ODI cricket: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कभी कप्तानी करते हुए नहीं दिखाई देंगे। क्यूंकि अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने वनडे फॉर्मेट में भी शुभमन गिल को नया कप्तान नियुक्त कर दिया है। इसके बाद अब इस फॉर्मेट में रोहित शर्मा बतौर बल्लेबाज खेलते हुए नजर आएंगे। इस बीच हम आपको बता देना चाहते हैं कि वह टेस्ट और टी-20 अंतरराष्ट्रीय से पहले ही संन्यास ले चुके हैं। आइए जानते हैं कि वनडे क्रिकेट में बतौर कप्तान रोहित शर्मा का प्रदर्शन कैसा रहा है।
वनडे फॉर्मेट में दूसरा सबसे बेहतर जीत प्रतिशत :-
क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक कप्तान के रूप में रोहित का जीत प्रतिशत 75 का रहा है। इसके अलावा यह कम से कम 50 वनडे मैचों में कप्तानी करने वालों में वेस्टइंडीज के दिग्गज खिलाड़ी क्लाइव लॉयड (76.2) के बाद दूसरे स्थान पर भी आता है। वहीं उन्होंने कुल 56 वनडे मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी की है।

इनमें से उनकी टीम को 42 मैचों में जीत मिली थी। जबकि इस दौरान उनकी टीम को केवल 12 में हार का सामना करना पड़ा था। वहीं इस बीच उनके 2 मैच अनिर्णित रहे थे। इसके अलावा भारतीय कप्तानों में वह दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली (68.4) और धोनी (55) के मुकाबले बहुत आगे रहे हैं।
बतौर कप्तान 2,500 से अधिक वनडे रन :-
भारतीय दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा ने 56 मैचों की 55 पारियों में बतौर कप्तान खेलते हुए 52.20 की शानदार औसत से बल्लेबाजी करते हुए 2,506 रन बनाए हैं। वहीं इस दौरान उनके बल्ले से नाबाद रहते हुए 208 रन का सर्वोच्च स्कोर आया है।

इस बीच उनके बल्ले से 5 शतक और 17 अर्धशतक भी आए हैं। जबकि बिना कप्तानी किए हुए रोहित ने 217 वनडे मैचों में खेलते हुए 47.85 की बल्लेबाजी औसत और 88.42 की स्ट्राइक स्ट्राइक रेट से 8,662 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 27 शतक और 41 अर्धशतक भी आए हैं।
विश्व कप में सबसे बेहतर जीत प्रतिशत वाले भारतीय कप्तान हैं रोहित :-
इसके अलावा वनडे विश्व कप में रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम का जीत प्रतिशत (90.90) का रहा है। क्यूंकि उनकी अगुवाई में विश्व कप में भारतीय टीम ने 11 में से 10 मैच जीते और 1 में हार मिली है।

जबकि महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में भारतीय टीम ने कुल 17 में से 14 मैच जीते (जीत प्रतिशत- 82.35) और 2 में हार मिली थी। इसके अलावा कपिल देव की कप्तानी में विश्व कप में भारत ने कुल 15 में से 11 मैच जीते (जीत प्रतिशत- 73.33) और 4 में हार मिली थी।
बतौर कप्तान वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक लगा चुके है रोहित :-

भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तानी करते हुए साल 2017 में रोहित शर्मा ने मोहाली में खेले गए मैच में श्रीलंका टीम के खिलाफ 153 गेंदों में नाबाद 208 रन बनाए थे। अपनी इस शानदार पारी में उन्होंने 13 चौके और 12 छक्के लगाए थे। इसके अलावा वह वनडे क्रिकेट में बतौर कप्तान दोहरा शतक लगाने वाले सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बने थे। क्यूंकि उनसे पहले वीरेंद्र सहवाग साल 2011 में (219 रन बनाम वेस्टइंडीज) के खिलाफ यह कारनामा कर चुके थे।
विश्व कप संस्करण में सर्वाधिक रन वाले कप्तान हैं रोहित :-
साल 2023 में हुए विश्व कप में उन्होंने भारतीय टीम की तरफ से सभी 11 मैच खेले थे। तब इन मैचों में खेलते हुए उन्होंने 54.27 की शानदार बल्लेबाजी औसत और 125.94 की दमदार स्ट्राइक रेट के साथ 597 रन बनाए थे। वहीं इस दौरान उनके बल्ले से 131 रन की सर्वोच्च पारी भी आई थी।

तब उस संस्करण में उनके बल्ले से 1 शतक और 3 अर्धशतक भी आए थे। इसके अलावा रोहित शर्मा विश्व कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कप्तान भी बने थे। इस मामले में उन्होंने केन विलियमसन का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा था। क्यूंकि विलियमसन ने बतौर कप्तान साल 2019 के विश्व कप संस्करण में खेलते हुए 578 रन बनाए थे।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







