72वीं राष्ट्रीय सीनियर पुरुष कबड्डी चैंपियनशिप का आयोजन 24 से 27 फरवरी 2026 के बीच गुजरात के वडोदरा शहर में किया जाएगा। मुकाबले न्यू समा रोड स्थित एसएजी(SAG) इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले जाएंगे। इस प्रतियोगिता की जिम्मेदारी एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया (AKFI) ने संभाली है।
इस टूर्नामेंट में राज्यों के अलावा इंडियन रेलवे और सर्विसेज़ की 35 टीमें भी हिस्सा ले सकती हैं, जिससे यह देश के सबसे बड़े कबड्डी आयोजनों में शामिल होगा। राष्ट्रीय घरेलू कबड्डी कैलेंडर का अहम हिस्सा होने के कारण यह चैंपियनशिप राज्य स्तर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतरीन अवसर देती है।
गुजरात कबड्डी एसोसिएशन के आयोजन सचिव तुषार आरोथे ने कहा, “इस वर्ष की राष्ट्रीय सीनियर पुरुष कबड्डी चैंपियनशिप की मेजबानी करना हमारे लिए गर्व की बात है। हम देशभर की सर्वश्रेष्ठ टीमों का वडोदरा में स्वागत करने के लिए सम्मानित महसूस कर रहे हैं। हमें खुशी है कि SportVot इस टूर्नामेंट का लाइव स्ट्रीमिंग करेगा, जिससे देशभर के समर्थकों को हमारे खिलाड़ियों के जुनून और कौशल को रियल टाइम में देखने का अवसर मिलेगा। यह सहयोग न केवल कबड्डी की भावना का उत्सव है, बल्कि हमारे जमीनी स्तर के नायकों को राष्ट्रीय दर्शकों के और करीब लाता है।”
राष्ट्रीय सीनियर पुरुष कबड्डी चैंपियनशिप 2026 कहाँ देखें?
SportVot ऐप पर राष्ट्रीय सीनियर पुरुष कबड्डी चैंपियनशिप 2026 के मैच लाइव प्रसारित किया जाएगा। फैंस इन रोचक मुकाबलो का लाइव आनंद ले सकते हैं।
SportVot के संस्थापक और सीईओ सिद्धांत अग्रवाल ने कहा, “कबड्डी भारत की खेल संस्कृति में गहराई से जुड़ी हुई है, और इस तरह की राष्ट्रीय चैंपियनशिप ही खेल के भविष्य को आकार देती हैं। राष्ट्रीय सीनियर पुरुष कबड्डी चैंपियनशिप का डिजिटलीकरण और लाइव-स्ट्रीमिंग करके, हमारा उद्देश्य खिलाड़ियों को वह पहचान देना है जिसके वे हकदार हैं और प्रशंसकों को खेल की तीव्रता के अनुरूप अनुभव प्रदान करना है। यह एक बड़ा मंच है, और हमारा मानना है कि निरंतर कवरेज अगली कबड्डी विरासत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।”
पहली बार, भारत के सबसे प्रतिष्ठित घरेलू कबड्डी टूर्नामेंटों में से एक का देशभर में लाइव प्रसारण किया जाएगा, जिससे प्रशंसक SportVot ऐप के माध्यम से मुकाबलों का आनंद ले सकते हैं। हरियाणा पिछली बार के शानदार प्रदर्शन के बाद अपने खिताब की रक्षा के लिए वापसी करेगा।







