Bengal Warriorz vs Dabang Delhi K.C. PKL 2025 Match 73 Preview: प्रो कबड्डी लीग 2025 के 73वें मैच में इस समय लीग टेबल की नंबर वन टीम दबंग दिल्ली K.C. और बंगाल वॉरियर्ज का आमना-सामना होगा। दिल्ली जहां जीत के साथ सीधे प्लेऑफ में जगह पक्की कर सकती है, वहीं बंगाल के लिए यह मुकाबला अस्तित्व के लिए लड़ाई जैसा है।
दिल्ली का प्रदर्शन अब तक शानदार रहा है। वह इस सीजन 12 में से 11 मुकाबले जीतकर लगभग अजेय नजर आए हैं। वहीं, बंगाल की टीम पूरी तरह अपने कप्तान धाकड़ देवांक पर निर्भर है, जिनके व्यक्तिगत प्रदर्शन ने टीम को कई बार सम्मानजनक स्थिति में पहुंचाया है।
मैच डिटेल्स
मैच: बंगाल वॉरियर्ज बनाम दबंग दिल्ली K.C., मैच 73, PKL 2025
तारीख: गुरुवार, 9 अक्टूबर 2025
समय: शाम 7:30 बजे
स्थान: SDAT मल्टी परपज़ इंडोर स्टेडियम, चेन्नई
लाइव: Star Sports Network और JioHotstar
लाइव स्कोर: prokabaddi.com या Pro Kabaddi Official App पर
जीत के साथ बनेगी PKL 12 प्लेऑफ में क्वालीफाई करने वाली पहली टीम बनेगी दबंग दिल्ली
दबंग दिल्ली K.C. सीजन 12 में अब तक सबसे संतुलित टीम साबित हुई है। कप्तान आशु मलिक के नेतृत्व में टीम ने लगातार 6 जीत दर्ज कीं, बीच में केवल एक हार झेली, और फिर दोबारा पांच जीतों की लकीर खींच दी।
टीम की सबसे बड़ी ताकत उसकी स्थिरता और दबाव के समय धैर्य बनाए रखना रहा है। दिल्ली ने कई मुकाबले आखिरी रेड या टाई-ब्रेक में जीतकर अपनी ‘क्लच’ टीम होने का सबूत दिया है।
टीम के कोच जोगिंदर नरवाल ने रणनीति और मनोबल दोनों स्तरों पर खिलाड़ियों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवाया है। 35 मैचों में 24 जीत और केवल 7 हार का रिकॉर्ड उन्हें लीग के सबसे सफल कोचों में शामिल करता है।
धाकड़ देवांक बनाम एजेंट आशु मलिक
इस मुकाबले की सबसे बड़ी कहानी होगी धाकड़ देवांक और एजेंट आशु मलिक के बीच का टकराव। दोनों ही हाल के सीजनों के टॉप रेडर रहे हैं। आशु मलिक ने PKL 10 में रेडिंग चार्ट में टॉप किया था, जबकि देवांक ने PKL 11 में यह उपलब्धि हासिल की थी।
देवांक ने इस सीज़न में अब तक हर मैच में सुपर 10 लगाया है। यह उपलब्धि किसी और रेडर के पास नहीं है। उन्होंने 10 मैचों में 181 रेड पॉइंट्स बनाए हैं, यानी औसतन 18.1 अंक प्रति मैच, जो PKL इतिहास में अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है।
दूसरी ओर, आशु मलिक ने 12 मैचों में 146 रेड पॉइंट्स जुटाए हैं और कई मुकाबलों में डू ऑर डाई रेड्स में टीम को बचाया है। दिल्ली की जीतों में उनका योगदान बेहद अहम रहा है।
देवांक के सामने दो ऐतिहासिक रिकॉर्ड
यह मुकाबला देवांक के लिए ऐतिहासिक साबित हो सकता है। अगर वे 13 रेड पॉइंट्स हासिल करते हैं, तो वे PKL इतिहास में सबसे तेज़ 500 रेड पॉइंट्स तक पहुंचने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे। वर्तमान रिकॉर्ड नवीन कुमार के नाम है (47 मैचों में)। इसके अलावा, यदि वह 19 पॉइंट्स जुटाते हैं, तो वह सीजन 12 में 200 रेड पॉइंट्स का आंकड़ा छूने वाले पहले रेडर बन जाएँगे।
इस मुकाबले में देवांक के लिए दिल्ली की मज़बूत डिफेंस लाइन को तोड़ना सबसे बड़ी चुनौती होगी , जिसका नेतृत्व ईरान के अनुभवी डिफेंडर फजल अत्राचली कर रहे हैं, जिन्हें PKL में ‘सुल्तान’ कहा जाता है।
