Monday, February 2

Jaipur Pink Panthers vs Dabang Delhi KC PKL 2025 Match 67 Preview: चेन्नई के SDAT मल्टी पर्पज़ इंडोर स्टेडियम में आज प्रो कबड्डी लीग 2025 का 67वां मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें जयपुर पिंक पैंथर्स का सामना मौजूदा टेबल टॉपर दबंग दिल्ली K.C. से होगा। दिल्ली ने अब तक सीजन में 10 में से 9 मैच जीते हैं और लगातार तीन जीत के साथ शानदार फॉर्म में है। वहीं, जयपुर को अपने पिछले मैच में पुणेरी पलटन से हार झेलनी पड़ी थी।

यह मुकाबला पूरी तरह युवा बनाम अनुभवी ताकतों का होगा। एक तरफ आशु मलिक की नेतृत्व वाली दिल्ली टीम है, तो दूसरी ओर युवा और उभरते खिलाड़ियों से सजी जयपुर टीम है, जो वापसी के लिए बेताब है।

मैच डिटेल्स

मैच: जयपुर पिंक पैंथर्स बनाम दबंग दिल्ली K.C., मैच 67, PKL 2025

तारीख: सोमवार, 6 अक्टूबर 2025

समय: शाम 7:30 बजे (भारतीय समयानुसार)

स्थान: SDAT मल्टी पर्पज इंडोर स्टेडियम, चेन्नई

लाइव प्रसारण: स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार पर

लाइव स्कोर और अपडेट: prokabaddi.com या प्रो कबड्डी ऐप पर

संभावित शुरुआती सेवन (Probable Starting 7)

जयपुर पिंक पैंथर्स

राइट कॉर्नर – दीपांशु खत्री

राइट इन – अली सामदी

राइट कवर – आशीष

सेंटर – नितिन कुमार

लेफ्ट कवर – रेजा मिरबाघेरी

लेफ्ट इन – साहिल सेठपाल

लेफ्ट कॉर्नर – नितिन रावल (कप्तान)

दबंग दिल्ली K.C.

राइट कॉर्नर – सौरभ नंदल

राइट इन – अजिंक्य पवार

राइट कवर – सुरजीत सिंह

सेंटर – आशु मलिक (कप्तान)

लेफ्ट कवर – संदीप

लेफ्ट इन – नीरज नरवाल

लेफ्ट कॉर्नर – फजल अत्राचली

दिल्ली की दबंगई जारी, टेबल पर सबसे ऊपर

दबंग दिल्ली K.C. इस सीज़न में अब तक किसी भी टीम के लिए चुनौती बन चुकी है। टीम ने 10 में से 9 मुकाबले जीतकर 90% की जीत दर हासिल की है। आशु मलिक की कप्तानी में टीम हर मैच में अलग स्तर का आत्मविश्वास दिखा रही है।

आशु मलिक, जिन्हें फैंस ‘एजेंट आशु’ कहकर बुलाते हैं, इस समय लीग के सबसे घातक रेडर हैं। उन्होंने अब तक 134 रेड प्वाइंट्स जुटाए हैं, जिनमें 8 सुपर 10 शामिल हैं। उनका औसत 13.4 पॉइंट्स प्रति मैच है, जो उन्हें टॉप रेडर्स की लिस्ट में रखता है।

पिछले तीन मुकाबलों में उन्होंने लगातार सुपर 10 लगाए हैं- यूपी योद्धा के खिलाफ 13 पॉइंट, हरियाणा स्टीलर्स के खिलाफ 15 और यू मुम्बा के खिलाफ शानदार 23 रेड पॉइंट्स। उनकी यह स्थिरता ही दिल्ली की सफलता की असली ताकत है।

आशु की खासियत यह है कि वह किसी भी स्थिति में पॉइंट निकालने की क्षमता रखते हैं। डू ऑर डाई रेड्स में तो उनका रिकॉर्ड लाजवाब है। उन्होंने अब तक 20 पॉइंट्स 118% स्ट्राइक रेट के साथ हासिल किए हैं, जो लीग में सबसे ज्यादा है।

