Tamil Thalaivas vs Dabang Delhi KC PKL 2025 Match 92 Report: दबंग दिल्ली K.C. ने एक बार फिर अपने दमदार प्रदर्शन से साबित किया कि वह सीजन की सबसे संतुलित टीमों में से एक है। तमिल थलाइवाज के खिलाफ मुकाबले में दिल्ली ने आशु मलिक की अनुपस्थिति में 37-31 की जीत दर्ज कर न केवल लगातार जीत का सिलसिला बरकरार रखा, बल्कि अपने 16वें मैच के बाद 13वीं जीत हासिल की। टीम अब 26 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर कायम है।
दूसरी ओर, तमिल थलाइवाज की मुश्किलें और बढ़ गईं। यह हार उनकी प्लेऑफ की उम्मीदों पर गहरा असर डाल गई, क्योंकि अब टीम 17 मैचों में सिर्फ 6 जीत और 12 अंकों के साथ आठवें स्थान पर है। थलाइवाज को अब लीग में सिर्फ एक मैच और खेलना है, जिससे वापसी की संभावना बेहद कम रह गई है। हालांकि, वह प्ले-इन के जरिए प्लेऑफ में पहुँचने की उम्मीदें को जरूर रखेंगे।
पहले हाफ में थलाइवाज ने की थी शुरुआत शानदार
मैच की शुरुआत तमिल थलाइवाज ने जबरदस्त जोश के साथ की। टीम के स्टार रेडर अर्जुन देशवाल पूरे पहले हाफ में छाए रहे। उन्होंने पहले 20 मिनट में ही विपक्षी डिफेंस को कई बार तोड़ा और कुल 11 पॉइंट्स हासिल किए। उनके साथ अभिराज पवार ने भी दिल्ली के खिलाफ आक्रामक रुख दिखाया।
पहले हाफ में थलाइवाज ने दो बार दबंग दिल्ली को ऑल आउट किया और स्कोरलाइन को करीब रखा। एक समय स्कोर 18-17 पर पहुंच गया था, जिससे मुकाबला रोमांचक हो गया।
दिल्ली की डिफेंस और नवीन की वापसी से खेल पलटा
दूसरे हाफ में दबंग दिल्ली की रणनीति पूरी तरह बदल गई। कप्तान फजल अत्राचली ने अपनी डिफेंस यूनिट को सटीक पोजीशनिंग दी और लगातार सफल टैकल्स से थलाइवाज के रेडर्स को रोका। फजल ने खुद 5 पॉइंट्स जुटाए, जबकि सौरभ नंदल और संदीप ने मिलकर विपक्ष को बार-बार रोका।
रेडिंग विभाग में नवीन कुमार ने बेहतरीन खेल दिखाया। उन्होंने अपनी पारंपरिक डुबकी और चपल मूवमेंट से विपक्षी कॉर्नर को बार-बार छकाया और 6 पॉइंट्स लेकर टीम को लीड दिलाई। साथ ही मोहित, नीरज नरवाल और सुरजीत सिंह ने भी डिफेंस को मजबूत बनाए रखा।
रेडिंग में अस्थिरता बनी तमिल थलाइवाज की हार की वजह
थलाइवाज के लिए अर्जुन देशवाल ने भले ही 11 पॉइंट्स जुटाए, लेकिन दूसरे हाफ में टीम की रेडिंग कमजोर पड़ गई। अभिराज पवार और मुईन शफाघी ने शुरुआती मिनटों में लय दिखाई, लेकिन दबंग दिल्ली की सॉलिड डिफेंस के सामने दोनों बार-बार असफल रहे। टीम ने कई डू ऑर डाई रेड्स गंवाए, जिससे मैच का मोमेंटम पूरी तरह दिल्ली की ओर चला गया।
दबंग दिल्ली का संतुलन बना उसकी ताकत
यह मुकाबला दिल्ली के लिए सिर्फ एक जीत नहीं, बल्कि उनके संतुलितकॉम्बिनेशन का प्रदर्शन था। टीम ने न केवल रेडिंग में बल्कि डिफेंस में भी एकजुटता दिखाई। फजल की कप्तानी, नवीन की रफ्तार और नंदल की सटीक टैकलिंग ने विरोधी टीम को बैकफुट पर ला दिया। दबंग दिल्ली ने आखिरकार 37-31 से मुकाबला जीतकर अपने प्लेऑफ स्थान को मजबूत किया।
दबंग दिल्ली अब लीग स्टेज में अपने शेष दो मैच खेलकर टॉप पर जाने की कोशिश करेगी। वहीं तमिल थलाइवाज के लिए अब स्थिति मुश्किल हो गई है। टीम को प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए प्ले-इन पर निर्भर रहना होगा।
प्रो कबड्डी लीग 2025 (PKL 2025) से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







