कुछ बल्लेबाज़ ऐसे रहे, जिन्होंने रन बनाने में निरंतरता दिखाई और हर सीज़न में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में अपना दबदबा बनाए रखा। इसी क्रम में आइए जानते हैं UP टी20 लीग के अब तक के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज़ों के बारे में।
UP टी20 लीग इतिहास में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज
5. अभिषेक गोस्वामी – 538 रन
गोरखपुर लायंस के ओपनर अभिषेक गोस्वामी यूपी टी20 लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में पाँचवें स्थान पर हैं। उन्होंने अब तक 18 मैचों में 538 रन बनाए हैं। गोस्वामी ने 2023 के सीज़न में 387 रन और 2024 में 151 रन बनाए थे। गोस्वामी अपनी तेज़ शुरुआत के लिए जाने जाते हैं और कई बार उनकी आक्रामक बल्लेबाज़ी ने टीम को बढ़िया पॉवरप्ले दिलाया।
4. माधव कौशिक – 715 रन
मेरठ मेवेरिक्स के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज़ माधव कौशिक ने लगातार दो सीज़न में अपनी उपयोगिता साबित की। वह अब तक 23 मैचों में 723 रन बना चुके हैं। उन्होंने 2023 में 349 रन बनाए और 2024 में यह आंकड़ा बढ़ाकर 366 रन कर दिया।
कौशिक का शांत स्वभाव और दबाव की स्थिति में टीम को संभालने की क्षमता उन्हें खास बनाती है। उनकी पारियां कई मौकों पर मेरठ के लिए गेम चेंजर साबित हुईं।
3. करण शर्मा – 820 रन
काशी रुद्राज के कप्तान करण शर्मा ने इस लीग में अब तक 23 मैचों में 820 रन बनाए हैं। वह 2024 में ऑरेंज कैप विनर रहे थे। उन्होंने उस सीजन में 626 रन बनाए थे, लेकिन 2023 में अपने खाते में सिर्फ 194 रन ही जोड़ सके थे।
करण शर्मा अपनी कप्तानी और बल्लेबाज़ी दोनों में ही टीम के लिए अहम रहे। उनका एंकर रोल निभाते हुए पारी को आगे बढ़ाना और ज़रूरत पड़ने पर तेज़ी से रन बनाना उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
2. समीर रिज़वी – 923 रन
कानपुर सुपरस्टार्स के स्टार बल्लेबाज़ समीर रिज़वी को उनके खेल की वजह से ‘राइट-हैंडेड रैना’ कहा जाता है। उन्होंने अब तक यूपी टी20 लीग में 23 मैचों में 923 रन बनाए हैं और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं।
रिज़वी अपने आक्रामक स्ट्रोक प्ले और मैच का रुख पलट देने वाली पारियों के लिए मशहूर हैं। उन्होंने 2023 में 10 मैचों में 455 रन और 2024 में 13 मैचों में 469 रन बनाए। उनकी बल्लेबाज़ी ने कानपुर की टीम को दोनों सीज़न में मज़बूत स्थिति दिलाई और वे हमेशा विपक्षी टीमों के लिए खतरा बने रहे।
1. स्वास्तिक चिकारा – 993 रन
मेरठ मेवेरिक्स के ओपनर स्वास्तिक चिकारा UP टी20 लीग के इतिहास में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ हैं। उन्होंने शुरूआती दो सीजन में अब तक 23 मैचों में 993 रन बनाए हैं। वह 2023 के सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे और अगले सीजन इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर रहे।
चिकारा ने दोनों सीज़न में कमाल की निरंतरता दिखाई और अपनी आक्रामक बल्लेबाज़ी से टीम को मज़बूती दी। उन्होंने 2023 में 11 मैचों में 494 रन और 2024 में 12 मैचों में 499 रन बनाए। उनकी लगातार शानदार पारियों की वजह से मेरठ मेवेरिक्स का टॉप ऑर्डर हमेशा मज़बूत नज़र आया।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







