टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली लंबे अरसे के बाद घरेलू क्रिकेट खेलते हुए नजर आएंगे। कोहली के खेलने की पुष्टि डीडीसीए के अध्यक्ष रोहन जेटली ने की है। वह फिलहाल इस समय साउथ अफ्रीका के खिलाफ हो रही वनडे सीरीज में खेल रहे हैं, जहाँ पहले मैच में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाया था। तो चलिए जानते हैं कि 36 वर्षीय बल्लेबाज किस डोमेस्टिक टूर्नामेंट में खेल सकते हैं।
विजय हज़ारे ट्रॉफी खेल सकते हैं विराट कोहली

आपको बता दें कि विराट कोहली दिसंबर के आख़िर में शुरू होने वाले घरेलू टूर्नामेंट विजय हज़ारे ट्रॉफी में खेल सकते हैं। इस बात की जानकारी डीडीसीए के प्रेसिडेंट रोहन जेटली ने खुद दी है। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया है कि वह पूरे टूर्नामेंट के लिए उपलब्ध रहेंगे या फिर शुरुआती मुकाबले खेलेंगे या आखिरी के कुछ मैच खेलते हुए दिखेंगे। विजय हज़ारे ट्रॉफी घरेलू क्रिकेट में लिस्ट-ए टूर्नामेंट है।
विजय हज़ारे की शुरुआत 24 दिसंबर से हो रही है। कोहली सिर्फ एक ही फॉर्मेट खेल रहे हैं और अभी वर्ल्ड कप को 2 साल से ज्यादा का समय बचा हुआ है। ऐसे में चयनकर्ताओं और बीसीसीआई की तरफ से खिलाड़ियों पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है कि वह घरेलू क्रिकेट खेलें। इसी वजह से वह इस टूर्नामेंट में खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
24 दिसंबर से होगी शुरुआत
दिल्ली का इस टूर्नामेंट में पहला मुकाबला 24 दिसंबर से खेला जाएगा। उनका यह मैच आंध्र के खिलाफ खेला जाना है। विजय हज़ारे में लीग फॉर्मेट में 7 मुकाबले खेले जाने हैं। विराट इस समय साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज खेल रहे हैं और 6 दिसंबर को आखिरी वनडे खेला जाना है। इसके बाद भारत की अगली वनडे सीरीज न्यूज़ीलैंड से 11 जनवरी से खेली जानी है। विराट कोहली 15 सालों के बाद इस टूर्नामेंट में वापसी करते हुए दिखेंगे।
15 साल बाद विजय हज़ारे में होगी कोहली की वापसी
बताते चलें कि विराट ने आखिरी बार दिल्ली के लिए लिस्ट-ए फॉर्मेट का मैच सितंबर 2013 में एनकेपी साल्वे चैलेंजर ट्रॉफी में खेला था। इस टूर्नामेंट में दिल्ली, इंडिया ब्लू और इंडिया रेड टीमों ने हिस्सा लिया था। वहीं आखिरी बार विजय हज़ारे ट्रॉफी में वह 2009-10 सीज़न में खेले थे। उन्होंने उन दोनों टूर्नामेंट में दिल्ली की कप्तानी की थी।
विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में दिल्ली का शेड्यूल
24 दिसंबर – दिल्ली बनाम आंध्रा
26 दिसंबर – दिल्ली बनाम गुजरात
29 दिसंबर – दिल्ली बनाम सौराष्ट्र
31 दिसंबर – दिल्ली बनाम ओडिशा
3 जनवरी – दिल्ली बनाम सर्विसेज
6 जनवरी – दिल्ली बनाम रेलवेज
8 जनवरी – दिल्ली बनाम हरियाणा







