Wednesday, March 4

मार्को यांसिन की विस्फोटक पारी की बदौलत साउथ अफ्रीका ने सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के सामने 170 रनों का लक्ष्य रखा।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 8 विकेट पर 169 रन बनाए। शुरुआती झटकों के बाद टीम को संभालने का काम मार्को यांसिन ने किया, जिन्होंने तेज बल्लेबाजी करते हुए अहम अर्धशतक लगाया।

कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर खेले जा रहे इस मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। शुरुआत में न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने साउथ अफ्रीका के टॉप ऑर्डर पर दबाव बना दिया था।

शुरुआती ओवरों में लड़खड़ाई साउथ अफ्रीका की बल्लेबाजी

साउथ अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने सिर्फ 12 के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए। क्विंटन डी कॉक 8 गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि रायन रिकेल्टन खाता भी नहीं खोल सके।

इसके बाद कप्तान ऐडन मार्करम और डेवाल्ड ब्रेविस ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच अहम साझेदारी हुई, लेकिन बड़ा स्कोर बनने से पहले ही यह जोड़ी टूट गई। मार्करम 20 गेंदों पर 18 रन बनाकर आउट हो गए।

मिडिल ऑर्डर में भी नहीं मिली बड़ी साझेदारी

मार्करम के आउट होने के बाद डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने उन्हें खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।

डेवाल्ड ब्रेविस ने 27 गेंदों पर 34 रनों की उपयोगी पारी खेली, जबकि ट्रिस्टन स्टब्स ने 24 गेंदों में 29 रन बनाए। हालांकि, इन पारियों के बावजूद साउथ अफ्रीका लगातार विकेट गंवाती रही।

मार्को यांसिन के खेली तेज अर्धशतकीय पारी

पारी के अंतिम ओवरों में मार्को यांसिन ने शानदार बल्लेबाजी की और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। उन्होंने 30 गेंदों में नाबाद 55 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।

उनकी इस तेज पारी की बदौलत साउथ अफ्रीका आखिरी पांच ओवरों में तेजी से रन बनाने में सफल रहा और टीम 169 रनों तक पहुंच गई।

न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने किया अच्छा प्रदर्शन

न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने इस मैच में संतुलित गेंदबाजी की। मैट हेनरी और रचिन रविंद्र ने दो-दो विकेट हासिल किए। इसके अलावा कोल मैक्कॉन्ची ने अपने एक ओवर में दो अहम विकेट लेकर साउथ अफ्रीका को दबाव में डाल दिया। लोकी फर्ग्यूसन और जेम्स नीशम को भी एक-एक विकेट मिला। अब न्यूजीलैंड को फाइनल में पहुंचने के लिए 20 ओवरों में 170 रन बनाने होंगे।

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version