PSL 2026 में मुस्तफिजुर रहमान की सैलरी IPL 2026 के मुकाबले चार गुना से भी कम है।
बांग्लादेश के अनुभवी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान (Mustafizur Rahman) ने आधिकारिक रूप से पाकिस्तान सुपर लीग के 11वें सीजन के लिए लाहौर कलंदर्स (Lahore Qalandars) के साथ करार कर लिया है। यह साइनिंग PSL 2026 से पहले डायरेक्ट साइनिंग के तौर पर की गई है।
डिफेंडिंग चैंपियन लाहौर कलंदर्स ने इस डील की पुष्टि करते हुए बताया कि मुस्तफिजुर को 6.44 करोड़ पाकिस्तानी रुपये में टीम से जोड़ा गया है, जो भारतीय रुपये में करीब 2.08 करोड़ होता है।
यह साइनिंग इसलिए भी खास मानी जा रही है, क्योंकि मुस्तफिजुर रहमान लंबे समय बाद लाहौर कलंदर्स में लौटे हैं। इससे पहले वह 2017 और 2018 के सीजन में इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा रह चुके हैं। उनकी वापसी ऐसे समय पर हुई है जब वह हाल ही में IPL 2026 से बाहर हुए थे, जिस वजह से यह डील काफी चर्चा में रही।
मुस्तफिजुर रहमान की IPL सैलरी बनाम PSL सैलरी
मुस्तफिजुर रहमान की PSL साइनिंग का सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला पहलू उनकी IPL और PSL सैलरी का अंतर है।
बता दें कि, IPL 2026 के ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने उन्हें 9.20 करोड़ भारतीय रुपये में खरीदा था। इसके साथ ही वह IPL इतिहास के सबसे महंगे बांग्लादेशी खिलाड़ी बन गए थे।
हालांकि, जनवरी में BCCI के निर्देशों के बाद KKR ने उन्हें रिलीज कर दिया। इसके मुकाबले PSL 2026 में उनकी सैलरी सिर्फ 2.08 करोड़ भारतीय रुपये (PKR 6.44 करोड़ ) है, जो IPL डील से चार गुना से भी कम है। उनकी दोनों लीग की सैलरी में करीब 7.12 करोड़ भारतीय रुपये का सीधा अंतर है।
मुस्तफिजुर रहमान की PSL और IPL कीमत
- IPL 2026 – 9.20 करोड़ भारतीय रुपये (PKR 28.44 करोड़)
- PSL 2026 – 2.08 करोड़ भारतीय रूपये (PKR 6.44 करोड़ )
IPL से बाहर होने के चलते किया PSL का चुनाव
मुस्तफिजुर रहमान का IPL से बाहर होना विवादों से जुड़ा रहा। बांग्लादेश से जुड़े राजनीतिक तनाव के चलते BCCI के निर्देश पर KKR ने उन्हें रिलीज किया।
इस फैसले के बाद बांग्लादेश में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। हालात तब और बिगड़ गए जब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत भेजने से इनकार कर दिया।
इसके बाद बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया गया। इतना ही नहीं, बांग्लादेश सरकार ने अपने देश में IPL के प्रसारण पर भी रोक लगाने का ऐलान किया।
PSL ने मुस्तफिजुर रहमान को दिया स्थिर मंच
इस पूरे घटनाक्रम के बीच PSL ने मुस्तफिजुर रहमान को एक स्थिर विकल्प दिया। लाहौर कलंदर्स ने बिना देर किए उन्हें डायरेक्ट साइनिंग के जरिए टीम में शामिल किया।
इससे मुस्तफिजुर को मार्च और अप्रैल के दौरान एक फ्रेंचाइजी क्रिकेट टूर्नामेंट खेलने का मौका मिलेगा, भले ही PSL और IPL की टाइमिंग आपस में टकरा रही हो।
लाहौर कलंदर्स को क्या देंगे मुस्तफिजुर
लाहौर कलंदर्स के मालिक समीन राणा ने मुस्तफिजुर का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मुस्तफिजुर सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं बल्कि परिवार का हिस्सा हैं।
यह टीम पहले ही शाहीन अफरीदी, अब्दुल्ला शफीक, सिकंदर रजा और मोहम्मद नईम जैसे खिलाड़ियों को रिटेन कर चुकी है। ऐसे में मुस्तफिजुर का अनुभव टीम की गेंदबाजी को और मजबूत करेगा।
PSL और IPL में प्रदर्शन पर नजर
मुस्तफिजुर रहमान ने अब तक PSL में सिर्फ 5 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 4 विकेट लिए हैं। उनका इकॉनमी रेट 6.43 रहा है, जो उनकी कसी हुई गेंदबाजी को दिखाता है।
वहीं, IPL करियर की बात करें तो उन्होंने पांच अलग-अलग टीमों के लिए अब तक कुल 60 मैच खेले हैं और 65 विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 8.13 रहा है।
उनकी स्लोअर गेंदें, डेथ ओवर्स में कंट्रोल और इंटरनेशनल अनुभव PSL 11 में लाहौर कलंदर्स के खिताब बचाने के अभियान में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।






