Most 300-plus totals in a Test series: भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही 2025 की टेस्ट सीरीज़ भले ही रोमांचक रही हो, लेकिन इस सीरीज़ ने आंकड़ों के लिहाज से भी नया इतिहास रच दिया है। इस सीरीज़ में अब तक दोनों टीमों ने मिलकर कुल 13 बार 300 या उससे ज्यादा का स्कोर खड़ा किया है, जो टेस्ट क्रिकेट इतिहास में किसी एक सीरीज़ में सबसे ज़्यादा 300+ स्कोर के मामले में संयुक्त रूप से दूसरा स्थान है।
ओवल में खेले जा रहे पाँचवें टेस्ट मैच में दोनों टीमें अपनी-अपनी पहली पारी में 250 का आंकड़ा भी नहीं पार कर सकी। इसके बाद भारत ने अपनी दूसरी पारी में यशस्वी जायसवाल (118) और आकाश दीप (66) की शानदार पारियों की बदौलत 300 से ज्यादा का स्कोर बनाया। यह इस सीरीज में ओवरऑल 13वां 300+ टोटल रहा।
इससे पहले 1993 की एशेज सीरीज़ और 1975-76 में वेस्टइंडीज़ और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली गई सीरीज़ में भी 13-13 बार 300+ का आंकड़ा पार किया गया था। अब भारत और इंग्लैंड की 2025 टेस्ट सीरीज़ ने भी इस क्लब में अपनी जगह बना ली है।
सिर्फ 1928/29 की एशेज सीरीज़ है इस रिकॉर्ड से आगे
टेस्ट इतिहास में अब तक केवल एक ही सीरीज़ है जिसमें इससे ज़्यादा बार टीमें 300 से ऊपर पहुंचीं थीं। 1928/29 की एशेज सीरीज़ में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की टीमों ने मिलकर कुल 14 बार 300 से ज्यादा रन बनाए थे।
भारत और इंग्लैंड की यह मौजूदा सीरीज़ अब ठीक उसके बाद दूसरे स्थान पर है, और यह बात इस बात को और भी ख़ास बनाती है कि यह उपलब्धि आधुनिक दौर के कठिन टेस्ट क्रिकेट में हासिल हुई है, जहां तेज़ गेंदबाज़ों की चुनौती और लगातार मैच शेड्यूल बल्लेबाज़ों की परीक्षा लेते हैं।
बल्लेबाज़ों का दबदबा, गेंदबाज़ों की परीक्षा
2025 की यह सीरीज़ पूरी तरह बल्लेबाज़ों के नाम रही है। शुभमन गिल, केएल राहुल, ऋषभ पंत, यशस्वी जायसवाल, जो रूट, बेन स्टोक्स और शुभमन गिल जैसे नामों ने कई पारियों में 300+ के आंकड़े तक टीम को पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। दूसरी तरफ, गेंदबाज़ों को विकेट निकालने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी, और यह कारण रहा कि टीमें बार-बार बड़े स्कोर तक पहुंच पाईं।
इतना ज़रूर है कि इस रिकॉर्ड ने ना सिर्फ सीरीज़ को ऐतिहासिक बना दिया है, बल्कि यह आने वाले वर्षों में तुलना के लिए एक नया मापदंड भी बन गया है।
क्या यह रिकॉर्ड टूट सकता है?
सीरीज़ में अभी दो दिन का खेल बाकी है और भारत दूसरी पारी में अच्छी बढ़त ले चुका है। अगर आखिरी दिन इंग्लैंड की टीम एक बार फिर 300 के आंकड़े को पार कर जाती है, तो यह सीरीज़ टेस्ट इतिहास की संयुक्त रूप से सबसे ज़्यादा 300+ स्कोर वाली सीरीज़ बन जाएगी।
भारत और इंग्लैंड की इस टेस्ट सीरीज़ को क्रिकेट इतिहास में लंबे समय तक याद किया जाएगा, न सिर्फ रोमांच के लिए बल्कि इसके आंकड़ों के लिए भी। एक सीरीज़ में 13 बार 300+ का स्कोर अपने-आप में एक बड़ी उपलब्धि है, जो इस बात को दर्शाता है कि टेस्ट क्रिकेट अभी भी कितना ज़िंदा और प्रतिस्पर्धी है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

