टी20 वर्ल्ड कप 2026 का ग्रुप स्टेज खत्म हो चुका है और सुपर 8 की सभी टीमें तय हो चुकी हैं। दोनों ही ग्रुप में काफी मजबूत टीमें नजर आ रही हैं, जिससे अब और भी कड़ी टक्कर के मुकाबले देखने को मिलेंगे। 2009 के बाद पहली बार ऐसा होगा कि टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया की टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई है। तो चलिए जानते हैं कि अब दोनों ग्रुप में ज्यादा टक्कर के मुकाबले देखने को मिलेंगे।
सुपर 8 में कौन सी टीमों ने किया है क्वालीफाई
टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 को दो ग्रुप में बांटा गया है। एक ग्रुप है x1, जिसमें इंडिया, साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे की टीम शामिल हैं। जबकि दूसरा ग्रुप है x2, उसमें न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका की टीम शामिल हैं।
जिम्बाब्वे के आने से ग्रुप X1 हुआ थोड़ा हल्का
X1 में इंडिया, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज की टीम हैं, जो कि काफी मजबूत टीमें हैं। वे अपने दिन पर किसी भी टीम को हरा सकती हैं और आगे सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर सकती हैं। हालांकि सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए टीम को कम से कम दो मैच जीतने होंगे।
ऐसे में इन टीमों का जिम्बाब्वे से मैच होना है, जो उनके लिए थोड़ा आसान होने वाला है। भले ही जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराया हो, लेकिन सुपर 8 में उनका मैच जीतना मुश्किल लग रहा है।
X2 में है कांटे की टक्कर
वहीं दूसरे ग्रुप में श्रीलंका, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और पाकिस्तान की टीम हैं। यह ग्रुप और भी ज्यादा कॉम्पिटिटिव है। क्योंकि इस ग्रुप में न्यूजीलैंड को छोड़कर बाकी सभी टीमों के पास टी20 वर्ल्ड कप जीतने का अनुभव है। भले ही कीवी टीम खिताब नहीं जीती है, लेकिन वे फाइनल और सेमीफाइनल में जगह बनाती रही है।
इस ग्रुप में अगर कोई टीम एक भी मैच हारती है तो उसका सेमीफाइनल में पहुंचना मुश्किल हो जाएगा। यही नहीं, इस ग्रुप में सभी टीमें बराबरी की हैं और उन्हें बड़े स्टेज पर खेलने का अनुभव भी है। जबकि X1 में जिम्बाब्वे के आने से वह ग्रुप थोड़ा आसान हो गया है, क्योंकि जिम्बाब्वे की टीम रेगुलरली बड़ी टीमों के साथ नहीं खेलती और न ही उन्हें सुपर 8 जैसे बड़े स्टेज पर खेलने का अनुभव है।







