Sunday, February 15

Cristiano Ronaldo becomes first billionaire footballer in history: दुनिया के सबसे पॉपुलर और सफल फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने हाल ही में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। अब वह इतिहास में एक अरब डॉलर से ज्यादा की नेट वर्थ वाले पहले फुटबॉलर बन चुके हैं।

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, रोनाल्डो की कुल संपत्ति अब 1.4 अरब डॉलर (लगभग 12.40 हजार करोड़ भारतीय रूपये) तक पहुंच गई है।

ब्लूमबर्ग ने पहली बार लगाया था किसी फुटबॉलर की संपत्ति का अनुमान

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स आमतौर पर दुनिया के बड़े उद्योगपतियों, निवेशकों और एंटरटेनमेंट दिग्गजों की संपत्ति का आकलन करता है। लेकिन इस बार पहली बार किसी फुटबॉलर की नेट वर्थ का अनुमान लगाया गया है और रोनाल्डो इस सूची में शामिल होकर खेल जगत में नया इतिहास बना चुके हैं।

सऊदी क्लब अल-नास्र ने बदल दी रोनाल्डो की किस्मत

रोनाल्डो के करियर का सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब उन्होंने 2023 में सऊदी अरब के क्लब अल-नास्र (Al-Nassr) से जुड़ने का फैसला किया। इस क्लब के साथ उनका कॉन्ट्रैक्ट न केवल फुटबॉल इतिहास के सबसे बड़े करारों में से एक है, बल्कि इसने उन्हें दुनिया के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले खिलाड़ियों की सूची में टॉप पर पहुंचा दिया।

बता दें कि, उन्हें सऊदी लीग में मिलने वाली सैलरी टैक्स-फ्री है, जिससे उनकी संपत्ति में तेजी से बढ़ोतरी हुई। इसके अलावा, रिपोर्ट्स के मुताबिक उनके कॉन्ट्रैक्ट में क्लब की हिस्सेदारी, प्राइवेट जेट और अन्य लग्जरी सुविधाएं भी शामिल हैं।

“मैंने यूरोप में सब कुछ जीत लिया”, रोनाल्डो ने अल-नासर में शामिल होने के बाद दिया था बयान

अल-नास्र में शामिल होते समय रोनाल्डो ने कहा था कि उन्होंने यूरोप में हर उपलब्धि हासिल कर ली है और अब वे नए चैलेंज की तलाश में हैं। उस समय कई लोगों ने उनके फैसले पर सवाल उठाए थे, लेकिन अब यह साफ है कि यह कदम उनके जीवन के सबसे फायदेमंद निर्णयों में से एक साबित हुआ।

मेस्सी से रही बराबरी, अब पीछे छूटे प्रतिद्वंद्वी

लंबे समय तक क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेस्सी एक-दूसरे के बराबर माने जाते थे, चाहे वह फुटबॉल पुरस्कारों की बात हो या कमाई की। लेकिन 2023 के बाद दोनों खिलाड़ियों की आय में बड़ा अंतर आया।

जहां रोनाल्डो ने सऊदी अरब का रुख किया, वहीं मेस्सी अमेरिका के इंटर मियामी (Inter Miami) क्लब से जुड़े। हालांकि, मेस्सी भविष्य में क्लब की हिस्सेदारी खरीदने की योजना बना रहे हैं, जिससे उनकी संपत्ति में फिर उछाल आ सकता है, लेकिन फिलहाल रोनाल्डो उनसे कहीं आगे निकल चुके हैं।

अरबपति बनने में ब्रांड, विज्ञापन और सोशल मीडिया का बड़ा योगदान

रोनाल्डो की अरबों डॉलर की कमाई सिर्फ मैदान पर खेले जाने वाले मैचों से नहीं आती। वह दुनिया के सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले खिलाड़ियों में से एक हैं, जिनके इंस्टाग्राम पर 600 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।

उनकी आय का बड़ा हिस्सा Nike, Clear Shampoo, Herbalife, और अपने खुद के ब्रांड CR7 से आता है, जिसमें कपड़े, परफ्यूम और होटल बिजनेस शामिल हैं।

रोनाल्डो का नाम इतिहास में दर्ज

क्रिस्टियानो रोनाल्डो की यह उपलब्धि सिर्फ उनके लिए नहीं, बल्कि पूरे फुटबॉल जगत के लिए गर्व की बात है। उन्होंने दिखाया है कि खेल सिर्फ जुनून नहीं, बल्कि एक ऐसी इंडस्ट्री है जो मेहनत और ब्रांड वैल्यू के बल पर किसी खिलाड़ी को अरबपति बना सकती है।

 

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है। नीतिश कुमार मिश्र अपने पेशेवर लेखन के जरिए पाठकों को न सिर्फ सटीक खबरें, बल्कि गहन विश्लेषण के माध्यम से खेलों को और करीब से समझने का मौका भी देते हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version