भारतीय टीम एक बार फिर से टेस्ट क्रिकेट में जीत की पटरी पर लौट चुकी है। पिछले साल अप्रत्याशित तरीके से न्यूज़ीलैंड के खिलाफ घर में मिली हार के बाद अब वापस टीम इंडिया का विजय अभियान शुरू हो गया है। उन्होंने पहले इंग्लैंड के खिलाफ उन्हीं के घर में सीरीज़ ड्रॉ कराई और फिर वेस्टइंडीज को क्लीन स्वीप किया।
इस सीरीज़ के बाद अब भारत को कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। साउथ अफ्रीका की टीम भारत के दौरे पर आ रही है, जहाँ दोनों देशों के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज़ खेली जानी है। पहला मैच 14 नवंबर को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। तो चलिए जानते हैं कि पहले मुकाबले में भारतीय टीम में किन खिलाड़ियों को मौका दिया जा सकता है।
इन खिलाड़ियों को मिल सकती है प्लेइंग इलेवन में जगह

1. केएल राहुल (KL Rahul)
टीम इंडिया के धुरंधर बल्लेबाज़ केएल राहुल साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज़ में ओपनिंग करते हुए दिख सकते हैं। उन्होंने इंग्लैंड और फिर वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली पिछली टेस्ट सीरीज़ में काफी अच्छा प्रदर्शन किया था। पहले ही मैच में 33 वर्षीय बल्लेबाज़ ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए शतक लगाकर अपनी अच्छी फॉर्म बरकरार रखी थी।
2. यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal)
टीम इंडिया के युवा खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल केएल राहुल के साथ ओपनिंग करते हुए दिख सकते हैं। उन्होंने अपने छोटे से करियर में काफी शानदार प्रदर्शन किया है, जिसके चलते वह यह ज़िम्मेदारी निभाते हुए दिख सकते हैं। उन्होंने न सिर्फ वेस्टइंडीज सीरीज़ में अच्छा प्रदर्शन किया बल्कि हाल ही में खेले गए डोमेस्टिक क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन किया था।
3. साई सुदर्शन (Sai Sudharsan)
इंग्लैंड के खिलाफ अपनी तकनीक और टेम्परामेंट से काफी प्रभावित करने वाले साई सुदर्शन को नंबर 3 पर मौका दिया जा सकता है। उन्होंने घरेलू क्रिकेट के साथ-साथ इंडिया के लिए भी कुछ अच्छी पारियां खेली हैं। इसलिए टीम मैनेजमेंट उन्हें बैक कर रही है। वेस्टइंडीज सीरीज़ में उन्होंने मिले मौके को गंवा दिया था, इसलिए यह उनका आख़िरी मौका भी हो सकता है।
ध्रुव जुरेल ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ शतक लगाया था और ऋषभ पंत की टीम में वापसी भी हो गई है। इसलिए, अगर साई अच्छा प्रदर्शन नहीं करते हैं तो उन्हें साउथ अफ्रीका सीरीज़ के अगले मैच में प्लेइंग इलेवन से ड्रॉप किया जा सकता है।
4. शुभमन गिल (कप्तान) (Shubman Gill)
टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ में कप्तानी मिलते ही बल्ले से सभी को प्रभावित किया था। वेस्टइंडीज सीरीज़ में भी गिल ने अच्छी बल्लेबाज़ी की थी और उनकी फॉर्म पर किसी को कोई संदेह नहीं है।
5. ऋषभ पंत (Rishabh Pant)
टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत चोट के चलते इस सीरीज़ से बाहर हो गए थे और उनकी जगह पर ध्रुव जुरेल को मौका दिया गया था। लेकिन इस सीरीज़ में वो वापसी कर रहे हैं और उनकी प्लेइंग इलेवन में जगह पर कोई सवाल नहीं है।
6. ध्रुव जुरेल (Dhruv Jurel)
भले ही ध्रुव को नियमित रूप से टीम में मौका नहीं मिलता है, लेकिन जब भी उन्हें टीम में जगह दी गई है, उन्होंने अच्छा प्रदर्शन ही किया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले ही मैच में उन्होंने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए शतक जड़कर अपनी जगह पक्की कर ली थी। उसके बाद साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ भी शतक जड़ा, जिससे अब उन्हें प्लेइंग इलेवन में खिलाना मज़बूरी सी बन गई है।
7. रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja)
इस साल की शुरुआत में टीम इंडिया के दिग्गज ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा की टीम में जगह पर सवाल उठाए जा रहे थे। लेकिन, इंग्लैंड टेस्ट सीरीज़ और अब वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज़ के बाद उन्होंने ऐसा प्रदर्शन किया है कि उनकी जगह पर कोई सवाल नहीं उठेगा। 36 वर्षीय ऑलराउंड खिलाड़ी ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में शतक लगाने के साथ-साथ 7 विकेट भी लिए थे।
8. वाशिंगटन सुंदर (Washington Sundar)
ऑफ स्पिनर वाशिंगटन सुंदर को रविंद्र जडेजा के साथ टीम में मौका दिया जा सकता है। उन्होंने इंग्लैंड और वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज़ में काफी अच्छा प्रदर्शन किया था। मैनचेस्टर टेस्ट मैच ड्रॉ कराने में युवा ऑलराउंडर का बड़ा योगदान था। पहले मैच में उन्हें भले ही बल्लेबाज़ी का मौका नहीं मिला था, लेकिन गेंदबाज़ी से उन्होंने अच्छा काम किया था।
9. कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav)
टीम इंडिया के मिस्ट्री स्पिनर कुलदीप यादव इस समय अपनी सबसे बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। वह हर फॉर्मेट में अपनी गेंदबाज़ी से बल्लेबाज़ों को चकमा दे रहे हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ भी उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया था और चाइनामैन गेंदबाज़ अफ्रीका की कमजोरी रहे हैं, इसलिए उनकी जगह टीम में बन सकती है।
10. मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj)
टीम इंडिया के तेज़ गेंदबाज़ों की बात की जाए, तो मोहम्मद सिराज खेलते हुए दिख सकते हैं। उन्होंने इंग्लैंड टेस्ट सीरीज़ की अच्छी फॉर्म को यहाँ भी बरकरार रखा है और पहले मैच में शानदार गेंदबाज़ी करते हुए विंडीज़ टीम की कमर तोड़ दी थी। अब साउथ अफ्रीका के खिलाफ भी वैसा ही प्रदर्शन दोहराना चाहेंगे।
11. जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah)
साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में जसप्रीत बुमराह खेलते हुए दिख सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज़ में उन्हें आराम दिया गया था और अब वो पूरी तरह से फिट हैं, इसलिए उन्हें पहले मैच में खिलाया जाएगा ताकि मैच जीता जा सके।
कोलकाता टेस्ट के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साईं सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, रविंद्र जडेजा, वाशिंगटन सुन्दर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह।







