प्रो कबड्डी लीग 2025 का 26वां मुकाबला सोमवार को विशाखापट्टनम के विश्वनाथ स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया, जहां यूपी योद्धाज और पुणेरी पलटन आमने-सामने थे। इस मुकाबले में पुणेरी पलटन ने शानदार रेड और टैकल प्रदर्शन के दम पर यूपी योद्धाज को 43-32 से हराकर बड़ी जीत दर्ज की। पुणेरी पलटन की टीम ने इस जीत के साथ अंक तालिका में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली, जबकि यूपी योद्धाज को सीजन में एक और हार का सामना करना पड़ा।
पहले हाफ में गगन गौड़ा और गुमान सिंह ने UP को दिलाई उम्मीद
मैच की शुरुआत बेहद तेज रही और पहले ही मिनटों में दोनों टीमों के रेडर्स ने अंक बटोरने शुरू कर दिए। यूपी की ओर से गगन गौड़ा ने दमदार रेड्स किए और सुपर रेड भी लगाई, जिससे टीम ने शुरुआती बढ़त हासिल की। गगन गौड़ा ने पहले हाफ में 8 बोनस पॉइंट्स समेत कुल 12 अंक जुटाए और अपनी टीम को मुकाबले में बनाए रखा।
गुमान सिंह ने भी कुछ बेहतरीन डू-ऑर-डाई रेड्स लगाकर यूपी के लिए अंक बटोरे। महेंद्र सिंह और हितेश ने डिफेंस में अहम योगदान दिया और विपक्षी रेडर्स को रोकने में सफल रहे। हालांकि, पुणेरी पलटन के अटैक ने लगातार दबाव बनाए रखा।
पुणेरी की ओर से आदित्य शिंदे और पंकज मोहिते ने मिलकर यूपी की डिफेंस लाइन को बार-बार तोड़ा। खासकर आदित्य शिंदे ने पहले हाफ में लगातार सफल रेड्स किए और पलटन को बढ़त दिलाई। पहले हाफ के अंत तक मुकाबला कड़ा रहा, लेकिन पुणेरी पलटन की टीम थोड़ी आगे निकल चुकी थी।
दूसरा हाफ में रहा पुणेरी पलटन का दबदबा
दूसरे हाफ में पुणेरी पलटन ने पूरी तरह से खेल पर पकड़ बना ली। डिफेंस में गौरव खत्री और विशाल भारद्वाज की जोड़ी ने यूपी के रेडर्स को लगातार असफल किया। गौरव खत्री ने कुल 5 टैकल पॉइंट्स हासिल किए, जबकि विशाल भारद्वाज और अबीनेश नडाराजन ने भी शानदार डिफेंस किया।
दूसरे हाफ के आठवें और सत्रहवें मिनट में पुणेरी पलटन ने यूपी योद्धाज को ऑल आउट कर दिया, जिससे मुकाबले में उनका दबदबा और बढ़ गया। इस दौरान आदित्य शिंदे और पंकज मोहिते ने तेज रेड्स से खूब अंक बटोरे। पंकज मोहिते ने एक सुपर रेड भी लगाई, जिसमें उन्होंने यूपी के चार खिलाड़ियों को आउट किया।
यूपी की ओर से गगन गौड़ा ने कोशिश जारी रखी, लेकिन उन्हें टीम का डिफेंस सपोर्ट नहीं कर पाया। गुमान सिंह ने आखिरी मिनटों में दो पॉइंट्स की रेड लगाई, लेकिन तब तक अंतर बहुत ज्यादा हो चुका था।
मैच के नतीजे और आंकड़े
अंत में स्कोरबोर्ड पर पुणेरी पलटन 43-32 से विजेता रही। दोनों टीमों ने रेड प्वाइंट्स बराबर (23-23) हासिल किए, लेकिन अंतर टैकल और ऑल आउट पॉइंट्स का रहा। पुणेरी ने 10 टैकल पॉइंट्स और 6 ऑल आउट पॉइंट्स हासिल किए, जबकि यूपी की टीम केवल 5 टैकल पॉइंट्स ही जुटा सकी और कोई ऑल आउट पॉइंट नहीं बना पाई।
यूपी की ओर से गगन गौड़ा ने सबसे ज्यादा 12 अंक जुटाए, जबकि गुमान सिंह ने 7 अंक बनाए। पुणेरी पलटन की ओर से आदित्य शिंदे 12 अंकों के साथ टॉप स्कोरर रहे, जबकि पंकज मोहिते ने 10 अंक जुटाए।
यह जीत पुणेरी पलटन के लिए अहम रही, क्योंकि टीम का रेड और डिफेंस दोनों विभाग मजबूत नजर आया। वहीं यूपी योद्धाज को अपने डिफेंस में सुधार करना होगा, वरना आगे की राह मुश्किल हो सकती है।
इस मुकाबले से पुणेरी पलटन ने साबित कर दिया कि वे इस सीजन की सबसे संतुलित टीमों में से एक हैं। उनकी डिफेंस यूनिट ने विपक्षी टीम को बांधे रखा और रेडर्स ने मौके का पूरा फायदा उठाया। दूसरी ओर यूपी योद्धाज का डिफेंस बार-बार बिखरता रहा, जिसकी वजह से टीम को मुकाबले में वापसी करने का मौका ही नहीं मिला।
यह हार यूपी की लगातार कमजोर डिफेंस की ओर इशारा करती है, जिसे सुधारना उनके लिए बेहद जरूरी है। वहीं पुणेरी पलटन इस जीत के साथ प्लेऑफ की ओर एक कदम और बढ़ा चुकी है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







