Who is Aryaveer Kohli?: दिल्ली प्रीमियर लीग 2025 में इस बार कई युवा और उभरते खिलाड़ियों को मौका मिला है, लेकिन जिन पर सबसे ज्यादा निगाहें टिकी हुई हैं, वह हैं विराट कोहली के भतीजे आर्यवीर कोहली। सिर्फ 15 साल की उम्र में दिल्ली क्रिकेट में पहचान बना चुके आर्यवीर अब साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज (SDS) की ओर से टूर्नामेंट में खेल रहे हैं। वह पहले ही अपने प्रदर्शन और क्रिकेटिंग सोच से कई दिग्गजों को प्रभावित कर चुके हैं।
विराट कोहली के परिवार से, लेकिन अलग पहचान बनाने की कोशिश
आर्यवीर कोहली, पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली के बड़े भाई विकास कोहली के बेटे हैं। हालांकि, अभी तक उन्होंने दिल्ली की अंडर-16 या अंडर-19 टीमों के लिए प्रतिनिधित्व नहीं किया है, लेकिन वेस्ट दिल्ली क्रिकेट एकेडमी और राजकुमार शर्मा जैसे कोचों से ट्रेनिंग पाने के चलते उनकी नींव काफी मजबूत है। यही वजह रही कि DPL 2025 ऑक्शन में SDS ने 1 लाख रूपये की बोली लगाकर उन्हें अपनी टीम में शामिल किया।
शेन वॉर्न को मानते हैं आदर्श, लेग स्पिन है मुख्य हथियार
आर्यवीर कोहली एक राइट-आर्म लेग स्पिनर हैं और वह ऑस्ट्रेलिया के महान गेंदबाज़ शेन वॉर्न को अपना आदर्श मानते हैं। उनकी गेंदबाजी में विविधता, रन अप में संतुलन और दाएं हाथ के बल्लेबाजों को फंसाने की कला पहले से ही देखने को मिल रही है।
पूर्व भारतीय चयनकर्ता सरनदीप सिंह ने भी आर्यवीर के खेल को नजदीक से देखा है और उन्हें तकनीकी रूप से सक्षम और मानसिक रूप से संतुलित युवा खिलाड़ी बताया है। सबसे बड़ी बात यह है कि वह अपने परिवार के बड़े नाम का दबाव खुद पर हावी नहीं होने दे रहे हैं।
DPL 2025 में कर रहे हैं डेब्यू, बड़े नामों के साथ सीख रहे हैं खेलना
दिल्ली प्रीमियर लीग 2025 की शुरुआत हो चुकी है और आर्यवीर अब साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज के लिए मैदान पर उतर चुके हैं। इस टीम की कमान आयुष बडोनी के हाथों में है, जो आईपीएल फ्रेंचाइज़ी लखनऊ सुपरजायंट्स के लिए खेल चुके हैं। टीम में उनके साथ आईपीएल लेग स्पिनर दिग्वेश राठी भी मौजूद हैं, जिन्होंने खुद भी डीपीएल के पहले सीजन के बाद आईपीएल में जगह बनाई थी।
आर्यवीर अब इन्हीं अनुभवी खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा कर रहे हैं और उनके अनुभवों से सीख रहे हैं। यह उनके लिए न सिर्फ करियर की शुरुआत है, बल्कि प्रोफेशनल क्रिकेट को समझने और मानसिक रूप से खुद को तैयार करने का शानदार मौका भी है।
क्रिकेट का सपना, लेकिन अलग अंदाज में
जहां उनके चाचा विराट कोहली ने क्रिकेट में पहचान बल्ले से बनाई, वहीं आर्यवीर गेंदबाजी को अपना हथियार बना रहे हैं। ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों को यह देखना दिलचस्प रहेगा कि क्या यह युवा लेग स्पिनर अपने चाचा की विरासत को गेंदबाज़ी के जरिए आगे बढ़ा पाएगा।
DPL बना लॉन्चपैड, दिल्ली क्रिकेट को मिला नया चेहरा
दिल्ली प्रीमियर लीग अब महज एक लोकल टूर्नामेंट नहीं रहा। इसके पहले सीजन को 35 मिलियन व्यूज़, 1,084 मिलियन मिनट्स का वॉच टाइम और 240 मिलियन सोशल मीडिया इंप्रेशन्स मिले थे। यही वजह है कि इस बार इसका स्केल और बड़ा किया गया है और आर्यवीर कोहली जैसे यंग टैलेंट्स को एक बड़ा मंच दिया गया है।
DDCA अध्यक्ष रोहन जेटली ने भी इस मौके पर कहा था कि इस लीग का मकसद दिल्ली और देश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच देना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
आर्यवीर कोहली ने सिर्फ 15 साल की उम्र में जिस तरह DPL जैसे प्रतिष्ठित मंच पर जगह बनाई है, वह बताता है कि वह सिर्फ विराट कोहली के भतीजे नहीं हैं, बल्कि एक अलग पहचान गढ़ने की क्षमता भी रखते हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वह इस मंच पर अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं और फैंस का दिल जीत पाएंगे।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

