Wednesday, March 4

Shafali Verma Comeback Story Women’s World Cup 2025: भारतीय महिला क्रिकेट के इतिहास में यह साल हमेशा याद रखा जाएगा, क्योंकि इस साल टीम इंडिया ने पहली बार Women’s World Cup का खिताब जीता। इस जीत की कहानी में कई अहम किरदार थे, लेकिन सबसे भावुक और प्रेरणादायक सफर शेफाली वर्मा का रहा। वह युवा बल्लेबाज, जिसने बहुत कम उम्र में अपनी पहचान बनाई, लेकिन एक समय ऐसा भी आया जब उन्हें टीम से बाहर रहना पड़ा और खुद को साबित करने के लिए नये सिरे से सब कुछ शुरू करना पड़ा।

जब वह वर्ल्ड कप टीम में नहीं चुनी गईं, तब कई लोग सोच रहे थे कि शायद शेफाली का दौर धीमा पड़ गया है। लेकिन उन्होंने इस बात को झटका नहीं, बल्कि प्रेरणा बनाया। उन्होंने खाली स्टैंड्स में घरेलू क्रिकेट खेलते हुए रन बनाए, नई जिम्मेदारी उठाई, गेंदबाजी में भी खुद को निखारा और चुपचाप तैयारी करती रहीं। यही तैयारी उस दिन रंग लाई, जब प्रतिका रावल के चोटिल होकर बाहर होने के चलते उन्हें वर्ल्ड कप टीम में बुलाया गया। इसके बाद उन्होंने फाइनल में शानदार 76 गेंदों पर 87 रन और 2 अहम विकेट लेकर भारत को खिताब जिताया।

रोहतक की बेटी जिसने कभी हार नहीं मानी

हरियाणा के रोहतक से आने वाली शेफाली हमेशा से ही अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और जज़्बे के लिए मशहूर रही हैं। बचपन से ही पिता संजीव वर्मा ने उन्हें क्रिकेट का माहौल दिया और वही उनके सबसे बड़े कोच और प्रेरणा बने। जब शेफाली टीम से बाहर हुईं, तब उनका परिवार भी भावनात्मक समय से गुजर रहा था। उनके पिता को दिल का दौरा पड़ा था और ऐसे कठिन समय में शेफाली ने अपने मन की बात छिपाई, ताकि पिता का दिल दुखी न हो।

उनके पिता ने बताया कि शेफाली ने उन्हें एक हफ्ते तक यह बात नहीं बताई कि टीम से बाहर कर दिया गया है, क्योंकि वह नहीं चाहती थीं कि पिता की चिंता और बढ़े। जब पिता को यह बात पता चली, तो उन्होंने फिर वही किया जो वह हमेशा करते थे। वह उन्हें नेट्स में ले गए और बोले कि सब ठीक है और कोशिश जारी रखनी है।

डोमेस्टिक क्रिकेट में रन और Overs, सब कुछ दोगुना

किसी भी खिलाड़ी के लिए टीम में वापसी आसान नहीं होती, लेकिन शेफाली ने इसे चुनौती की तरह लिया। उन्होंने घरेलू टूर्नामेंट्स में लगातार रन बनाए और दिखाया कि वह सिर्फ टैलेंट नहीं, बल्कि मेहनत और मानसिक मजबूती का भी उदाहरण हैं।

  • BCCI One-Day Trophy: 527 रन, औसत 75.28, स्ट्राइक रेट 152.31, बेस्ट स्कोर – 197 रन (क्वार्टर फाइनल, बंगाल के खिलाफ)
  • Women’s Challenger Trophy: 414 रन, औसत 82.80
  • WPL 2025: 306 रन

शेफाली वर्मा ने टीम से बाहर होने के बाद घरेलू क्रिकेट खेलने के दौरान सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, बल्कि गेंदबाजी पर भी ध्यान दिया और लगातार ओवर करके खुद को ऑलराउंडर का रूप दिया। यही वजह है कि जब महिला वर्ल्ड कप फाइनल में कप्तान हरमनप्रीत कौर ने उन्हें गेंद थमाई, तब शेफाली पूरी तरह तैयार थीं और उन्होंने दो बहुत ही जरूरी विकेट निकालकर मैच पलटा।

फाइनल की वह रात जिसमें सपना हुआ सच

शेफाली ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ महिला वर्ल्ड कप 2025 फाइनल में शुरुआत में संभलकर खेला और फिर तेज बल्लेबाजी से मैच को भारत के पक्ष में मोड़ दिया। उन्होंने उस मैच में 76 गेंदों में 87 रन बनाए। यही नहीं, उन्होंने दो अहम विकेट भी लिए और मैच को उस दिशा में धकेला जहां से वापसी मुश्किल थी।

उनकी यह डबल परफॉर्मेंस उनके करियर की सबसे बेहतरीन वनडे परफॉर्मेंस रही और भारत ने शानदार अंतर से मैच जीतकर पहली बार महिला वर्ल्ड कप अपने नाम किया।

पिता का भरोसा और बेटी की हिम्मत

संजीव वर्मा हमेशा मानते रहे हैं कि शेफाली के अंदर से ही वह जज़्बा आता है, जो हर मुश्किल के बाद उन्हें फिर खड़ा कर देता है। वह कहते हैं कि शेफाली ने सभी उतार-चढ़ाव से यही सीखा कि वापसी खुद करनी होती है। वह बेटी को हमेशा उसकी उपलब्धियों की याद दिलाते रहे ताकि उसका आत्मविश्वास कभी कम न हो।

उन्होंने बेटी से कहा था, बस अपने ऊपर और भगवान पर भरोसा रखो और तैयार रहो, क्योंकि मौका जरूर आएगा। आखिरकार वही हुआ। शेफाली का धैर्य, मेहनत और विश्वास उन्हें वहां तक वापस ले आया, जहां पूरा देश उन्हें तिरंगा लहराते हुए देख रहा था।

शेफाली की इस वापसी ने हर युवा खिलाड़ी को यह संदेश दिया कि गिरकर उठना ही असली जीत है। वह यह साबित कर चुकी हैं कि प्रतिभा और आत्मविश्वास के साथ लगातार मेहनत करने पर दुनिया की कोई ताकत आपको रोक नहीं सकती। भारत के लिए यह जीत सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि महिला क्रिकेट के लिए एक नई शुरुआत है।

अब यह सफर यहीं रुकने वाला नहीं दिखता। शेफाली ने बता दिया है कि वह और बड़े लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही हैं और आने वाले सालों में भारत के लिए कई यादगार पल लाने में सक्षम हैं।

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version