अली सामदी की ऐतिहासिक परफॉर्मेंस

जयपुर के लिए पिछले मैच में सबसे बड़ी हाइलाइट रहे अली सामदी, जिन्होंने पुनेरी पलटन के खिलाफ अकेले दम पर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। उन्होंने उस मैच में 21 रेड पॉइंट्स और 1 टैकल पॉइंट लेकर कुल 22 पॉइंट्स हासिल किए, जो PKL इतिहास में किसी भी ईरानी खिलाड़ी द्वारा सबसे ज्यादा पॉइंट्स हैं।

अली की 95% स्ट्राइक रेट ने साबित किया कि वह हर रेड में आत्मविश्वास के साथ पॉइंट निकाल रहे थे। हालांकि, आखिरी पलों में सुपर टैकल में आउट होकर मैच हार गए, लेकिन उनके प्रदर्शन ने सबका दिल जीत लिया।

अब जब टीम के मुख्य रेडर नितिन चोट के चलते संदिग्ध हैं, तो अली सामदी पर फिर से जिम्मेदारी आएगी। दिल्ली की मजबूत डिफेंस, खासकर फज़ल अत्राचली जैसे दिग्गजों के खिलाफ उन्हें अपनी बेहतरीन फॉर्म जारी रखनी होगी।

“सुल्तान” फजल अत्राचली अब भी कबड्डी के बादशाह

कबड्डी में ‘सुल्तान’ के नाम मशहूर फजल अत्राचली ने इस सीज़न में भी अपनी दमदार पकड़ और सटीक टैकल्स से छाए हुए हैं। उन्होंने अब तक 31 टैकल पॉइंट्स (3.1 औसत) लिए हैं, जिनमें तीन हाई 5 शामिल हैं।

अत्राचली जयपुर के खिलाफ उनका रिकॉर्ड भी बेहद शानदार है। उन्होंने अब तक 21 मैचों में 54 टैकल पॉइंट्स के साथ 4 हाई 5 लगाए हैं। उनकी टैकल स्ट्राइक रेट 53% है, जो दर्शाता है कि वह अब भी किसी भी रेडर के लिए चुनौती बने हुए हैं।

उनकी जोड़ीदार सौरभ नंदल (26 टैकल पॉइंट्स) और सुरजीत सिंह (22 टैकल पॉइंट्स) भी बेहतरीन सहयोग दे रहे हैं, जिससे दिल्ली की डिफेंस एक ‘किला’ बन चुकी है।

जयपुर की डिफेंस का फेल होना चिंता का कारण

जयपुर पिंक पैंथर्स की डिफेंस, जो पहले कुछ मैचों में मजबूत नजर आई थी, पिछले मैच में पूरी तरह बिखर गई। पुनेरी पलटन के खिलाफ टीम ने 25 टैकल में सिर्फ 5 पॉइंट्स (20% स्ट्राइक रेट) हासिल किए, जो इस सीजन का सबसे खराब प्रदर्शन रहा।

पिछले छह मैचों के आंकड़ों से पता चलता है कि जब जयपुर की डिफेंस 10 या उससे ज्यादा टैकल पॉइंट्स लेती है, तो टीम मैच जीतती है, लेकिन जैसे ही डिफेंस कमजोर होती है, परिणाम हार में बदल जाता है।

मुख्य रक्षक आर्यन कुमार, रेज़ा मिरबाघेरी और दीपांशु खत्री पर जिम्मेदारी होगी कि वे इस मैच में वापसी करें। अब तक किसी भी जयपुर डिफेंडर ने हाई 5 नहीं लगाया है, जो टीम के लिए चिंताजनक आंकड़ा है।

नितिन धनखड़ की फिटनेस सबसे बड़ा सवाल

जयपुर के स्टार रेडर नितिन धनखड़ इस सीजन में करियर की सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं। उन्होंने 10 मैचों में 109 रेड पॉइंट्स जुटाए हैं, जिसमें 7 सुपर 10 शामिल हैं।

