Wednesday, July 30

Top 10 Best Indian Kabaddi Players of All-Time: कबड्डी भारत का पारंपरिक खेल है, जिसने समय के साथ देश ही नहीं बल्कि दुनियाभर में अपनी पहचान बनाई है। इस खेल को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में भारतीय खिलाड़ियों का अहम योगदान रहा है। खासकर प्रो कबड्डी लीग (PKL) की शुरुआत के बाद इस खेल की लोकप्रियता और बढ़ी है।

इस लीग से कई दिग्गज खिलाड़ियों को पहचान मिली, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को गौरवान्वित किया। आइए जानते हैं उन 10 भारतीय कबड्डी खिलाड़ियों के बारे में, जिन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से इस खेल को ऊंचा मुकाम दिया।

ये हैं भारत के सर्वश्रेष्ठ 10 कबड्डी खिलाड़ी

10. मोहित चिल्लर

मोहित चिल्लर भारत के बेहतरीन डिफेंडर्स में गिने जाते हैं। उन्होंने अपनी दमदार पकड़ और टैकल से कई अहम मुकाबलों में टीम इंडिया को जीत दिलाने में मदद की। मोहित 2016 कबड्डी वर्ल्ड कप, 2017 एशियन कबड्डी चैंपियनशिप, 2018 दुबई कबड्डी मास्टर्स और 2018 एशियन गेम्स जैसी बड़ी प्रतियोगिताओं का हिस्सा रहे।

प्रो कबड्डी लीग में उनका डिफेंस भी कमाल का रहा। उन्होंने 109 मैचों में 277 टैकल पॉइंट्स, 18 हाई 5 और 23 सुपर टैकल किए।

9. संदीप नरवाल

संदीप नरवाल ने ऑलराउंडर के तौर पर कबड्डी में खास पहचान बनाई। वो डिफेंस और रेड दोनों में माहिर रहे। उनकी इसी काबिलियत के लिए उन्हें 2021 में अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। संदीप 2016 कबड्डी वर्ल्ड कप, 2017 एशियन चैंपियनशिप और 2018 दुबई कबड्डी मास्टर्स में भारत की स्वर्णिम जीत का हिस्सा रहे।

PKL में संदीप नरवाल ने 360 टैकल पॉइंट्स, 18 हाई 5 और 285 रेड पॉइंट्स अपने नाम किए। इसके अलावा वो पटना पाइरेट्स और दबंग दिल्ली को चैंपियन बनाने में भी अहम भूमिका निभा चुके हैं।

8. मनजीत चिल्लर

मनजीत चिल्लर का नाम भारत के सबसे सफल ऑलराउंडर्स में लिया जाता है। उन्हें 2015 में अर्जुन अवॉर्ड मिला। मनजीत ने 2010 और 2014 एशियन गेम्स में भारत को गोल्ड दिलाया। इसके अलावा 2014 एशियन इंडोर गेम्स, 2016 कबड्डी वर्ल्ड कप और 2018 दुबई कबड्डी मास्टर्स में भी भारत को गोल्ड मेडल दिलाने में उनका योगदान रहा।

PKL में मनजीत चिल्लर का प्रदर्शन भी शानदार रहा। उन्होंने लगभग 400 टैकल पॉइंट्स और 220 रेड पॉइंट्स हासिल किए।

7. दीपक निवास हुड्डा

दीपक निवास हुड्डा एक शानदार ऑलराउंडर रहे हैं। वो 2016 साउथ एशियन गेम्स और 2016 कबड्डी वर्ल्ड कप में गोल्ड मेडल जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। दीपक ने एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली टीम की कप्तानी भी की।

PKL में दीपक हुड्डा ने 1020 रेड पॉइंट्स और 99 टैकल पॉइंट्स हासिल किए। उनकी निरंतरता ने उन्हें लीग के टॉप ऑलराउंडर्स में शामिल किया।

6. जसवीर सिंह

जसवीर सिंह को उनके अनोखे रेडिंग स्टाइल के लिए जाना जाता है। उन्होंने 2014 एशियन गेम्स और 2016 वर्ल्ड कप में भारत को गोल्ड मेडल दिलाया। 2017 में उन्हें अर्जुन अवॉर्ड मिला। PKL के पहले सीजन में जसवीर ने जयपुर पिंक पैंथर्स को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई।

