Ravichandran Ashwin Test Hundreds List: भारत और बांग्लादेश के बीच 3 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला (IND vs BAN 1st Test) चेन्नई के एमए चिदम्बरम स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में भारत की ओर से रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) ने अपने टेस्ट करियर का छठा शतक लगाया। इसके साथ ही साथ, चेन्नई के मैदान पर यह उनका लगातार दूसरा टेस्ट शतक भी था।
यदि टेस्ट क्रिकेट में रविचंद्रन अश्विन के शतकों पर नजर डालें तो, उन्होंने 4 शतक वेस्टइंडीज के खिलाफ, एक शतक इंग्लैंड के खिलाफ और एक शतक बांग्लादेश के खिलाफ लगाया है। इसके अलावा, उन्होंने 4 शतक भारतीय सरजमीं पर और 2 शतक विदेशी सरजमीं पर लगाया है। इतना ही नहीं, अश्विन नंबर 8 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में 4 शतकों के साथ न्यूजीलैंड के डेनियल विटोरी (5) के बाद दूसरे स्थान पर भी हैं।
रविचंद्रन अश्विन द्वारा टेस्ट क्रिकेट में लगाए गए सभी शतकों की सूची | Ravichandran Ashwin Test Hundreds List
1. 103 vs वेस्टइंडीज, मुंबई (2011)

रविचंद्रन अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट में अपना पहला शतक वेस्टइंडीज के खिलाफ मुम्बई में लगाया था। साल 2011 में खेले गए उस मुकाबले में अश्विन ने 118 गेंदों पर 103 रनों की शानदार पारी खेली थी। हालांकि, वह मुकाबला ड्रॉ हुआ था और अश्विन प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए थे।
2. 124 vs वेस्टइंडीज, कोलकाता (2013)

अपने पहले टेस्ट शतक के लगभग दो सालों बाद यानी 2013 में रविचंद्रन अश्विन ने अपने टेस्ट करियर का दूसरा शतक लगाया। कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ उस मुकाबले में अश्विन ने 210 गेंदों पर 124 रनों की शानदार पारी खेली थी। उस मुकाबले में भारत को एक पारी और 51 रनों से जीत मिली थी और रोहित शर्मा को उनकी 177 रनों की पारी के चलते प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।
3. 113 vs वेस्टइंडीज, एंटीगा (2016)

अश्विन ने साल 2016 में एंटीगा में मेजबान वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए मुकाबले में अपने टेस्ट करियर का तीसरा शतक लगाया था। वह विदेशी सरजमीं पर उनका पहला टेस्ट शतक भी था। अश्विन ने उस मुकाबले में 253 गेंदों पर 113 रनों की शानदार पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका दिलाई थी। वह उस मैच में प्लेयर ऑफ द मैच भी चुने गए थे।
4. 118 vs वेस्टइंडीज, सेंट लूसिया (2016)

अश्विन के लिए 2016 में वेस्टइंडीज का दौरा उनके टेस्ट बैटिंग करियर के लिए बड़ा वरदान साबित हुआ था। एंटीगा टेस्ट में शतक लगाने के बाद उन्होंने सेंट लूसिया में खेले गए 3 मैचों की उस टेस्ट सीरीज के आखिरी मुकाबले में भी 297 गेंदों पर 118 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली थी और अपनी टीम को शानदार जीत दिलाकर प्लेयर ऑफ द मैच बने थे। यह उनके टेस्ट करियर का ही नहीं बल्कि वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथा और विदेशी सरजमीं पर दूसरा टेस्ट शतक था।
5. 106 vs इंग्लैंड, चेन्नई (2021)

साल 2021 में जब इंग्लैंड की टीम भारत में 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने आई थी, तो उस सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच चेन्नई में भी खेला गया था। उस मुकाबले की दूसरी पारी में भारतीय बल्लेबाजी की हालत काफी खराब हो गई थी, लेकिन रविचंद्रन अश्विन ने शतक लगाकर अपनी टीम को मजबूती दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। अश्विन ने उस मुकाबले में 148 गेंदों पर 106 रनों की शानदार पारी खेली थी और भारत को 237 रनों से जीत मिलने के चलते प्लेयर ऑफ द मैच भी चुने गए थे।
6. 112 गेंद पर 102* रन vs बांग्लादेश, चेन्नई (2024)*

भारत और बांग्लादेश के बीच खेली जा रही 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहला मुकाबला चेन्नई में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में भारतीय टीम मात्र 144 के स्कोर पर 6 विकेट गँवा चुकी थी, लेकिन उसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे अश्विन ने जडेजा के साथ मिलकर पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 195 रनों की नाबाद साझेदारी की और अपनी टीम को 339/6 के स्कोर तक पहुंचाया।
दोनों बल्लेबाजों ने शानदार साझेदारी करके भारतीय टीम को मुश्किल परिस्थितियों से निकाला। इस दौरान अश्विन ने 108 गेंदों पर अपने टेस्ट करियर का छठा शतक पूरा किया। वह पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 112 गेंदों पर 102 रन बनाकर नाबाद थे। दूसरी ओर, जडेजा भी 117 गेंदों पर 86 रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए थे।