नितिन का दिल्ली के खिलाफ उनका रिकॉर्ड भी बेहतरीन रहा है। उन्होंने अब तक 4 मैचों में 51 रेड पॉइंट्स (65% स्ट्राइक रेट) लिए हैं। लेकिन हालिया चोट के बाद उनका खेलना अभी भी संशय में है।

अगर वह नहीं खेलते, तो अली सामदी पर फिर से पूरा भार रहेगा। हालांकि, सामदी की फॉर्म मजबूत है, लेकिन दिल्ली की अनुभवी डिफेंस के सामने यह काम आसान नहीं होगा।

दबंग दिल्ली K.C. हर विभाग में संतुलित टीम

दिल्ली की सफलता की सबसे बड़ी वजह उसका टीम बैलेंस है। जहां आशु मलिक रेडिंग में आग लगा रहे हैं, वहीं डिफेंस में फज़ल अत्राचली और सौरभ नंदल दीवार की तरह खड़े हैं।

संदीप की 41 असिस्ट्स और सुरजीत के 32 असिस्ट्स दिखाते हैं कि टीम के खिलाड़ी सिर्फ पॉइंट नहीं, बल्कि एक-दूसरे का बेहतरीन सहयोग भी दे रहे हैं।

दिल्ली के पिछले पांच मुकाबलों में से चार में उन्होंने विरोधी को 30 पॉइंट्स के अंदर रोका है, जो उनके रणनीतिक अनुशासन की मिसाल है।

जयपुर पिंक पैंथर्स बनाम दबंग दिल्ली KC हेड-टू-हेड रिकॉर्ड (Head-to-Head)

कुल मुकाबले: 25

जयपुर पिंक पैंथर्स: 12 जीत

दबंग दिल्ली K.C.: 10 जीत

टाई: 3

हालांकि, कुल रिकॉर्ड में जयपुर थोड़ा आगे है, लेकिन हाल के मुकाबले पूरी तरह दिल्ली के पक्ष में रहे हैं। दिल्ली ने पिछले तीन मुकाबले लगातार जीते हैं, जिनमें इस सीज़न का पहला मैच भी शामिल है जब उन्होंने 36–35 से जीत दर्ज की थी।

इस मुकाबले से क्या उम्मीद करें?

यह मैच डेविड बनाम गोलियाथ जैसा लग रहा है। एक तरफ टेबल टॉपर दबंग दिल्ली अपनी जीत की लय में हैं, जबकि दूसरी तरफ जयपुर पिंक पैंथर्स चोटों और अस्थिर फॉर्म से जूझ रही है।

अगर नितिन धनखड़ फिट होकर उतरते हैं, तो जयपुर की उम्मीदें कुछ बढ़ सकती हैं, लेकिन दिल्ली की मौजूदा फॉर्म और तालमेल को देखते हुए उनके खिलाफ जीतना मुश्किल दिख रहा है।

दिल्ली की टीम रेडिंग और डिफेंस, दोनों में संतुलित है, जबकि जयपुर के लिए सबसे बड़ी चुनौती अपनी डिफेंस को फिर से मजबूत करना होगी।

संभावित परिणाम (Prediction)

दिल्ली की टीम के पास अनुभव, फॉर्म और आत्मविश्वास तीनों हैं। वहीं जयपुर को अपने रेडर्स की चोट और डिफेंस की कमजोरी से जूझना पड़ रहा है। ऐसे में संभावना यही है कि दबंग दिल्ली K.C. अपनी चौथी लगातार जीत दर्ज करेगी, जबकि जयपुर को फिर हार का सामना करना पड़ सकता है।

प्रो कबड्डी लीग 2025 (PKL 2025) से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है। नीतिश कुमार मिश्र अपने पेशेवर लेखन के जरिए पाठकों को न सिर्फ सटीक खबरें, बल्कि गहन विश्लेषण के माध्यम से खेलों को और करीब से समझने का मौका भी देते हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version