Satwik-Chirag Pair Reached Into the Semifinals of China Masters 2025: भारत की स्टार बैडमिंटन जोड़ी सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने चीन मास्टर्स 2025 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। शुक्रवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में इस भारतीय जोड़ी ने चीन की रेन जिआंग यू और शिए हाओनान की जोड़ी को सीधे गेम में 21-14, 21-14 से हराया। यह मुकाबला शेन्ज़ेन एरेना में खेला गया और सिर्फ 37 मिनट तक चला।
जोरदार शुरुआत के साथ जीता पहला गेम
मुकाबले की शुरुआत में सात्विक और चिराग ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए लगातार सात अंक लेकर 7-0 की बढ़त बना ली। हालांकि कुछ गलतियों के चलते चीनी जोड़ी ने स्कोर 3-8 तक पहुंचाया, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी लय बनाए रखी और इंटरवल तक 11-5 से आगे रहे। इसके बाद चिराग शेट्टी के फ्लिक सर्व और सटीक स्मैश ने स्कोर 17-10 कर दिया। एक लंबी रैली में चीनी खिलाड़ी का शॉट बाहर जाने के बाद भारतीय टीम पहले गेम में 21-14 से विजेता रही।
दूसरे गेम में भी भारतीय जोड़ी रही हावी
दूसरे गेम की शुरुआत में मुकाबला थोड़ा कांटे का रहा और स्कोर 7-7 से बराबर रहा। लेकिन इंटरवल तक सात्विक और चिराग 11-9 की बढ़त बनाने में सफल रहे। इसके बाद भारतीय जोड़ी ने और तेजी से खेलना शुरू किया। चिराग शेट्टी ने लगातार दो स्मैश लगाकर स्कोर 19-13 कर दिया और अंत में पहला ही मैच प्वॉइंट बदलते हुए जीत दर्ज की।
इस साल सातवीं बार सेमीफाइनल में पहुँची सात्विक-चिराग की जोड़ी
यह इस साल का सातवां सेमीफाइनल है, जिसमें सात्विक-चिराग की जोड़ी ने जगह बनाई है। इस मुकाबले के बाद सात्विक रेंकीरेड्डी ने कहा, “हमारा आत्मविश्वास लगातार बढ़ रहा है। हम यहां काफी सहज महसूस कर रहे थे। अच्छी बात यह है कि हम बैक-टू-बैक टूर्नामेंट बिना किसी बड़ी चोट के खेल पा रहे हैं। हमारी टीम का प्रदर्शन शानदार रहा और हम अपने खेल से खुश हैं।”
हांगकांग ओपन में हार के बाद वापसी
गौरतलब हो कि, कुछ दिन पहले ही इस भारतीय जोड़ी ने हांगकांग ओपन 2025 में अपना पहला फाइनल खेला था, जहां उन्हें चीन के ओलंपिक रजत मेडल विजेता लिआंग वेई कंग और वांग चांग के खिलाफ 21-19, 14-21, 17-21 से हार का सामना करना पड़ा था। यह मुकाबला 61 मिनट तक चला था और कड़ी टक्कर देखने को मिली थी।
अगला मुकाबला और खिताब की उम्मीद
चीन मास्टर्स 2025 के सेमीफाइनल में सात्विक और चिराग का सामना मलेशिया की प्रसिद्ध जोड़ी आरोन चिया और सोह वू यिक से होगा। यह मुकाबला काफी रोमांचक रहने की उम्मीद है, क्योंकि इन दोनों जोड़ियों के बीच पहले भी कई बार कड़ी टक्कर देखने को मिल चुकी है।
मुकाबले से पहले चिराग शेट्टी ने कहा, “जब हम एक फाइनल खेलते हैं तो उसके बाद लगातार फाइनल खेलते हैं। इस साल हमने कई सेमीफाइनल खेले हैं और पिछले हफ्ते फाइनल खेला था। उम्मीद है कि इस बार हम खिताब जीतकर सीजन में अपनी पहली ट्रॉफी हासिल करेंगे।”
वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी मेडल
इससे पहले सात्विक और चिराग ने इस साल वर्ल्ड चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रचा था। इस प्रदर्शन के बाद से ही उनका आत्मविश्वास और खेल का स्तर लगातार ऊंचा होता जा रहा है।
बैडमिंटन की ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

