भारत ने क्रिकेट की दुनिया को कई शानदार बल्लेबाज दिए हैं। इनमें सचिन तेंदुलकर, सुनील गावस्कर, कपिल देव, महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इन सभी खिलाड़ियों ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से सबको अपना हुनर दिखाया है। भारतीय टीम हमेशा अपनी मजबूत बल्लेबाजी के लिए जानी जाती है। आज हम आपको उन खिलाड़ियों के बारे में बतायंगे, जिन्होंने भारत के लिए टेस्ट, वनडे और टी20 में सबसे पहले शतक बनाया था।
तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी
टेस्ट क्रिकेट में पहला शतक (1933)

भारत के लिए इंटरनेशनल टेस्ट मैच में पहला शतक लाला अमरनाथ ने लगाया था। उन्होंने साल 1933 में इंग्लैंड के खिलाफ 118 रनों की पारी खेली थी। तब उन्होंने 185 मिनट की अपनी पारी में 21 चौके लगाए थे। अमरनाथ ने भारत के लिए 24 टेस्ट मैच खेलते हुए 24.38 की औसत से 878 रन बनाए। टेस्ट क्रिकेट में इनका हाईस्कोर 118 रन है।
वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट पहला शतक (1983)

भारत के लिए वनडे (ODI) क्रिकेट में पहला शतक (100 रन) कपिल देव ने बनाया था। उन्होंने 1983 के वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ 175 रन बनाए थे। इस पारी में उन्होंने 138 गेंदें खेलीं, 16 चौके और 6 ऊँचे छक्के मारे थे। उनकी इस शानदार बल्लेबाज़ी से भारत को इस मैच में जीत मिली थी। कपिल देव ही उस समय टीम के कप्तान थे, और उन्हीं की कप्तानी में भारत ने 1983 का वर्ल्ड कप जीता था। वनडे क्रिकेट में कपिल देव सबसे बड़ा स्कोर 175* का है।
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पहला शतक (2010)

भारत के लिए इंटरनेशनल टी20 मैच में पहला शतक सुरेश रैना ने बनाया था। उन्होंने 2010 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 60 गेंदों में 101 रन बनाए थे। इस पारी में उन्होंने 9 चौके और 5 छक्के लगाए थे। सुरेश रैना को टी20 क्रिकेट के बेहतरीन खिलाड़ियों में गिना जाता है। टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में रैना का हाईएस्ट स्कोर 101 रन है।