देवांक के दम पर टिकी हैं बंगाल वॉरियर्ज की उम्मीदों के धागे
बंगाल वॉरियर्ज इस सीजन में निराशाजनक प्रदर्शन कर रही है। वह 10 मैचों में सिर्फ 3 जीत और 7 हार के साथ तालिका में 11वें स्थान पर है।
टीम की सबसे बड़ी कमजोरी उसका डिफेंस है। आंकड़ों के मुताबिक, जब टीम 12 या उससे अधिक टैकल पॉइंट्स अर्जित करती है, तब वह मुकाबले में बनी रहती है। लेकिन औसतन केवल 8 टैकल पॉइंट्स प्रति मैच के साथ बंगाल लीग की सबसे कमजोर डिफेंसिव टीमों में शामिल है।
उनके अलावा, डिफेंडर आशीष इस सीज़न में कुछ हद तक चमके हैं, जिन्होंने अब तक 9 मैचों में 33 टैकल पॉइंट्स हासिल किए हैं (50% सफलता दर)। वहीं राइट कॉर्नर नितेश कुमार और सेंटर हिमांशु नरवाल को अपनी भूमिका और मजबूत करनी होगी।
हालाँकि, रेडिंग विभाग पूरी तरह देवांक पर टिका है। मनप्रीत ने कुछ अच्छे प्रदर्शन किए हैं, लेकिन टीम को जीत के लिए रेडिंग यूनिट से संयुक्त प्रयास की जरूरत है।
दिल्ली की डिफेंस की दीवार सुल्तान फजल अत्राचली का कमाल
दिल्ली का डिफेंस इस सीजन में शानदार रहा है। फजल अत्राचली, सौरभ नंदल और सुरजीत सिंह की तिकड़ी ने मिलकर टीम को 47% की टैकल सफलता दर दिलाई है, जो लीग में सबसे बेहतर है।
फजल खुद 12 मैचों में 38 टैकल पॉइंट्स हासिल कर चुके हैं, जबकि सौरभ नंदल 34 पॉइंट्स के साथ लगातार योगदान दे रहे हैं। फजल खास तौर पर मैच के तीसरे क्वार्टर (21-30 मिनट) में सबसे ज्यादा प्रभावशाली रहे हैं, जहां उनका सफलता प्रतिशत 71% है। उनकी यह निरंतरता दिल्ली को हर मुकाबले में बढ़त दिलाने में मदद करती है।
दोनों टीमों की संभावित शुरुआती सेवन
बंगाल वॉरियर्ज:
राइट कॉर्नर – नितेश कुमार
राइट इन – देवांक (कप्तान)
राइट कवर – शिवांश ठाकुर
सेंटर – हिमांशु नरवाल
लेफ्ट कवर – प्रतीक
लेफ्ट इन – मनप्रीत
लेफ्ट कॉर्नर – आशीष
दबंग दिल्ली K.C.:
राइट कॉर्नर – सौरभ नंदल
राइट इन – अजिंक्य पवार
राइट कवर – सुरजीत सिंह
सेंटर – आशु मलिक (कप्तान)
लेफ्ट कवर – संदीप
लेफ्ट इन – नीरज नरवाल
लेफ्ट कॉर्नर – फजल अत्राचली
बंगाल वॉरियर्ज बनाम दबंग दिल्ली K.C. हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
दोनों टीमों के बीच अब तक 24 मुकाबले हुए हैं, जिनमें दिल्ली ने 11 और बंगाल ने 9 जीते हैं, जबकि 4 मैच टाई रहे हैं।
हालिया तीन मुकाबले दिल्ली ने लगातार जीते हैं, जिसमें इस सीज़न के पहले हाफ में 45–34 की 11 अंकों की बड़ी जीत भी शामिल है।
इस मुकाबले से क्या उम्मीद करें?
यह मुकाबला रणनीति और आत्मविश्वास का दिलचस्प संगम होगा। एक ओर दिल्ली की संतुलित और अनुभवी टीम है, जो जीत के साथ सीधे प्लेऑफ में पहुंचना चाहती है, वहीं दूसरी ओर बंगाल की टीम है जो अपने कप्तान देवांक की व्यक्तिगत क्षमता पर निर्भर है। अगर बंगाल के डिफेंडर इस बार लय में लौटे और देवांक को कुछ समर्थन मिला, तो मुकाबला रोमांचक बन सकता है।
हालांकि, वर्तमान फॉर्म और आंकड़ों के लिहाज से दबंग दिल्ली K.C. की टीम स्पष्ट रूप से मजबूत नजर आती है और उनके जीतने की संभावना सबसे अधिक है। लेकिन कबड्डी का खेल कई बार एक खिलाड़ी के दम पर भी पलट सकता है और वह खिलाड़ी इस बार धाकड़ देवांक हो सकते हैं।
प्रो कबड्डी लीग 2025 (PKL 2025) से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







