टीम इंडिया के उपकप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत ने क्रिकेट में फिर से वापसी की तरफ कदम बढ़ा दिए हैं। वो काफी समय से क्रिकेट से दूर चल रहे थे, लेकिन अब उन्हें चलने में दिक्कत नहीं हो रही है।
वो अब सही से चल पा रहे हैं, जो कि उनके लिए अच्छा संकेत है और वो जल्द ही बीसीसीआई के सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस में जाकर रिहैब शुरू करेंगे।
क्रिस वोक्स की गेंद पर हुए थे चोटिल

आपको बता दें कि ऋषभ पंत को इंग्लैंड के खिलाफ चौथे मैच के दौरान पहले दिन इंग्लिश तेज़ गेंदबाज़ क्रिस वोक्स की गेंद लगी थी। दरअसल, वो वोक्स की फुलिश बॉल को रिवर्स मारने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन वो उसको कनेक्ट करने में सफल नहीं हुए थे और वह सीधे उनके पैर में लगी थी।
Also Read: ऋषभ पंत ने रचा इतिहास, बने SENA देशों में 2000 रन बनाने वाले पहले एशियाई विकेटकीपर
जिसके बाद वो चल भी नहीं पा रहे थे और उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया था, जहाँ उनके स्कैन्स कराए गए थे। रिपोर्ट आने के बाद पता चला था कि उन्हें फ्रैक्चर है और वो लंबे समय तक बाहर रहेंगे।
चोट के चलते ओवल टेस्ट किया था मिस
हालाँकि अगले दिन दर्द में आकर उन्होंने बल्लेबाज़ी भी की थी, लेकिन वो कुछ ख़ास नहीं कर सके थे। ऋषभ ओवल में हुए आखिरी मैच में नहीं खेल पाए थे और उनकी जगह पर ध्रुव जुरेल को मौका दिया गया था।
तब से यह धाकड़ विकेटकीपर बल्लेबाज़ के पैर में प्लास्टर बंधा हुआ था। हालाँकि अब वो हट गया है और वो जल्द ही रिहैब शुरू कर देंगे।
सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस में जल्द शुरू करेंगे रिहैब
दरअसल, ऋषभ पंत बीसीसीआई के हाल ही में नए बने सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस में जाएंगे, जहाँ मौजूद डॉक्टर और फिजियो के साथ वो रिहैब की प्रक्रिया को शुरू करेंगे। उनकी नज़र अगले महीने शुरू हो रही वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज़ पर है।
तब तक वो पूरी तरह से फिट होकर वापसी करना चाहेंगे। वो टेस्ट टीम का अहम हिस्सा हैं और उनकी निगाह वनडे टीम में भी जगह बनाने पर है। क्योंकि, अगले महीने ही टीम इंडिया को व्हाइट बॉल सीरीज़ के लिए ऑस्ट्रेलिया जाना है।
ऋषभ का फिट होना टीम इंडिया के लिए ज़रूरी
यह पहला मौका नहीं है जब वो एनसीए में रिहैब करेंगे। इसके पहले भी वो वहाँ पर जा चुके हैं। साल 2023 में अपने कार एक्सीडेंट के बाद उन्होंने वहाँ पर काफी समय बिताया था, जिसके बाद वो पूरी तरह से फिट भी हो गए थे। पंत का पूरी तरह से फिट होना टीम इंडिया के लिए बेहद ज़रूरी है। क्योंकि, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुँचने के लिए उन्हें अपने घर में होने वाले सभी मैच जीतना ज़रूरी है।

