Sunday, February 15

मैच से पहले क्रिस्टियानो रोनाल्डो से हुई बातचीत ने ख्विचा कवारात्सखेलिया को इतना प्रेरित किया कि उनकी टीम जॉर्जिया ने यूरोपीय फुटबॉल चैम्पियनशिप का बड़ा उलटफेर करते हुए रोनाल्डो की पुर्तगाल को 2 . 0 से हराकर अंतिम 16 में जगह बनाई। रोनाल्डो के प्रशंसक जॉर्जिया के सात नंबर जर्सी वाले कवारात्सखेलिया ने मैच से ठीक पहले अपने पसंदीदा खिलाड़ी से बात की। उन्हें रोनाल्डो की शर्ट भी तोहफे में मिली और इसी खिलाड़ी ने मैच में पहला गोल दाग दिया।

रोनाल्डो अभी तक इस टूर्नामेंट में एक भी गोल नहीं कर सके हैं। जॉर्जिया को नॉकआउट में पहुंचने के लिये यह मैच हर हालत में जीतना था । उसने 93वें सेकंड में बढत बना ली जब जार्जेस एम के पास पर कवारात्सखेलिया ने गेंद गोल के भीतर डाला। दूसरा गोल 57वें मिनट में जॉर्जेस मिकाउतात्जे ने दागा । पुर्तगाल ग्रुप एफ से पहले ही क्वालीफाई कर चुका है जबकि जॉर्जिया तीसरी सर्वश्रेष्ठ टीम के रूप में पहुंचा। अब उसका सामना स्पेन से होगा जबकि पुर्तगाल की टक्कर स्लोवेनिया से होगी।

राउंड ऑफ 16 के लिए बेल्जियम ने किया क्वालीफाई

बेल्जियम ने यूक्रेन से गोलरहित ड्रॉ खेलने के बाद यूरोपीय फुटबॉल चैम्पियनशिप के अंतिम 16 में प्रवेश कर लिया जबकि यूक्रेन चार अंक लेकर बाहर होने वाली ग्रुप की पहली टीम बन गई। बेल्जियम का सामना अब सोमवार को डसेलडोर्फ में अंतिम 16 के मुकाबले में फ्रांस और काइलियान एमबाप्पे से होगा। ग्रुप ई में सभी टीमों के चार अंक रहे लेकिन बेहतर गोल औसत के आधार पर रोमानिया शीर्ष, बेल्जियम दूसरे और स्लोवाकिया तीसरे स्थान पर रहा।

स्लोवाकिया और रोमानिया का मुकाबला ड्रॉ

रोमानिया ने स्लोवाकिया से 1 . 1 से ड्रॉ खेला और दोनों टीमों ने यूरोपीय फुटबॉल चैम्पियनशिप के नॉकआउट चरण में जगह बना ली । रोमानिया ग्रुप ई में बेहतर गोल औसत के आधार पर बेल्जियम से ऊपर शीर्ष पर रहा । स्लोवाकिया तीसरे स्थान पर रही । स्लोवाकिया के लिये 24वें मिनट में ओंडरेज डुडा ने हेडर पर गोल किया । वहीं रोमानिया के लिये रजवान मारिन ने 37वें मिनट में बराबरी का गोल किया। रोमानिया वर्ष 2000 के बाद पहली बार यूरो नॉकआउट में खेलेगा जहां उसका सामना नीदरलैंड से होगा। बेल्जियम की टक्कर फ्रांस से और इंग्लैंड का सामना स्लोवाकिया से होगा।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है। नीतिश कुमार मिश्र अपने पेशेवर लेखन के जरिए पाठकों को न सिर्फ सटीक खबरें, बल्कि गहन विश्लेषण के माध्यम से खेलों को और करीब से समझने का मौका भी देते हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version