PKL में जसवीर सिंह ने 380 रेड पॉइंट्स, 7 सुपर 10 और 32 टैकल पॉइंट्स हासिल किए।

5. पवन सेहरावत

पवन सेहरावत को ‘हाई-फ्लायर’ कहा जाता है। वो मौजूदा भारतीय टीम के कप्तान भी हैं। पवन ने 2023 एशियन कबड्डी चैंपियनशिप और 2022 एशियन गेम्स में भारत को गोल्ड मेडल दिलाया। इसके अलावा 2019 साउथ एशियन गेम्स में भी उन्होंने गोल्ड जीता।

PKL में पवन सेहरावत का रिकॉर्ड कमाल का है। उन्होंने 1318 रेड पॉइंट्स, 70 सुपर 10 और 44 सुपर रेड्स पूरे किए। इसके अलावा 70 टैकल पॉइंट्स और 2 हाई 5 भी उनके नाम हैं।

4. प्रदीप नरवाल

प्रदीप नरवाल को ‘डुबकी किंग’ कहा जाता है। उनका नाम प्रो कबड्डी लीग के सबसे सफल रेडर्स में सबसे ऊपर है। प्रदीप ने 2016 कबड्डी वर्ल्ड कप, 2017 एशियन कबड्डी चैंपियनशिप, 2018 दुबई कबड्डी मास्टर्स और 2019 साउथ एशियन गेम्स में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता।

PKL में प्रदीप नरवाल ने 1800 से ज्यादा रेड पॉइंट्स, 88 सुपर 10 और 82 सुपर रेड्स किए हैं। इसके साथ ही वे PKL के इतिहास में सबसे ज्यादा रेड पॉइंट्स लेने वाले खिलाड़ी हैं।

3. राकेश कुमार

राकेश कुमार भारतीय कबड्डी के सबसे अनुभवी और सम्मानित खिलाड़ियों में शामिल हैं। उन्होंने 2011 में अर्जुन अवॉर्ड प्राप्त किया। राकेश ने 2006, 2010 और 2014 एशियन गेम्स में भारत को गोल्ड मेडल जिताया। उनके पास दो वर्ल्ड कप गोल्ड मेडल भी हैं।

PKL के पहले सीजन में वो सबसे महंगे खिलाड़ी रहे थे। उन्होंने PKL में 186 रेड पॉइंट्स और 74 टैकल पॉइंट्स लिए।

2. अजय ठाकुर

अजय ठाकुर भारत के शानदार रेडर्स में गिने जाते हैं। उन्हें 2019 में अर्जुन अवॉर्ड और पद्म श्री से सम्मानित किया गया। अजय ने 2016 वर्ल्ड कप, 2014 एशियन गेम्स, 2018 दुबई कबड्डी मास्टर्स और 2017 एशियन चैंपियनशिप में भारत को गोल्ड दिलाने में अहम योगदान दिया।

PKL में अजय ठाकुर ने 794 रेड पॉइंट्स, 29 सुपर 10 और 23 सुपर रेड्स पूरे किए। वर्तमान में वो प्रो कबड्डी लीग में पुनेरी पल्टन के कोच हैं।

1. अनूप कुमार

अनूप कुमार भारतीय कबड्डी के सबसे सफल और प्रेरणादायक खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने 2006 साउथ एशियन गेम्स, 2008 एशियन बीच गेम्स, 2009 एशियन इंडोर गेम्स, 2010 और 2014 एशियन गेम्स, 2016 साउथ एशियन गेम्स और 2016 वर्ल्ड कप में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीते।

उन्हें 2012 में अर्जुन अवॉर्ड मिला। PKL में अनूप कुमार ने 527 रेड पॉइंट्स, 13 सुपर 10, 17 सुपर रेड्स और 69 टैकल पॉइंट्स हासिल किए। साथ ही वो PKL सीजन 2 में यू मुम्बा को चैंपियन भी बना चुके हैं।

Share.

नीतिश कुमार मिश्र (Neetish Kumar Mishra) एक अनुभवी स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट हैं, जो खेलों की दुनिया की बारीकियों को समझने और उसे सरल, सटीक और प्रभावशाली अंदाज में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वे क्रिकेट, फुटबॉल, टेनिस और अन्य खेलों की गहरी समझ के साथ, खेल समाचार, आंकड़े, मैच प्रीव्यू, हेड टू हेड रिकॉर्ड और फैंटेसी 11 प्रेडिक्शन में महारत रखते हैं। उनकी लेखनी का उद्देश्य पाठकों को ताजा और सटीक जानकारियों के साथ अपडेट रखना है।

Leave A Reply

Exit mobile version