टीम इंडिया के उपकप्तान श्रेयस अय्यर की फिटनेस को लेकर लगातार चिंता जताई जा रही थी। लेकिन, न्यूज़ीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में उन्हें टीम में मौका दिया गया था, जिसके बाद उनकी फिटनेस को लेकर सभी अटकलों पर पूर्ण विराम लग चुका था।
हालाँकि, अभी भी उन्हें लिस्ट ए का एक मुकाबला और खेलना है ताकि वे सभी कयासों को पूरी तरह से शांत कर सकें। श्रेयस के लिए पिछले कुछ दिन काफी अच्छे रहे हैं और अब उन्हें एक और बड़ी जिम्मेदारी देते हुए बोर्ड ने उन्हें कप्तान बना दिया है।
श्रेयस को विजय हजारे ट्रॉफी के लिए बनाया गया मुंबई का कप्तान

आपको बता दें कि श्रेयस अय्यर को विजय हजारे ट्रॉफी के लिए मुंबई की टीम का कप्तान बना दिया गया है। वे शार्दुल ठाकुर की जगह पर कप्तानी करते हुए नजर आएंगे।
भले ही उन्हें न्यूज़ीलैंड के खिलाफ टीम में जगह दी गई हो, लेकिन वे खेलने के लिए तभी उपलब्ध होंगे जब वे विजय हजारे ट्रॉफी में एक मुकाबला खेलकर अपनी फिटनेस प्रूव करेंगे।
चोट के चलते नहीं खेल पाए थे अब तक के मुकाबले
विजय हजारे ट्रॉफी में शार्दुल ठाकुर मुंबई की टीम की कप्तानी कर रहे थे। लेकिन अब श्रेयस की वापसी के साथ उन्हें कप्तानी सौंप दी गई है। इस सीजन के पहले भी अय्यर ही मुंबई की टीम की कप्तानी कर रहे थे और इस बार भी उन्हें कप्तानी करनी थी।
हालाँकि, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में एलेक्स कैरी का कैच पकड़ने के प्रयास में उन्होंने डाइव लगाई थी, जिसके बाद वे चोटिल हो गए थे और उन्हें हॉस्पिटल में भी भर्ती करना पड़ा था। श्रेयस की रिब्स में चोट लगी थी।
हिमाचल के साथ 6 जनवरी को है मुंबई का मैच
श्रेयस उसके बाद वापस भारत लौटे थे, जहाँ उन्होंने एनसीए में रिहैब किया था और कुछ दिन पहले उन्होंने प्रैक्टिस भी की थी, जहाँ उन्होंने अपनी फिटनेस में जबरदस्त सुधार दिखाया था। उसके बाद ही उन्हें फास्ट ट्रैक किया गया और न्यूज़ीलैंड वनडे सीरीज में टीम में जगह दी गई थी।
मुंबई की टीम विजय हजारे ट्रॉफी के ग्रुप सी में है। उनके अब तक 5 मुकाबलों में 4 जीत और 1 हार के साथ 16 पॉइंट्स हैं। उनका अगला मुकाबला हिमाचल प्रदेश से है, जो कि 6 जनवरी से जयपुर में खेला जाएगा।







